Last Updated:
गर्मी के मौसम में सूखी हवा और कम नमी का असर सीधे हमारी नाक पर पड़ता है, जिससे कई बार अचानक खून आने की समस्या हो जाती है. यह परेशानी खासकर बच्चों और बुजुर्गों में ज्यादा देखने को मिलती है. हालांकि सही समय पर प्राथमिक उपचार और कुछ आसान उपाय अपनाकर इसे कंट्रोल किया जा सकता है, लेकिन अगर यह बार-बार होने लगे तो डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी हो जाता है.
नाक से खून बहना.
गर्मी का मौसम अपने साथ कई तरह की स्वास्थ्य समस्याएं लेकर आता है, जिनका असर सीधे हमारे शरीर पर पड़ता है. तेज धूप, गर्म हवाएं और शरीर में पानी की कमी कई परेशानियों को जन्म देती हैं. इन्हीं में से एक आम समस्या है अचानक नाक से खून आना, जिसे मेडिकल भाषा में Epistaxis कहा जाता है. यह परेशानी खासतौर पर बच्चों और बुजुर्गों में ज्यादा देखने को मिलती है, क्योंकि उनका शरीर मौसम के बदलाव के प्रति अधिक संवेदनशील होता है.
डॉक्टरों के अनुसार, गर्मियों में हवा में नमी कम हो जाती है, जिससे नाक के अंदर की परत सूखने लगती है. नाक के भीतर की त्वचा बहुत पतली और नाजुक होती है, जिसमें छोटी-छोटी रक्त नलिकाएं मौजूद होती हैं. जब यह परत सूख जाती है, तो ये नलिकाएं कमजोर होकर आसानी से फट सकती हैं और खून बहने लगता है. गर्म हवा और कम ह्यूमिडिटी इस समस्या को और बढ़ा देते हैं. इसके अलावा, अगर कोई व्यक्ति जोर से नाक साफ करता है या बार-बार छींकता है, तो भी ये नसें टूट सकती हैं. एलर्जी, साइनस, इंफेक्शन या नाक में चोट लगने जैसे कारण भी नाक से खून आने की वजह बन सकते हैं.
कुछ मामलों में यह समस्या केवल मौसम की वजह से नहीं होती, बल्कि अन्य स्वास्थ्य स्थितियों से भी जुड़ी हो सकती है. जिन लोगों को हाई ब्लड प्रेशर रहता है या जो खून को पतला करने वाली दवाइयां लेते हैं, उनमें भी नाक से खून आने की संभावना बढ़ जाती है. इसलिए अगर यह समस्या बार-बार हो रही हो, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए और डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी होता है.
अगर अचानक नाक से खून आने लगे, तो घबराने के बजाय सही तरीके से प्राथमिक उपचार करना चाहिए. सबसे पहले व्यक्ति को सीधे बैठना चाहिए और सिर को थोड़ा आगे की ओर झुकाना चाहिए, ताकि खून गले में जाने की बजाय बाहर निकले. इसके बाद नाक के नरम हिस्से को अंगूठे और उंगली से कुछ मिनटों तक दबाकर रखना चाहिए. इस दौरान मुंह से सांस लेना बेहतर होता है. साथ ही माथे या नाक पर ठंडी पट्टी या बर्फ लगाने से खून का बहाव कम होता है और जल्दी रुकने में मदद मिलती है. आमतौर पर ये उपाय कुछ ही मिनटों में असर दिखा देते हैं.
अगर किसी को बार-बार नाक से खून आने की समस्या होती है, तो कुछ आसान सावधानियां अपनाकर इसे काफी हद तक रोका जा सकता है. नाक के अंदर हल्का सा नारियल तेल या पेट्रोलियम जेली लगाने से नमी बनी रहती है और सूखापन कम होता है. गर्मियों में शरीर को हाइड्रेट रखना बेहद जरूरी है, इसलिए पर्याप्त मात्रा में पानी पीना चाहिए. कमरे में नमी बनाए रखने के लिए ह्यूमिडिफायर का उपयोग भी फायदेमंद होता है. इसके अलावा, भाप लेने से भी नाक के अंदर की सूखापन कम होती है और यह समस्या नियंत्रित रहती है.
About the Author
विविधा सिंह न्यूज18 हिंदी (NEWS18) में पत्रकार हैं. इन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में बैचलर और मास्टर्स की डिग्री हासिल की है. पत्रकारिता के क्षेत्र में ये 3 वर्षों से काम कर रही हैं. फिलहाल न्यूज18…और पढ़ें