15 सितंबर से अनूपपुर में शुरू होगा धान पंजीयन
अनूपपुर में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के लिए समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन का पंजीयन 15 सितंबर से 10 अक्टूबर 2025 तक किया जाएगा। जिला आपूर्ति अधिकारी ने किसानों से समय पर पंजीयन कराने का आग्रह किया है।
.
किसानों की सुविधा के लिए पंजीयन प्रक्रिया को सरल बनाया गया है। वे अपने मोबाइल से घर बैठे पंजीयन कर सकेंगे। इससे पंजीयन केंद्रों पर लाइन लगाने की समस्या से छुटकारा मिलेगा।
निःशुल्क पंजीयन की सुविधा ग्राम पंचायत कार्यालय, जनपद पंचायत कार्यालय, तहसील कार्यालय के सुविधा केंद्र और सहकारी समितियों पर उपलब्ध है। सशुल्क पंजीयन एमपी ऑनलाइन कियोस्क, कॉमन सर्विस सेंटर, लोक सेवा केंद्र और साइबर कैफे पर 50 रुपए प्रति पंजीयन की दर से कराया जा सकता है।
पंजीयन के लिए भूमि संबंधी दस्तावेज, आधार कार्ड और अन्य फोटो पहचान पत्रों का परीक्षण किया जाएगा। सिकमी, बटाईदार और वन पट्टाधारी किसानों का पंजीयन केवल सहकारी समिति केंद्रों पर निःशुल्क होगा। इनका सत्यापन राजस्व विभाग के अमले द्वारा किया जाएगा।
.