Last Updated:
गर्मियों में त्वचा को स्वस्थ और चमकदार बनाए रखना आसान नहीं होता. तेज धूप, गर्मी और पसीने की वजह से त्वचा बेजान और रूखी दिखने लगती है. ऐसे में पपीता, संतरा, अमरूद, नाशपाती, तरबूज और गाजर जैसे प्राकृतिक फल त्वचा को हाइड्रेट रखने के साथ-साथ उसे अंदर से पोषण देकर प्राकृतिक निखार देने में मदद करते हैं. आगे जानिए…
पपीता मुहांसों और दाग-धब्बों के लिए जादुई फल माना जाता है. इसमें पेपेन एंजाइम पाए जाते हैं, जो मृत त्वचा कोशिकाओं को हटाकर त्वचा को एक्सफोलिएट करते हैं. इससे रंगत साफ होती है और त्वचा हल्की व चमकदार दिखाई देती है. रोज सही तरीके से पपीते का प्रयोग करने से न केवल निशान कम होते हैं, बल्कि त्वचा में प्राकृतिक निखार भी आता है.
वैसे तो संतरा विटामिन सी का खजाना माना जाता है. यह कोलेजन उत्पादन को बढ़ाकर त्वचा को दृढ़ और कोमल बनाता है. हाइपरपिगमेंटेशन, महीन रेखाएं और झुर्रियों को नियंत्रित करने में भी यह मदद करता है. संतरे का रस या इसका फेस पैक त्वचा को विषाक्त पदार्थों से मुक्त कर प्राकृतिक चमक देता है.
राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय नगर की पांच साल अनुभवी चिकित्साधिकारी डॉ. वंदना तिवारी के मुताबिक, अमरूद एंटीऑक्सीडेंट और विटामिन से भरपूर होता है. यह त्वचा को हानिकारक प्रभावों से बचाता है और उम्र बढ़ने की प्रक्रिया को धीमा करता है. झुर्रियों और फाइन लाइन्स को रोकने में अमरूद लाभकारी है. यह पाचन तंत्र को बेहतर बनाता है और नियमित सेवन से त्वचा में निखार आता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
त्वचा की सुंदरता के लिए नाशपाती को भी कम नहीं आंकना चाहिए. इसमें एंटीऑक्सीडेंट और विटामिन C प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं. यह कोलेजन के निर्माण में मदद करता है, जिससे त्वचा की लोच बनी रहती है. इसके सेवन या फेस पैक से झुर्रियों और महीन रेखाओं को कम करने में मदद मिलती है और त्वचा मुलायम, तरोताजा और जवान नजर आती है.
तरबूज में लगभग 92% पानी होता है, जो त्वचा को प्राकृतिक हाइड्रेशन देता है. इसमें विटामिन E और प्राकृतिक तेल भी पाए जाते हैं, जो त्वचा में नमी बनाए रखने में मदद करते हैं. इससे त्वचा भरी-भरी और रूखापन कम दिखाई देता है. गर्मियों में तरबूज त्वचा को ठंडक और पोषण दोनों प्रदान करता है, और अब यह बाजार में मिलने भी लगा है.
गाजर एक प्राकृतिक एक्सफोलिएटर की तरह काम करती है. यह मृत त्वचा कोशिकाओं को हटाकर चेहरे को साफ और ताजा बनाती है. इसमें मौजूद बीटा कैरोटीन और एंटीऑक्सीडेंट सूरज की हानिकारक किरणों से त्वचा की सुरक्षा करते हैं. गाजर का मास्क या रस इस्तेमाल करने से त्वचा का रंग हल्का और प्राकृतिक रूप से चमकदार दिखने लगता है.
त्वचा की सुंदरता महंगे उत्पादों से नहीं, बल्कि प्राकृतिक तत्वों से आती है. पपीता, संतरा, अमरूद, नाशपाती, तरबूज और गाजर खाने या लगाने से त्वचा स्वस्थ, हाइड्रेटेड और युवा दिखाई देती है. रोजाना सही तरीके से उपयोग करने पर गर्मियों में भी त्वचा चमकदार, मुलायम और सुंदर बनी रहती है. हालांकि, किसी गंभीर रोग से ग्रस्त मरीजों को डॉक्टर की सलाह के बिना इसका सेवन नहीं करना चाहिए.
.