पटवारी ने हाथ लगाकर टोका, चौंक गईं लेडी सांसद: धीरेंद्र शास्त्री ने लगाई शादी की अर्जी; तराजू पर तौला विधायक Vs पूर्व विधायक का विकास – Madhya Pradesh News


मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा। पटवारी ने सांसद को नारे लगाने के लिए टोका
मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी अमेरिका के साथ हुई ट्रेड डील के खिलाफ दिल्ली में हुए प्रदर्शन में शामिल हुए। जब वे प्रदर्शन को संबोधित कर रहे थे, उस दौरान एक रोचक नजारा देखने को मिला। जीतू पटवारी ‘नरेंद्र-सरेंडर’ का नारा लगवा रहे थे। वहां मौजूद सभी लोग नारे लगा रहे थे, लेकिन वहीं बैठीं कांग्रेस सांसद कुमारी शैलजा चुप बैठी रहीं। इस पर जीतू पटवारी ने नारे लगवाते हुए ही उन्हें हाथ लगाकर टोका और नारा लगाने को कहा। अचानक इस तरह टोकने पर कुमारी शैलजा चौंक गईं। उन्होंने जीतू पटवारी से कुछ कहा, लेकिन फिर मुस्कुराते हुए नारे लगाने लगीं। बाद में उन्होंने सिर पर हाथ रखते हुए पास बैठे इंदौर कांग्रेस के जिला अध्यक्ष विपिन वानखेड़े से कुछ कहा। इस वाकये पर प्रदर्शन कर रहे सभी लोग ठहाके लगाने लगे। पंडित धीरेंद्र शास्त्री का ऐलान, जल्द करेंगे शादी
पंडित धीरेंद्र शास्त्री जल्द ही दूल्हा बनने वाले हैं। उन्होंने अपनी माता के सामने शादी की इच्छा जाहिर कर दी है। धीरेंद्र शास्त्री ने बताया कि उन्होंने माता जी से कह दिया है कि वे उनके लिए लड़की देख लें। उन्होंने कहा कि उनका विवाह होना तय है और यह भी तय है कि जल्द ही इसकी खुशखबरी दी जाएगी। उन्होंने दोहराया कि यह विवाह उनकी व्यक्तिगत इच्छा से नहीं, बल्कि गुरु की आज्ञा और माता की पसंद के अनुसार होगा। ग्रामीणों ने लगाया तराजू, विकास कार्यों को तौला
हरदा जिले की टिमरनी विधानसभा क्षेत्र में एक अनोखा नजारा देखने को मिला। यहां ग्रामीणों ने वर्तमान विधायक और पूर्व विधायक के विकास कार्यों को प्रतीकात्मक रूप से तराजू पर तौला। एक पलड़े में कांग्रेस विधायक अभिजीत शाह की तस्वीर लगाकर एक बॉक्स रखा गया, जबकि दूसरे पलड़े में पूर्व भाजपा विधायक संजय शाह की तस्वीर के साथ बॉक्स रखा गया। तौल के दौरान अभिजीत शाह का पलड़ा भारी दिखाई दिया। इसके बाद आयोजक ने कांग्रेस विधायक के क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों को लोगों को बताया। इस मौके पर विधायक अभिजीत शाह मौजूद रहे, जबकि पूर्व विधायक संजय शाह कार्यक्रम में मौजूद नहीं थे। बता दें कि अभिजीत शाह रिश्ते में संजय शाह के भतीजे लगते हैं। हालांकि, कुछ लोगों का कहना है कि यह ‘तुलादान’ कांग्रेस विधायक के समर्थकों ने किया गया था, इसलिए पलड़ा भारी दिखा। लेकिन सच्चाई यह भी है कि जनता सबका हिसाब रखती है। असली तराजू तो जनता के हाथ में है, और उसमें कौन भारी पड़ेगा, इसका फैसला 2028 के विधानसभा चुनाव में होगा। कूनो में मंत्री को रोका, विधायक को बुलाया ही नहीं
श्योपुर जिले के कूनो नेशनल पार्क में बोत्सवाना से लाए गए 9 चीते छोड़े गए। इस दौरान राज्य मंत्री का दर्जा प्राप्त और पूर्व विधायक सीताराम आदिवासी को अधिकारियों ने कूनो पार्क में प्रवेश नहीं करने दिया, जिससे वे नाराज हो गए। सीताराम आदिवासी ने इसे आदिवासियों का अपमान बताया। उन्होंने कहा- यह मेरा क्षेत्र है और मैं यहीं से चुनाव लड़ता हूं। वर्तमान में मैं सहरिया विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष हूं, इसके बावजूद मुझे कार्यक्रम में नहीं जाने दिया गया। हम आदिवासी हैं, इसलिए हमारी बेइज्जती की जा रही है। वहीं विजयपुर के वर्तमान कांग्रेस विधायक मुकेश मल्होत्रा का कहना है कि उन्हें इस बात की जानकारी ही नहीं थी कि कूनो में चीते छोड़े जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि उन्हें यह जानकारी लोगों से मिली। विधायक ने कहा कि उन्हें कार्यक्रम में आमंत्रित नहीं किया जाता। उन्होंने इस मामले की शिकायत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से करने और पीएम नरेंद्र मोदी को पत्र लिखने की बात भी कही है। इनपुट सहयोग – गौरव मिश्रा (खजुराहो), संदेश पारे (हरदा), कुलदीप शर्मा (श्योपुर) ये भी पढ़ें –
सीएम ने मंत्री का भाषण रोका, बोले- जबरदस्ती ठोके जा रहे: जब उल्टा हो गए कांग्रेस विधायक मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भरे मंच पर मंत्री नागर सिंह चौहान का भाषण रुकवा दिया। उन्होंने साफ कहा कि आज भाषणबाजी नहीं होगी। हालांकि ये हंसी-मजाक के लहजे में कहा। सीएम आलीराजपुर जिले के उदयगढ़ में आयोजित भगोरिया हाट कार्यक्रम में पहुंचे थे। पूरी खबर पढ़ें .

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *