सतना में हनुमान जयंती के अवसर पर गुरुवार को जिले के हनुमान मंदिरों में सुबह से भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली। खैरुआ सरकार धाम में भी सुबह 5 बजे से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। सुबह की आरती में शामिल होकर भक्तों ने हनुमान चालीसा का पाठ किया, वहीं मंदिर परिसर में कई जगह भंडारे का आयोजन भी किया गया। 500 साल पुरानी प्रतिमा से जुड़ी मान्यता नागौद विकासखंड मुख्यालय से लगभग 14 किलोमीटर दूर खैरुआ गांव में स्थित खैरुआ सरकार हनुमान मंदिर श्रद्धालुओं के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र है। मंदिर से जुड़ी स्थानीय मान्यता के अनुसार, यहां स्थापित हनुमान जी की प्रतिमा करीब 500 साल पुरानी मानी जाती है। स्थानीय लोगों के अनुसार, जिस स्थान पर आज मंदिर स्थित है, वहां हनुमान जी के स्वयं प्रकट होने की मान्यता प्रचलित है। मंदिर के पुजारी, जिनका परिवार चार पीढ़ियों से यहां सेवा दे रहा है, बताते हैं कि यह आस्था वर्षों से चली आ रही है और श्रद्धालु इसी विश्वास के साथ यहां दर्शन करने पहुंचते हैं। हर मंगलवार-शनिवार को लगती है भीड़ मंदिर के कपाट प्रतिदिन सुबह 5 बजे से रात 10 बजे तक खुले रहते हैं। यहां रोज बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं, जबकि मंगलवार और शनिवार को विशेष रूप से भारी भीड़ उमड़ती है। मनोकामना पूर्ण होने पर भक्त भंडारे का आयोजन भी करते हैं। मान्यता है कि जो श्रद्धालु लगातार पांच से सात मंगलवार तक 11 परिक्रमा लगाकर सच्चे मन से प्रार्थना करते हैं, उनकी मनोकामनाएं पूरी होती हैं। करीब 2 एकड़ क्षेत्र में फैला यह मंदिर अपनी ऐतिहासिक और धार्मिक महत्ता के कारण क्षेत्र में विशेष पहचान रखता है। .