बिलासपुर: जैसे-जैसे ठंड बढ़ने लगती है, सुबह-सुबह स्कूटी या बाइक स्टार्ट करने में लोगों को दिक्कतें आने लगती हैं. इंजन बार-बार बंद हो जाता है, पेट्रोल जल्दी खत्म होता है या फिर सेल्फ से स्कूटी स्टार्ट ही नहीं होती. बिलासपुर के अनुभवी मोटरसाइकिल मैकेनिक फहीम अहमद, जो पिछले 35 सालों से टू-व्हीलर रिपेयरिंग का काम कर रहे हैं, बताते हैं कि ठंड में इंजन का परफॉर्मेंस कमजोर पड़ जाता है और गाड़ी की नियमित देखभाल बेहद जरूरी हो जाती है. आइए जानते हैं उन्होंने किन-किन बातों का खास ध्यान रखने की सलाह दी है.
फहीम अहमद बताते हैं कि ठंड के मौसम में इंजन ऑयल गाढ़ा हो जाता है, जिससे इंजन को स्टार्ट होने में अधिक समय लगता है. बैटरी का चार्ज भी कम हो जाता है, खासकर अगर स्कूटी लंबे समय तक खड़ी रहती है. इसके अलावा, कार्बोरेटर में ईंधन का वाष्पीकरण धीमा पड़ जाता है, जिससे इंजन को पेट्रोल जलाने में कठिनाई होती है. यही वजह है कि सुबह के समय स्कूटी स्टार्ट नहीं होती या बार-बार बंद हो जाती है.
इंजन ऑयल की नियमित जांच जरूरी
फहीम अहमद कहते हैं कि हर 1500 से 2000 किलोमीटर के बाद इंजन ऑयल की जांच और जरूरत पड़ने पर बदलाव करना जरूरी है. ठंड में अगर इंजन ऑयल पुराना हो गया हो तो स्कूटी को स्टार्ट करने में दिक्कत और ज्यादा बढ़ जाती है. “ऑयल का रंग अगर काला या गाढ़ा दिखे, तो बिना देरी किए उसे बदलवाना चाहिए,” फहीम अहमद सलाह देते हैं.
पेट्रोल कम रखने की गलती न करें
कई लोग ठंड में स्कूटी में बहुत कम पेट्रोल रखते हैं, जिससे फ्यूल पंप और कार्बोरेटर में हवा भर जाती है. फहीम अहमद बताते हैं कि हमेशा टैंक में कम से कम एक लीटर से अधिक पेट्रोल होना चाहिए. ठंड के मौसम में स्कूटी को लंबे समय तक बिना चलाए खड़ा रखना भी सही नहीं है, क्योंकि इससे इंजन के पार्ट्स जाम होने लगते हैं.
चोक का बार-बार इस्तेमाल न करें
अक्सर लोग ठंड में स्कूटी स्टार्ट करने के लिए बार-बार चोक ऑन करके गाड़ी चलाते हैं, लेकिन फहीम अहमद के अनुसार यह इंजन के लिए नुकसानदायक है. इससे कार्बोरेटर में ज्यादा ईंधन जम जाता है और इंजन फ्यूल बर्न नहीं कर पाता, जिसके कारण स्कूटी बंद होने लगती है. “चोक केवल स्टार्ट करने के पहले 30 सेकंड के लिए ही इस्तेमाल करें, फिर बंद कर दें,” वे सलाह देते हैं.
बैटरी की स्थिति पर नजर रखें
ठंड में बैटरी जल्दी डिस्चार्ज हो जाती है. फहीम अहमद बताते हैं कि अगर स्कूटी 3 से 4 दिन तक नहीं चलाई गई है, तो बैटरी कमजोर हो सकती है. इसलिए हफ्ते में कम से कम 2 से 3 बार स्कूटी को स्टार्ट करके कुछ दूरी तक चलाना चाहिए, ताकि बैटरी चार्ज बनी रहे.
ठंड में गाड़ी को ढककर रखें
फहीम अहमद का कहना है कि ठंड या ओस से बचाने के लिए स्कूटी को हमेशा कवर से ढककर रखें. इससे इंजन और इलेक्ट्रिक पार्ट्स में नमी नहीं जाएगी. अगर संभव हो, तो स्कूटी को शेड या गैराज में पार्क करें.
अन्य जरूरी सावधानियां
स्कूटी चालू करने से पहले किक मारकर दो-तीन बार इंजन को गर्म करें. ठंड के मौसम में ब्रेक और क्लच वायर की ग्रीसिंग समय-समय पर कराते रहें. स्कूटी के एयर फिल्टर को हर महीने साफ कराएं. रात में पार्क करने से पहले गाड़ी के फ्यूल वाल्व को बंद करना न भूलें.
ठंड के मौसम में स्कूटी का ध्यान रखना बेहद जरूरी है. नियमित सर्विसिंग, इंजन ऑयल की जांच, बैटरी की देखभाल और पेट्रोल की पर्याप्त मात्रा रखकर कई दिक्कतों से बचा जा सकता है. बिलासपुर के अनुभवी मैकेनिक फहीम अहमद की मानें तो थोड़ी सी सावधानी से ठंड में भी स्कूटी बिना किसी परेशानी के आसानी से स्टार्ट हो जाएगी.
.