राजगढ़ जिले के अफसर्स क्लब में शनिवार को रंग पंचमी के अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा, पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारियों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाया। कार्यक्रम के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने ढोल-नगाड़ों और फिल्मी गीतों पर डांस किया और एक साथ मिलकर गाने भी गाए। यह आयोजन अब संपन्न हो चुका है। कार्यक्रम की शुरुआत कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को गुलाल लगाकर की। इसके बाद महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी श्याम बाबू खरे ने माइक पर “मैं हूं प्रेम रोगी, मेरी दवा तो कराओ” गीत गाया। इस गीत की धुन पर कलेक्टर डॉ. मिश्रा क्लब के गार्डन में डांस करने लगे। उन्हें देखकर वहां मौजूद अन्य अधिकारियों ने भी डांस किया। इसके बाद कलेक्टर ने ढोल की थाप और “रंग बरसे भीगे चुनर वाली” गीत पर अन्य अधिकारियों के साथ नृत्य किया। एसपी पत्नी के साथ पहुंचे, कलेक्टर के साथ गाया ‘ये दोस्ती’ गीत
कार्यक्रम के दौरान अधिकारी श्याम बाबू खरे ने “खइके पान बनारस वाला” गीत भी गाया। इसी बीच पुलिस अधीक्षक (SP) अमित तोलानी अपनी पत्नी के साथ अफसर्स क्लब कार्यक्रम में पहुंचे। कलेक्टर और एसपी ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर रंग पंचमी की शुभकामनाएं दीं। कुछ देर बाद दोनों अधिकारियों ने माइक संभालकर एक साथ “ये दोस्ती हम नहीं छोड़ेंगे” गीत गाया, जिस पर मौजूद स्टाफ ने तालियां बजाईं। जिला पंचायत सीईओ ने गाया गीत, एसपी ने पत्नी संग किया डांस
आयोजन में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) इच्छित गढ़पाले ने भी “मैं हूं प्रेम रोगी, मेरी दवा तो कराओ” गीत गाया। इस गीत पर कलेक्टर डॉ. मिश्रा और एसपी तोलानी ने एक साथ डांस किया। इसके बाद कार्यक्रम में “खइके पान बनारस वाला” गीत की धुन बजी। इस गीत पर एसपी अमित तोलानी ने अपनी पत्नी के साथ डांस किया। वहां मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने तालियां बजाकर उनका उत्साह बढ़ाया। ‘आयोजनों से सकारात्मक ऊर्जा का होता है संचार’
अफसर्स क्लब में रंग, गुलाल और संगीत का यह आयोजन देर तक चलता रहा। कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों ने कहा कि ऐसे आयोजनों से न केवल त्योहारों की खुशी बढ़ती है, बल्कि आपसी संबंध भी मजबूत होते हैं। अधिकारियों ने आगे कहा कि काम के दबाव और प्रशासनिक जिम्मेदारियों के बीच इस तरह के आयोजन सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। देखिए तस्वीरें… .