बाप रे बाप! 1200KM दूर बैठकर ऑपरेशन, सर गंगाराम अस्पताल ने रचा इतिहास

नई दिल्ली: क्या आपने कभी सोचा था कि ऐसा वक्त भी आएगा कि कोई डॉक्टर 1200 किलोमीटर दूर बैठकर मरीज का आसानी से ऑपरेशन कर देगा और मरीज स्वस्थ रहेगा. ऐसा संभव हो गया है. जी हां! टेलीसर्जरी ने इसे संभव कर दिया है. देश की राजधानी दिल्ली स्थित सर गंगाराम हॉस्पिटल ने ऐसा करके इतिहास भी रच दिया है. पहले नंबर पर चीन है, जिसने 8000 किलोमीटर दूर बैठकर टेली सर्जरी के जरिए मरीज का ऑपरेशन करके पहली बार मेडिकल की दुनिया में क्रांति ला दी थी.

अब दूसरे नंबर पर देश की राजधानी दिल्ली स्थित सर गंगाराम हॉस्पिटल बन गया है, जिसने 1200 किलोमीटर दूर यानी गुजरात के एक डॉक्टर की मदद लेकर टेलीसर्जरी के जरिए गंगाराम अस्पताल में ऑपरेशन करके मरीज की जान बचा ली. एक दिन में चार ऑपरेशन इसी तरह किए गए और चारों सफल रहे. इस सर्जरी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई यूरोलॉजिस्ट और रोबोटिक कोऑर्डिनेटर डॉक्टर अजय शर्मा, सीनियर कंसल्टेंट डॉक्टर विपिन त्यागी, सीनियर कंसल्टेंट डॉक्टर तरुण मित्तल, सीनियर कंसल्टेंट डॉ. अनमोल आहूजा, सीनियर कंसल्टेंट डॉ. आशीष डे और सीनियर कंसल्टेंट डॉक्टर मुकुंद खेतान ने.

ऐसे की गई टेली सर्जरी

भारत के जाने-माने यूरोलॉजिस्ट और सर गंगाराम हॉस्पिटल दिल्ली के रोबोटिक कोऑर्डिनेटर डॉक्टर अजय शर्मा ने बताया कि ‘दुनिया मेडिकल की फील्ड में तेजी से आगे बढ़ रही है. पूरी दुनिया भर में मेडिकल की सुविधाओं को कस्बों और गांव तक पहुंचाने का काम आसानी से किया जा रहा है. ऐसे में भारत पीछे क्यों रहे. इसीलिए हमने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सर गंगाराम अस्पताल में आए हुए एक मरीज की टेली सर्जरी की और इसमें हमने मदद ली गुजरात के वापी स्थित एक अस्पताल के डॉक्टर की.

डॉक्टर ने बताया कि उन्होंने 1200 किलोमीटर की दूरी से सर गंगा राम हॉस्पिटल और गुजरात के वापी स्थित अस्पताल के डॉक्टर यानी दोनों अस्पतालों ने मिलकर इस पूरी सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम दिया. एक दिन में चार सर्जरी टेली सर्जरी के जरिए की गई, जिसमें पहला ऑपरेशन किडनी की पैदाइश बीमारी का था, जिसमें पेशाब नीचे जाने में रुकावट हो जाती है और किडनी में सूजन आ जाती है. दूसरा अपेंडिक्स का था. तीसरा गॉलब्लैडर का था और चौथा हर्निया का था. चारों ही मरीज स्वस्थ हैं और अपने-अपने घर जा चुके हैं इन चारों का ऑपरेशन टेली सर्जरी के जरिए किया गया.

आने वाले समय में रोबोट खुद ही कर लेंगे सर्जरी

यूरोलॉजिस्ट और रोबोटिक कोऑर्डिनेटर डॉक्टर अजय शर्मा ने बताया कि आने वाले समय में मेडिकल की दुनिया बहुत बदल जाएगी. रोबोटिक सर्जरी और टेली सर्जरी बहुत तेजी से आगे बढ़ रही है. ऐसे में डॉक्टर को सिर्फ मरीज की पूरी जानकारी रोबोट के अंदर फ़ीड करनी होगी. इसके बाद रोबोट खुद ही सर्जरी कर लेगा. अभी रोबोटिक सर्जरी हो या फिर टेली सर्जरी उसमें डॉक्टर को ही करना होता है, बस फर्क कितना है कि रोबोट और टेली सर्जरी की मदद ली जाती है, लेकिन आने वाले वक्त में रोबोट खुद ही कर लेंगे और ओपन सर्जरी को रोबोटिक सर्जरी रिप्लेस भी कर देगी और रिप्लेस करना शुरू भी कर दिया है.

बता दें कि रोबोटिक सर्जरी और टेली सर्जरी इसलिए भी महत्वपूर्ण है. क्योंकि ओपन सर्जरी में मरीज को एक लंबा चीरा लगाकर ऑपरेशन किया जाता था, जिस वजह से मरीज को स्थिर होने में वक्त लगता था. इसमें छोटा चीरा लगता है और ऑपरेशन जल्दी हो जाता है.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *