नईदुनिया प्रतिनिधि, रीवा। दिल्ली, इंदौर के बाद अब रीवा, छत्तीसगढ़ से सीधे हवाई मार्ग से जुड़ने जा रहा है। 17 मार्च से इसकी शुरुआत होने जा रही है। इस हवाई सेवा को कोई और नहीं अलायंस एयर ही संचालित करने वाला है।
शेड्यूल तो अभी एयरपोर्ट अथॉरिटी के पास नहीं पहुँचा है लेकिन टिकट बुकिंग शुरू हो गई है। डिप्टी सीएम लंबे समय से रीवा से छत्तीसगढ़ के रायपुर शहर के बीच एयर कनेक्टिविटी सेवा को शुरू करने की कोशिश में लगे हुए थे।
अलायंस एयर प्रबंधन से भी उन्होंने इस बारे में मुलाकात की थी। जल्द ही हवाई सेवा शुरू करने का आश्वासन मिला था। हालांकि अब वह दिन करीब आ गया है और इसकी घोषणा हो गई है। 17 मार्च को रीवा से रायपुर हवाई सेवा की शुरुआत होने जा रही है और शुभारंभ का शेड्यूल भी जारी कर दिया गया है।
सप्ताह में तीन दिन मिलेगी सुविधा
रीवा से रायपुर के बीच सप्ताह में तीन दिन हवाई सेवा मिलेगी। मंगलवार, गुरुवार और शनिवार का शेड्यूल जारी किया गया है। दिल्ली से आने वाली प्लेन रीवा में रुकेगी, इसके बाद यही प्लेन रायपुर जाएगी। फिर वहां से लौटकर रीवा आएगी और फिर दिल्ली जाएगी।
अलायंस एयर का प्लेन ही रायपुर जाएगा, इसके कारण दिल्ली और रीवा के बीच चलने वाली हवाई सेवा के समय में भी बदलाव होने जा रहा है। 17 मार्च से ही दिल्ली-रीवा का समय बदल जाएगा। हालांकि 17 मार्च का समय सिर्फ शुभारंभ के लिए बदलेगा, लेकिन 19 मार्च से रीवा-दिल्ली का समय स्थाई रूप से बदल जाएगा।
शुभारंभ के दिन (17 मार्च) का शेड्यूल
17 मार्च को शुभारंभ के दिन दिल्ली से एटीआर 72 (ATR 72), 12.30 बजे उड़ान भरेगा और 2.25 बजे रीवा पहुँचेगा। फिर 3.15 बजे रीवा से रायपुर के लिए उड़ान भरेगा और रायपुर 4.35 बजे पहुँचेगा।
इसके बाद शाम 5 बजे रीवा के लिए उड़ान भरेगा और 6.15 बजे रीवा पहुँचेगा। रीवा से दिल्ली के लिए यह प्लेन 6.40 बजे उड़ेगा और रात 8.40 बजे दिल्ली पहुँचेगा।
19 मार्च से नियमित उड़ानों का समय
19 मार्च से रीवा-दिल्ली-रायपुर के बीच चलने वाली प्लेन का शेड्यूल ऑनलाइन टिकट में दिखाई देने लगा है। ऑनलाइन टिकट बुकिंग काउंटर के अनुसार, 19 मार्च से एटीआर 72 दिल्ली से दोपहर 3.30 बजे उड़ेगा और 5.25 बजे रीवा पहुँचेगा।
रीवा से रायपुर के लिए 5.50 बजे उड़ान भरेगा और रायपुर 7.10 पर पहुँचेगा। रीवा के लिए फिर 7.35 बजे उड़ेगा और 8.50 बजे रीवा पहुँचेगा। इसके बाद रात 9.15 बजे दिल्ली के लिए रवाना होकर 11.05 बजे पहुँचेगा।
किराया दरें – रायपुर जाना सस्ता, आना महंगा
अलायंस एयर ने टिकट बुकिंग शुरू कर दी है और किराया भी कम रखा गया है। हालांकि, जाना आने की तुलना में 700 रुपये सस्ता है। रीवा से रायपुर जाने वालों के लिए किराया 3 हजार 614 रुपये रखा गया है। वहीं रायपुर से रीवा आने वालों के लिए किराया 4 हजार 293 रुपये निर्धारित किया गया है।
.