Last Updated:
Cloths Washing Hacks: बिलासपुर की गृहणी अन्नू खरे ने सोशल मीडिया पर वायरल डिस्प्रिन हैक को आजमाया. उन्होंने बताया कि इससे सफेद कपड़े पहले से ज्यादा साफ और चमकदार नजर आए. हालांकि विशेषज्ञों ने इस उपाय को सीमित रूप से अपनाने की सलाह दी है. लोकल 18 इस वायरल दावे की पुष्टि नहीं करता है.
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वॉशिंग मशीन में डिसप्रिन डालने वाले हैक को अब बिलासपुर की घरेलू महिला अन्नू खरे ने भी आजमाया है. उन्होंने बताया कि यह ट्रेंड उन्होंने इंटरनेट पर देखा और जिज्ञासा के चलते इसे अपने घर में ट्राई किया.

अन्नू खरे कहती हैं कि सफेद कपड़ों से मैल और पसीने के दाग निकालना हमेशा मुश्किल होता था. कई बार वॉशिंग मशीन में धोने के बाद भी कपड़े फीके लगते थे, लेकिन डिसप्रिन की गोली डालने के बाद उन्हें उम्मीद से अच्छे नतीजे मिले.

उन्होंने बताया, “मैंने एक टब में पानी भरकर उसमें दो डिसप्रिन की गोलियां डालीं और थोड़ी देर बाद सफेद शर्ट भिगो दी. कुछ समय बाद जब कपड़ा निकाला तो कॉलर और बाजू के दाग पहले से काफी हल्के हो गए थे.”

अन्नू ने कहा कि यह उपाय उन्होंने एक सोशल मीडिया वीडियो देखकर किया था. वीडियो में महिलाएं वॉशिंग मशीन में डिसप्रिन की गोली डालकर कपड़े धो रही थीं और कपड़ों की चमक लौटने का दावा कर रही थीं.

वायरल वीडियो की तरह अन्नू खरे को भी इस घरेलू ट्रिक से फायदा महसूस हुआ. उनका कहना है कि “डिटर्जेंट के साथ थोड़ी डिसप्रिन मिलाने से कपड़े साफ और चमकदार दिखते हैं.” हालांकि उन्होंने इसे नियमित रूप से इस्तेमाल न करने की सलाह दी.

विशेषज्ञों का कहना है कि डिसप्रिन में मौजूद सैलिसिलिक एसिड दाग ढीला करने में मदद कर सकता है, लेकिन बार-बार उपयोग करने से कपड़ों या मशीन को नुकसान भी पहुंच सकता है. इसलिए इसे सावधानीपूर्वक और कभी-कभी ही इस्तेमाल किया जाए.

यह जानकारी बिलासपुर की गृहणी अन्नू खरे के अनुभव और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियोज़ पर आधारित है. लोकल 18 इस दावे की पुष्टि नहीं करता है. यदि आप यह तरीका अपनाना चाहते हैं, तो पहले पुराने कपड़ों पर ट्रायल जरूर करें.
.