Last Updated:
Night Fragrant Plants: अगर आप घर या बालकनी में प्राकृतिक खुशबू चाहते हैं तो कुछ खास पौधे आपके लिए बेहतरीन विकल्प हो सकते हैं. इन पौधों की खासियत यह है कि इनमें रात के समय तेज और मनमोहक खुशबू फैलती है, जिससे पूरा घर महक उठता है. रात्रि रानी, नाइट जैस्मिन और कुछ अन्य सुगंधित पौधे बालकनी या गार्डन में आसानी से उगाए जा सकते हैं. इनकी देखभाल भी ज्यादा मुश्किल नहीं होती. ऐसे पौधे न केवल घर की सुंदरता बढ़ाते हैं बल्कि प्राकृतिक तरीके से वातावरण को भी ताजा और सुगंधित बनाए रखते हैं.
हर किसी की चाहत होती है कि घर में हरियाली के साथ-साथ ताजगी भरी प्राकृतिक खुशबू भी बनी रहे जिससे माहौल सुकून भरा रहता है ऐसे में कुछ पौधे ऐसे होते हैं जो देखने में भले ही साधारण लगते हों लेकिन जैसे ही शाम ढलती है उनकी महक धीरे-धीरे पूरे वातावरण को सुगंध से भर देती है. रात के समय इन पौधों की खुशबू और भी ज्यादा महसूस होती है जिससे घर का माहौल बेहद खास बन जाता है. अच्छी बात यह है कि इन खुशबूदार पौधों को उगाने के लिए बड़े गार्डन की जरूरत नहीं होती है.
रात की रानी का नाम सुनते ही उसकी मीठी और तेज महक याद आ जाती है. यह पौधा खासतौर पर रात के समय अपनी सुगंध के लिए जाना जाता है. जैसे ही शाम ढलती है, इसकी खुशबू धीरे-धीरे चारों तरफ फैलने लगती है और रात होते-होते पूरा वातावरण महक उठता है. रातरानी को हल्की धूप पसंद होती है और इसे बहुत ज्यादा पानी की जरूरत भी नहीं रहती है. मिट्टी को बस हल्का नम बनाए रखना काफी होता है. महीने में एक बार जैविक खाद डालने से यह पौधा अच्छी तरह बढ़ता है और भरपूर खुशबू देता है.
मोगरा के सफेद फूल देखने में बेहद आकर्षक होते हैं और इसकी सुगंध मन को सुकून देने वाली होती है. खास बात यह है कि इसकी महक शाम और रात के समय और भी ज्यादा महसूस होती है. यही कारण है कि लोग इसे बालकनी और छत पर लगाना पसंद करते हैं. सही देखभाल मिलने पर मोगरा आपकी बालकनी को खूबसूरती और खुशबू से भर देता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
रजनीगंधा के लंबे डंठल पर खिलने वाले सफेद फूल रात में खास सुगंध देते हैं. इसे गमले में बल्ब (कंद) से लगाया जाता है और सही देखभाल करने पर यह कई दिनों तक खुशबू देता रहता है.
चमेली का पौधा भी खुशबूदार पौधों में काफी लोकप्रिय है. इसके सफेद या पीले फूल खासकर शाम के समय अधिक महकते हैं. यह पौधा गमले में आसानी से उग जाता है और ज्यादा जगह भी नहीं लेता है इसलिए छोटे घरों के लिए भी यह एक अच्छा विकल्प है. चमेली को ऐसी जगह रखना चाहिए जहां पर्याप्त धूप आती हो. समय-समय पर हल्की छंटाई करने से नई शाखाएं निकलती हैं और पौधा घना बनता है.
गंधराज के बड़े-बड़े सफेद फूल अपनी खूबसूरती और तेज खुशबू के लिए मशहूर होते हैं. जैसे ही ये फूल खिलते हैं, आसपास का माहौल मीठी और गहरी सुगंध से भर जाता है. इसे गमले में भी आसानी से उगाया जा सकता है और सही देखभाल करने पर यह पौधा लंबे समय तक आपकी बालकनी या आंगन को महकाता रहता है.
.