Last Updated:
Farmer Panna Ram Chaudhary Success Story: बाड़मेर जिले के खडीन गांव के किसान पन्नाराम चौधरी ने बाजरे के लड्डू बनाकर सफलता की नई कहानी लिखी है. कभी जिस आइडिया पर लोग हंसते थे, आज वही विदेशों तक पहुंच रहा है. रामसर ऑर्गेनिक प्रोड्यूसर लिमिटेड के जरिए उन्होंने पौष्टिक और स्वादिष्ट लड्डू तैयार किए, जो तीन महीने तक खराब नहीं होते. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी मन की बात में उनके प्रयास की सराहना की. आज उनकी कंपनी से 902 महिलाएं जुड़ी हैं और 600 से 800 रुपये किलो तक लड्डू बिक रहे हैं. यह कहानी नवाचार और आत्मविश्वास की मिसाल है.
बाड़मेर. कभी जिस आइडिया पर गांव की चौपाल में हंसी गूंजी थी, आज वही कहानी सफलता की मिसाल बन गई है. सरहदी बाड़मेर जिले के खडीन गांव के किसान पन्नाराम चौधरी ने जब अपनी कंपनी ‘रामसर ऑर्गेनिक प्रोड्यूसर लिमिटेड’ शुरू की तो लोगों ने कहा “बाजरे के लड्डू भी कोई बिजनेस है?” लेकिन पन्नाराम ने तानों को नजरअंदाज किया और बाजरे को ऐसा स्वाद दिया कि अब उनके लड्डू विदेशों तक पहुंच रहे हैं.
पश्चिम सरहद पर बसे बाड़मेर जिले के खडीन गांव के किसान पन्नाराम चौधरी ने जब खुद की कंपनी ‘रामसर ऑर्गेनिक प्रोड्यूसर लिमिटेड’ शुरू की तो कई लोगों ने उनका मजाक उड़ाया, लेकिन पन्नाराम ने हार नहीं मानी. उन्होंने बाजरे से ऐसे लड्डू तैयार किए जो तीन महीने तक खराब नहीं होते है. आज यही लड्डू विदेशों तक पहुंच रहे हैं और डिमांड इतनी है कि उत्पादन बढ़ाना पड़ रहा है. इतना ही नहीं आज पन्नाराम की कम्पनी से 902 महिलाएं भी जुड़ी हुई हैं.
बाजरे की लड्डू में देसी घी के साथ डालते हैं ड्राई फ्रूट्स
बाड़मेर के किसान पन्नाराम चौधरी ने सबसे पहले अपने खेत में उगाए गए बाजरे को साफ-सुथरी प्रोसेसिंग, पौष्टिक रेसिपी और बेहतर पैकेजिंग के साथ तैयार करना शुरू किया. खास तकनीक और स्वच्छता का ध्यान रखते हुए ऐसे लड्डू बनाए जो तीन महीने तक खराब नहीं होते हैं. इसमें काजू, बादाम, देसी घी, इलायची, गुड़, काली मिर्च और गुलाब के फूल मिलाए जाते हैं.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी कर चुके हैं तारीफ
पन्नाराम ने इसकी शुरुआत स्थानीय बाजार से की. गांव और आस-पास के लोगों ने जब बाजरा के लड्डुओं का स्वाद और गुणवत्ता देखी तो मांग बढ़ने लगी. धीरे-धीरे ऑर्डर दूसरे शहरों से आने लगे और आज आलम यह है कि उनके बाजरे के लड्डू विदेशों तक पहुंच रहे हैं. हाल ही में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी मन की बात में रामसर ऑर्गेनिक प्रोड्यूसर कम्पनी द्वारा बनाए जा रहे इन लड्डुओं का जिक्र किया था.
600 रुपये प्रति किलो के हिसाब से होती है बिक्री
रामसर ऑर्गेनिक प्रोड्यूसर लिमिटेड के निदेशक पन्नाराम चौधरी बताते हैं कि उनके लड्डुओं की डिमांड बढ़ गई है. वे बाड़मेर से ही ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से भी इन लड्डुओं को बेच रहे हैं. वे बताते है कि उन्होंने हाल ही में चेन्नई, जयपुर,दिल्ली सहित अन्य जगहों पर इन लड्डुओं को बेच चुके हैं. वे बताते हैं कि यह लड्डू 3 महीने तक खराब नहीं होते और 600 रुपये से लेकर 800 रुपये प्रतिकिलो के हिसाब से बिक रहे हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जिक्र के बाद बाजरे के लड्डुओं की मांग होने लगी है. पन्नाराम चौधरी बताते है कि अब रेगिस्तान में मिठाई के रूप में इसे अपनाया जा रहा है. इतना ही नहीं अब शादियों में भी इसे मिठाई के रुप में बनाया जाएगा, जिससे उन्हें अच्छा लाभ मिलेगा.
About the Author
दीप रंजन सिंह 2016 से मीडिया में जुड़े हुए हैं. हिंदुस्तान, दैनिक भास्कर, ईटीवी भारत और डेलीहंट में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. 2022 से News18 हिंदी में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. एजुकेशन, कृषि, राजनीति, खेल, लाइफस्ट…और पढ़ें
.