खरगोन जिले के भगवानपुरा क्षेत्र के मदनी खुर्द में अवैध गांजे की खेती पकड़ी गई है। मंगलवार को मक्का फसल के बीच से 266 गांजे के हरे पौधे जब्त किए गए। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। दबिश के दौरान कुल 1 क्विंटल 7 किलो 500 ग्राम वजनी गांजे के पौधे बरामद किए गए। इनकी बाजार कीमत 5 लाख 37 हजार रुपए आंकी गई है। भगवानपुरा थाना प्रभारी इलापसिंह मुजाल्दे ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर मक्का के खेत में गांजा उगाए जाने की जानकारी मिली थी। पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और घेराबंदी कर आरोपी सुभाष पिता मंगलिया कनासे, निवासी मदनी खुर्द को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस उससे गांजा तस्करी के नेटवर्क के संबंध में आगे की पूछताछ कर रही है। खरगोन पुलिस ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत लगातार तीसरे दिन यह कार्रवाई की है। इससे पहले हेलापडावा में खेती और डबरिया रोड पर भी अवैध गांजे के खिलाफ कार्रवाई की गई थी। पुलिस अधिकारियों ने ऐसे अभियानों को लगातार जारी रखने की चेतावनी दी है। .