ग्वालियर में एक युवक को वॉटसऐप पर आया ऑनलाइन मैरिज इन्विटेशन कार्ड ओपन करना 93 हजार रुपए का पड़ गया। इन्विटेशन कार्ड एक APK फाइल के रूप में दोस्त के वॉटसऐप से भेजा गया था। फाइल को ओपन करते ही युवक का मोबाइल हैंग हो गया। कुछ देर बाद अपने आप सही हो गया। यह घटना 08 जनवरी 2026 तानसेन नगर ग्वालियर की है।
12 जनवरी की शाम 6 बजे युवक को मैसेज आए, जिसमें उनके अकाउंट से कई बार में 93498 रुपए निकाल लिए गए। रुपए निकाले जाने का पता चलते ही युवक ने मामले की सूचना तत्काल अपनी बैंक को देकर अकाउंट ब्लॉक कराया। साथ ही हेल्प लाइन नंबर 1930 पर शिकायत की। अब पुलिस ने ग्वालियर थाना में मामला दर्ज कर लिया है।
53 वर्षीय आशीष पुत्र ताहर सिंह गौर 08 जनवरी की शाम घर पर बैठकर अपना मोबाइल चला रहे थे। तभी उनके मोबाइल पर उनके परिचित दोस्त सुरेन्द्र यादव के नंबर से वॉटसऐप पर एक शादी का निमंत्रण नाम से APK फाइल आई थी। शादी का कार्ड की फाइल थी इसलिए आशीष ने उसे ओपन किया। एपीके फाइल ओपन करते ही आशीष का मोबाइल हैंग हो गया। मोबाइल गूगल पर जाकर अटक गया था। कुछ देर तक मोबाइल ऐसा ही रहा फिर अपने आप सामान्य हो गया।
12 जनवरी को शाम 6 बजे आशीष की बैंक से यूपीआइ के जरिए तीन से चार बार में 93498 रुपए निकल गए। मैसेज देखते ही वह समझ गए कि उनके साथ ठगी की घटना हुई है। जिस पर उन्होंने बैंक से संपर्क कर अपने खाते को ब्लॉक कराया। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी। हेल्प लाइन नंबर पर शिकायत की थी, जिसके बाद रविवार को पुलिस ने ऑनलाइन फ्रॉड का मामला दर्ज कर लिया है।
मैंने तो ओटीपी भी शेयर नहीं किया
ठगी की घटना के बाद आशीष ने पुलिस को बताया कि मैंने तो किसी को कोई ओटीपी भी शेयर नहीं किया है। न ही मेरे पास किसी ठग का कॉल आया है फिर मेरे ऑनलाइन अकाउंट से पैसे कैसे निकल गए। बैंक ने उनको समझाया कि APK फाइल ओपन करने के बाद यह घटना हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ऐसे होता है साइबर फ्रॉड
कई बार मोबाइल पर साइबर फ्रॉड करने वाले व्यक्ति द्वारा मोबाइल पर APK फाइल भेजी जाती है, इसमें कई बार यह फाइल चालान कटने की होती है, तो कभी किसी अन्य चीज की फाइल होती है। अचानक चालान अथवा अन्य किसी चीज की फाइल आते ही लोग उसे जिज्ञासा वश खोल लेते हैं।
खोलते ही फाइल मोबाइल में डाउनलोड हो जाती है, जिसके बाद मोबाइल का सारा डेटा साइबर फ्राड करने वाले के पास चला जाता है। इसके बाद वह मोबाइल में एटीएम के पासवर्ड, पिन नंबर सहित सभी जानकारियां चुरा लेता है। इसके बाद बैंक खातों से अचानक पैसे निकलना प्रारंभ हो जाते हैं। .