Last Updated:
Smoking Effects on Health: युवाओं में बीड़ी-सिगरेट पीने का चलन बढ़ रहा है, लेकिन यह आदत न केवल फेफड़ों को नुकसान पहुंचाती है बल्कि कैंसर, हार्ट अटैक, लकवा और प्रजनन संबंधी समस्याओं जैसी गंभीर बीमारियों का भी खतरा बढ़ाती है. विशेषज्ञों का कहना है कि सिगरेट के धुएं में मौजूद हजारों केमिकल्स शरीर के लिए बेहद हानिकारक हैं. आइए जानते हैं इसके खतरे से जुड़ी पूरी खबर.
देहरादून: आजकल युवाओं में बीड़ी और सिगरेट पीने का चलन तेजी से बढ़ गया है. लोग अक्सर इसे तनाव कम करने का जरिया मानते हैं, लेकिन इसके गंभीर स्वास्थ्य प्रभावों से शायद ही कोई वाकिफ है. बीड़ी और सिगरेट के धुएं में कार्सिनोजिक तत्व होते हैं, जो फेफड़े, मुंह, गले और अन्य अंगों में कैंसर का खतरा बढ़ाते हैं.
सिगरेट के धुएं में हजारों केमिकल्स पाए जाते हैं, जो न केवल कैंसर बल्कि दिल और फेफड़ों की बीमारियों को भी जन्म देते हैं. लंबे समय तक सिगरेट पीने से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर होती है और अन्य गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं जैसे उच्च रक्तचाप, श्वसन रोग और हृदय संबंधी समस्याएं बढ़ सकती हैं.
प्रजनन क्षमता पर असर
टीबी एवं छाती रोग विशेषज्ञ डॉ. अनुराग अग्रवाल ने बताया कि सिगरेट का सेवन पुरुषों और महिलाओं दोनों के प्रजनन स्वास्थ्य पर बुरा असर डालता है. पुरुषों में लंबे समय तक सिगरेट पीने से स्पर्म काउंट कम होता है, जबकि महिलाओं में गर्भधारण करने में समस्या आती है. एक रिपोर्ट के अनुसार, सिगरेट पीने वालों में लगभग 85 प्रतिशत तक नपुंसकता की संभावना बढ़ जाती है. इसके साथ ही, प्रजनन अंगों के अलावा कई अन्य अंगों पर भी गंभीर रोगों का खतरा होता है.
हार्ट अटैक और लकवे का खतरा
डॉ. अग्रवाल ने बताया कि सिगरेट में मौजूद निकोटिन और अन्य हानिकारक तत्व ब्लड में कोलेस्ट्रॉल बढ़ाते हैं. इससे धमनियों में ब्लॉकेज होने का खतरा रहता है, जो हृदय और मस्तिष्क तक रक्त प्रवाह को बाधित कर सकता है. लंबे समय तक सिगरेट पीने से हार्ट अटैक और लकवा जैसी जानलेवा बीमारियों का जोखिम बढ़ जाता है. ब्रेन की धमनियों में ब्लॉकेज होने से गंभीर न्यूरोलॉजिकल समस्याएं भी हो सकती हैं. इसके अलावा, लगातार सिगरेट पीने से फेफड़े संक्रमित होकर गंभीर क्षति का सामना करते हैं, जिससे फेफड़े फटने या श्वसन संबंधी अन्य गंभीर जटिलताएं उत्पन्न हो सकती हैं.
सिगरेट का शरीर पर व्यापक प्रभाव
डॉ. अग्रवाल ने चेताया कि सिगरेट का सेवन केवल फेफड़ों और हृदय के लिए ही हानिकारक नहीं है, बल्कि यह पूरे शरीर पर गंभीर असर डालता है. लंबे समय तक इसका सेवन प्रतिरक्षा तंत्र को कमजोर करता है, शरीर को जल्दी थका देता है और त्वचा की उम्र बढ़ा देता है. पुरुषों और महिलाओं दोनों में प्रजनन क्षमता पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है, जिससे गर्भधारण प्रभावित हो सकता है.
About the Author
सीमा नाथ पांच साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. शाह टाइम्स, उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम किया है. वर्तमान में मैं News18 (नेटवर्क18) के साथ जुड़ी हूं, जहां मै…और पढ़ें