Last Updated:
Sabudana Kheer ki Recipe: साबूदाने की खीर बनाने के लिए सबसे पहले साबूदाने को अच्छी तरह धोलें. फिर इसे 2-3 घंटे के लिए पानी में भिगो दें ताकि वह नरम हो जाए. इसके बाद एक बर्तन में पानी डालें और फिर साबूदाने को उसमें डाल दें.
जांजगीर चांपा. चैत्र नवरात्रि के पावन पर्व पर हर ओर भक्तिमय माहौल है. देशभर के मंदिरों में भक्तों का सैलाब उमड़ रहा है. घर-घर में भजन-कीर्तन चल रहे हैं. मां दुर्गा के भक्त व्रत और अन्य पूजन-पाठ से माता को प्रसन्न कर रहे हैं. उपवास के दौरान अगर कुछ मीठा, हल्का और झटपट बनने वाला भोजन करना हो, तो साबूदाने से बनी मीठी डिश यानी साबूदाने की खीर सबसे बेहतरीन विकल्प है. यह स्वादिष्ट होने के साथ-साथ ऊर्जा से भी भरपूर होती है. साबूदाने की खीर घर पर आसानी से बना सकते हैं. इसके लिए कुछ सामग्री की आवश्यकता होती है, जिसमें साबूदाना, दूध, चीनी, काजू, बादाम, छोटी इलायची का पाउडर और थोड़ा सा देसी घी चाहिए होता है.
साबूदाने की खीर बनाने की विधि
खीर बनाने के लिए सबसे पहले साबूदाने को अच्छी तरह धोकर दो से तीन घंटे के लिए पानी में भिगो दें ताकि वह नरम हो जाए. इसके बाद एक बर्तन में पानी डालें और उसमें ये भीगे हुए साबूदाने को डालें. गैस ऑन करके उसपर रख दें और गर्म होने के बाद इसे चम्मच से चलाते रहें. जब उसका पानी थोड़ा सूख जाए, तो उसमें दूध डालकर धीमी आंच पर पकने दें. साबूदाने को धीमी आंच पर पकाते रहें. लगातार चम्मच चलाते रहें ताकि साबूदाना बर्तन से चिपके नहीं.
इस तरह गाढ़ी हो जाएगी खीर
अब उसमें काजू और बादाम डालें. इसके बाद स्वादानुसार चीनी डालें और पकने दें. 5-7 मिनट में साबूदाना पारदर्शी होने लगेगा, तब उसमें इलायची पाउडर डालें और खुशबू आने तक पकाएं. अब गैस बंद करें और कुछ समय के लिए बर्तन को ढक दें, इससे खीर गाढ़ी हो जाएगी. अब आपकी स्वादिष्ट साबूदाने की खीर बनकर तैयार हो गई है. इसे आप गर्मागर्म या ठंडा करके दोनों तरह से खा सकते हैं. अगर व्रत के दौरान कुछ मीठा खाने का मन हो, तो साबूदाने की इस आसान रेसिपी को जरूर ट्राई करें.
About the Author
राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.
.