जिस घर में शहनाइयां बजने वाली थीं, वहां अब मातम का सन्नाटा है। हादसे की सूचना मिलते ही रायपुर कर्चुलियान और समान थाना पुलिस बल मौके पर पहुँचा। पुलिस न …और पढ़ें
HighLights
- ऑडी कार की रफ्तार बेहद तेज थी।
- 180 से 190 किमी प्रति घंटा रही थी।
- कार रीवा से मनगवां तरफ जा रही थी।
नईदुनिया प्रतिनिधि,रीवा। रीवा-मनगवां हाईवे पर आज एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। रायपुर कर्चुलियान थाना क्षेत्र के कोष्टा गांव के पास एक तेज रफ्तार ऑडी कार ने मोटरसाइकिल को पीछे से इतनी जोरदार टक्कर मारी कि बाइक पर सवार महिला समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे का विवरण प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ऑडी कार की रफ्तार बेहद तेज थी, अनुमानतः 180 से 190 किमी प्रति घंटा रही थी। कार रीवा से मनगवां की ओर जा रही थी।
जैसे ही बाइक सवारों ने सड़क क्रॉस करने की कोशिश की या मोड़ लिया, पीछे से आ रही ऑडी ने उन्हें जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार हवा में कई फीट ऊपर उछलकर सड़क पर जा गिरे।
मृतकों की पहचान हादसे में जान गंवाने वालों में भागवत विश्वकर्मा निवासी चचाई सेमरिया,शिवम विश्वकर्मा एवं शीतल विश्वकर्मा निवासी रतहरा, रीवा शामिल है।
खुशियों के घर में पसरा मातम
इस घटना का सबसे दुखद पहलू यह है कि मृतक भागवत विश्वकर्मा के पुत्र, शुभम विश्वकर्मा की शादी आगामी 25 फरवरी को तय थी। भागवत अपने परिवार के सदस्यों के साथ बेटे की शादी का पहला निमंत्रण पत्र (कार्ड) भगवान को चढ़ाने के लिए चिरौला मंदिर जा रहे थे। जिस घर में शहनाइयां बजने वाली थीं, वहां अब मातम का सन्नाटा है। हादसे की सूचना मिलते ही रायपुर कर्चुलियान और समान थाना पुलिस बल मौके पर पहुँचा।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए संजय गांधी अस्पताल भेज दिया है। पीएम हो जाने के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।दुर्घटना के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया और वाहनों की कतारें लग गईं। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद यातायात को सुचारू रूप से बहाल कराया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और ऑडी चालक के खिलाफ जांच शुरू कर दी गई है।
.