जयपुर. प्रकृति में ऐसे अनेकों पेड़ पौधे पाए जाते हैं जो मानव शरीर के लिए बहुत फायदेमंद होते हैं. ऐसा ही एक पौधा है शंखपुष्पी, यह एक औषधि गुणों से भरपूर जड़ी बूटी है. इसके उपयोग से याददाश्त को मजबूत बनाने के लिए कई आयुर्वेदिक दवाइयां भी बनाई जाती है. आयुर्वेदिक चिकित्सक डॉ. नरेंद्र कुमार ने बताया कि शंखपुष्पी मानसिक तनाव को दूर करता है और शरीर में नई ऊर्जा का संचार करता है. यही कारण है कि इसे बच्चों और बड़ों दोनों के लिए फायदेमंद माना जाता है. उन्होंने बताया कि शंखपुष्पी में फ्लेवेनोएड्स और अन्य पौधों से प्राप्त एंटीऑक्सीडेंट्स पाए जाते हैं, जो मस्तिष्क की कोशिकाओं को सक्रिय करते हैं. इसके अलावा यह बच्चों में एकाग्रता बढ़ती है और बड़ों में भूलने की समस्या कम होती है. यह दिमाग के केमिकल न्यूरोट्रांसमीटर को बैलेंस करता है जिससे डोपामाइन और सेरोटोनिन जैसे हार्मोन बढ़ते हैं. इसके अलावा नतीजतन तनाव, डिप्रेशन और एंग्जाइटी की समस्या में राहत मिलती है और मन को शांति मिलती है.