Last Updated:
Cooler Cooling Tips: कई बार ऐसा होता है कि कूलर नया होने के बावजूद ठीक से ठंडी हवा नहीं देता. वहीं पुराने कूलर की हवा तो और भी कम ठंडी लगने लगती है. ऐसे में लोग नया कूलर खरीदने की सोचने लगते हैं, जबकि एक्सपर्ट के अनुसार कुछ आसान बदलाव करके पुराने कूलर से भी शानदार ठंडी हवा ली जा सकती है. जानें कैसे…
Tips And Tricks: गर्मी के मौसम में राहत पाने के लिए ज्यादातर घरों में कूलर का इस्तेमाल किया जाता है. एसी की तुलना में कूलर सस्ता भी होता है और बिजली की खपत भी कम करता है. यही वजह है कि छोटे कस्बों सहित शहरों में भी इसकी मांग सबसे ज्यादा रहती है. लेकिन, कई बार ऐसा होता है कि कूलर नया होने के बावजूद ठीक से ठंडी हवा नहीं देता. वहीं, पुराने कूलर की हवा तो और भी कम ठंडी लगने लगती है. ऐसे में लोग नया कूलर खरीदने की सोचने लगते हैं, जबकि एक्सपर्ट के अनुसार कुछ आसान बदलाव करके पुराने कूलर से भी शानदार ठंडी हवा ली जा सकती है.
खरगोन के कुलर निर्माता एवं विक्रेता नीरज राठौड़ बताते है कि कूलर की ठंडी हवा न आने का सबसे बड़ा कारण उसकी गलत जगह पर रखना होता है. अगर कूलर को बंद कमरे के अंदर रख दिया जाए तो उसकी हवा उतनी ठंडी नहीं लगती. कूलर हमेशा खिड़की या दरवाजे के पास रखना चाहिए ताकि बाहर की ताजी हवा अंदर आ सके. इसके अलावा कमरे में हवा के निकलने का रास्ता भी होना जरूरी है. अगर कमरे में वेंटिलेशन नहीं होगा तो कूलर की ठंडक कम हो जाएगी, इसलिए एक खिड़की हल्की खुली रखें ताकि हवा का सही सर्कुलेशन बना रहे.
कूलर की घास समय पर बदलें
कूलर की ठंडी हवा काफी हद तक उसकी घास यानी पैड पर निर्भर करती है. अगर पैड पुराने या खराब हो गए हैं तो कूलर सही ठंडक नहीं देगा. इसलिए हर सीजन शुरू होने से पहले घास जरूर बदलवा लें. आजकल बाजार में हनीकॉम्ब पैड भी मिलते हैं, जो सामान्य घास से ज्यादा ठंडी हवा देते हैं. इन्हें लगाने से कूलर की परफॉर्मेंस काफी बेहतर हो जाती है और कम समय में कमरे में ठंडक महसूस होने लगती है.
पानी का स्तर और मोटर की जांच
कई बार कूलर में पानी कम होने की वजह से भी ठंडी हवा नहीं आती, इसलिए हमेशा ध्यान रखें कि कूलर में पानी का स्तर सही रहे. पानी कम होगा तो पैड ठीक से गीले नहीं होंगे और हवा ठंडी नहीं बनेगी. इसके साथ ही कूलर की मोटर और पंप की भी समय-समय पर जांच कराते रहें. अगर पंप सही तरीके से पानी नहीं चढ़ा रहा है तो पैड सूखे रहेंगे और ठंडक कम हो जाएगी.
कूलर को धूप से बचाकर रखें
अगर कूलर सीधे धूप में रखा है तो उसकी ठंडक काफी कम हो जाती है. कोशिश करें कि कूलर ऐसी जगह रखें जहां उस पर सीधे धूप न पड़े. इससे पानी जल्दी गर्म नहीं होगा और हवा ज्यादा ठंडी मिलेगी. इसके अलावा कूलर के ऊपर मोटा कपड़ा या टिन की शेड लगाकर भी धूप से बचाया जा सकता है. यह छोटा सा उपाय भी ठंडक को काफी बढ़ा देता है और कमरे में लंबे समय तक ठंडी हवा बनी रहती है. कूलर की नियमित सफाई भी बहुत जरूरी होती है. कई बार धूल और गंदगी जमा होने से हवा का फ्लो कम हो जाता है. इसलिए सीजन शुरू होने से पहले कूलर की टंकी, पंखा और पैड अच्छी तरह साफ करें.
About the Author
एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें
.