सिवनी में अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में कोतवाली पुलिस ने चाकू से जानलेवा हमला करने वाले एक कुख्यात बदमाश को शनिवार रात गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में इस्तेमाल किया गया धारदार चाकू भी जब्त किया है। पैसे मांगने पर हुआ विवाद कोतवाली थाना प्रभारी सतीश तिवारी ने बताया कि बारापत्थर निवासी आशीष साहू (23) ने 4 मार्च 2026 को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। आशीष के अनुसार उसी दिन दोपहर करीब 2:30 बजे आरोपी प्रिंस मालवीय ने उससे पार्टी करने के लिए पैसे मांगे थे। जब आशीष ने पैसे देने से मना कर दिया तो आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी और जेब से चाकू निकालकर उस पर हमला कर दिया। इस हमले में आशीष की जांघ में गंभीर चोट आई। पुलिस ने दर्ज किया मामला पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296(बी) और 109(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। मानेगांव से आरोपी गिरफ्तार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की एक टीम बनाई गई। पुलिस टीम ने लगातार खोजबीन करते हुए आरोपी प्रिंस मालवीय को ग्राम मानेगांव से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के समय उसके पास से बटनदार स्टील का धारदार चाकू भी बरामद किया गया। आरोपी पर पहले से 17 मामले दर्ज पुलिस के अनुसार प्रिंस मालवीय क्षेत्र का कुख्यात बदमाश है। उसके खिलाफ कोतवाली और डूंडासिवनी थानों में मारपीट, जुआ, सट्टा और अवैध हथियार रखने जैसे कुल 17 आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। .