Kitchen Cooling Tips: गर्मी का मौसम आते ही घर का सबसे ज्यादा गर्म हिस्सा अगर कोई बनता है, तो वो है किचन. गैस स्टोव की आंच, लगातार पकता खाना और ऊपर से कम वेंटिलेशन-ये सब मिलकर किचन को ऐसा बना देते हैं कि कुछ देर खड़े रहना भी मुश्किल हो जाता है. खासकर दोपहर के वक्त तो हालत और भी खराब हो जाती है. कई घरों में तो दिन में दो-तीन बार खाना बनता है, ऐसे में ये परेशानी रोज की कहानी बन जाती है. इसका असर सिर्फ शरीर पर नहीं, बल्कि मूड और एनर्जी पर भी पड़ता है, लेकिन अच्छी बात ये है कि किचन को ठंडा रखने के लिए आपको महंगे उपकरण या बड़े बदलाव की जरूरत नहीं है. कुछ छोटे-छोटे स्मार्ट बदलाव अपनाकर आप अपने किचन को काफी हद तक कूल और आरामदायक बना सकते हैं.
स्मार्ट कुकिंग से कम करें गर्मी
गर्मी से बचने का सबसे आसान तरीका है अपने कुकिंग टाइम और स्टाइल में थोड़ा बदलाव करना. कोशिश करें कि खाना सुबह जल्दी या शाम को बनाएं, जब तापमान कम होता है. दोपहर 12 से 4 बजे के बीच कुकिंग से बचना बेहतर रहेगा. जहां तक हो सके, ऐसे तरीके अपनाएं जिनमें कम हीट पैदा होती है. जैसे उबालना, स्टीम करना या प्रेशर कुकर का इस्तेमाल. तलने और बेकिंग जैसी चीजें ज्यादा गर्मी फैलाती हैं, इसलिए इन्हें कम करें. साथ ही, सलाद, दही वाले डिश या हल्के स्टिर-फ्राई जैसे ऑप्शन भी अच्छे रहते हैं.
वेंटिलेशन बढ़ाएं, गर्मी भगाएं
1. हवा का सही फ्लो बनाना जरूरी
किचन में हवा का आना-जाना सही होना बहुत जरूरी है. खाना बनाते समय खिड़कियां और दरवाजे खुले रखें ताकि गर्म हवा बाहर निकल सके, अगर आपके किचन में एग्जॉस्ट फैन या चिमनी है, तो उसे जरूर चलाएं, अगर नहीं है, तो एक छोटा पंखा दरवाजे के पास रख सकते हैं, जिससे हवा बाहर की तरफ जाए. ये छोटा सा कदम भी बड़ा फर्क ला सकता है.
2. बेवजह की हीट से बचें
कई बार हम ध्यान नहीं देते, लेकिन छोटे-छोटे उपकरण भी किचन को गर्म कर देते हैं. ओवन, माइक्रोवेव, मिक्सर, केतली-इनका इस्तेमाल कम से कम करें या जरूरत के बाद तुरंत बंद कर दें.
लाइटिंग भी फर्क डालती है. पुराने बल्ब ज्यादा गर्मी देते हैं, इसलिए उनकी जगह एलईडी लाइट्स लगाना बेहतर रहेगा.
3. किचन को हल्का और साफ रखें
कम सामान, ज्यादा ठंडक अगर किचन में बहुत ज्यादा सामान भरा हो, तो गर्मी फंस जाती है और जगह और गर्म लगने लगती है. इसलिए कोशिश करें कि किचन साफ और व्यवस्थित रहे. हल्के रंग के परदे या ब्लाइंड इस्तेमाल करें. गहरे रंग गर्मी को ज्यादा सोखते हैं, जबकि हल्के रंग कूल फील देते हैं. अगर धूप सीधे अंदर आती है, तो दोपहर के वक्त परदे लगा लें. खिड़की के पास छोटे-छोटे पौधे रखने से भी ठंडक का अहसास होता है और हवा भी थोड़ी फ्रेश लगती है.
4. खुद का ख्याल रखना भी जरूरी
गर्मी में किचन संभालना जितना जरूरी है, उतना ही जरूरी है खुद का ध्यान रखना. खाना बनाते समय पानी पीते रहें ताकि शरीर डिहाइड्रेट न हो, अगर ज्यादा गर्मी लगे, तो बीच-बीच में छोटा ब्रेक लें. हल्के और ढीले कपड़े पहनें, इससे शरीर को राहत मिलती है. एक और आसान तरीका है-खाना बनाने से पहले सारी तैयारी कर लें. सब्जी काटना, मसाले तैयार करना-ये सब पहले कर लेंगे तो गैस के सामने कम समय बिताना पड़ेगा.
आखिर में क्या समझें?
गर्मी में किचन को ठंडा रखना कोई मुश्किल काम नहीं है. बस जरूरत है थोड़ी समझदारी और रोजमर्रा की आदतों में छोटे बदलाव की. सही टाइम पर खाना बनाना, वेंटिलेशन का ध्यान रखना और खुद को हाइड्रेट रखना-ये सब मिलकर आपकी किचन लाइफ को काफी आसान बना सकते हैं.
.