Pakistan Hockey News: पाकिस्तान में नया विवाद छिड़ गया है. पाकिस्तान हॉकी टीम के कप्तान शकील अम्माद बट्ट ने ऑस्ट्रेलिया टूर से वापस लौटने के बाद PHF (पाकिस्तान हॉकी संघ) पर गंभीर आरोप लगाए थे. इस मामले ने विकराल रूप ले लिया है क्योंकि पीएचएफ के अध्यक्ष तारिक बुगती ने अचानक अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. वो अपना त्यागपत्र पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को सौंप चुके हैं, जो पाकिस्तान हॉकी संघ के पैट्रन-इन-चीफ भी हैं.
ऑस्ट्रेलियाई टूर से वापस लौटने के बाद पाकिस्तान टीम के कप्तान शकील अम्माद बट्ट ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि कैसे खिलाड़ियों को खुद किचन साफ करना और बर्तन मांजने पड़े थे. उन्होंने यह भी बताया कि जब टीम होटल पहुंची तो होटल प्रबंधन ने बताया कि उन्हें पेमेंट नहीं मिली है. इसलिए जब तक रहने की व्यवस्था नहीं हुई तब तक खिलाड़ियों को यूं ही भटकना पड़ा था. वहीं पाक हॉकी टीम को 13-14 घंटे सिडनी एयरपोर्ट पर बिताने पड़े थे.
इन सभी आरोपों के बाद तारिक बुगती ने पीएचएफ के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के अलावा फील्ड मार्शल आसिम मुनीर से अपील करके कहा कि जो भी आरोप लगे हैं उनको लेकर निष्पक्ष जांच करवाई जाए.
आपको याद दिला दें कि एफआईएच प्रो लीग के ऑस्ट्रेलियाई लेग में पाकिस्तान टीम को ऑस्ट्रेलिया और जर्मनी के खिलाफ अपने दोनों मैच हारने पड़े. दूसरी ओर पाकिस्तान स्पोर्ट्स बोर्ड कह चुका है कि उसने ऑस्ट्रेलिया में व्यवस्थाओं के लिए पाकिस्तान हॉकी संघ को 10 मिलियन रुपयों से ज्यादा राशि आवंटित की थी. पीएम शहबाज शरीफ इस पूरे मामले की जांच के आदेश दे चुके हैं.
यह भी पढ़ें:
टेबल टॉपर बनने की लड़ाई में श्रीलंका-जिम्बाब्वे में जबरदस्त टक्कर, ZIM को मिला 179 का लक्ष्य
.