सागर की मोतीनगर थाना पुलिस ने शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर मारपीट करने वाले स्थाई वारंटी को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने अपराध करना स्वीकार किया है। मामले में उसका एक साथी फरार है। जिसकी पुलिस तलाश कर रही है। पुलिस के अनुसार, फरियादी प्रकाश पिता प्रताप पटेल उम्र 24 वर्ष निवासी सूबेदार वार्ड ने मोतीनगर थाने में शिकायत की थी। शिकायत में बताया कि 13 जनवरी की रात करीब 10.30 बजे वह गुलाब बाबा मंदिर रोड सूबेदार वार्ड स्थित अपनी दुकान पर ऑटो खड़ा कर अपने दोस्त अंकित साहू और बंटी आठिया के साथ घर जा रहा था। तभी दुकान के पास नीरज कोरी और पवन कोरी मिले। नीरज कोरी ने शराब पीने के लिए 100 रुपए की मांग की। फरियादी ने रुपए देने से मना कर दिया। इसी बात को लेकर आरोपियों ने गालीगलौज करते हुए ईंट उठाकर मारपीट की। मारपीट में फरियादी घायल हुआ। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच में लिया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगाई गई। टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी नीरज कोरी पिता चंद्रहास कोरी उम्र 26 वर्ष निवासी संतकबीर वार्ड सागर को गिरफ्तार किया। थाने लाकर पूछताछ की गई। मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह ने बताया कि मारपीट के आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी नीरज का एक अन्य मामले में न्यायालय से स्थाई वारंटी जारी हुआ था। वारंटी में भी आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया है। आरोपी नीरज के खिलाफ पूर्व से 3 अपराध दर्ज हैं। वारदात में शामिल आरोपी पवन कोरी फरार है। जिसकी तलाश की जा रही है। .