मोटोरोला अपने ट्रू वायरलेस ईयरबड्स (TWS) पोर्टफोलियो में नया मॉडल जोड़ने की तैयारी कर रही है. कंपनी ने अप्रैल 2024 में ग्लोबल मार्केट में Moto Buds+ लॉन्च किए थे, जिसे मई में भारत में भी पेश किया गया था. अब एक नई लीक रिपोर्ट से संकेत मिल रहे हैं कि कंपनी जल्द ही Moto Buds 2 Plus को लॉन्च कर सकती है.
लीक हुई रेंडर इमेज के अनुसार, आने वाले Moto Buds 2 Plus में स्टेम-स्टाइल ईयरबड्स और सिलिकॉन ईयर टिप्स देखने को मिल सकते हैं. ये ईयरबड्स एक ओवल, कंकड़ जैसे दिखने वाले चार्जिंग केस में रखे जाएंगे.
केस के सामने मोटोरोला का बैटविंग लोगो और ‘Sound by Bose’ ब्रांडिंग दिखाई दे रही है, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि कंपनी इस बार भी Bose के साथ ऑडियो ट्यूनिंग पार्टनरशिप जारी रखेगी.
डिजाइन में दिख सकता है बड़ा बदलाव
लीक के मुताबिक, नए मॉडल में चार्जिंग केस का डिजाइन बदला हुआ हो सकता है. पहले वाले Moto Buds+ में ईयरबड्स को हॉरिजॉन्टल लेआउट में रखा जाता था, जबकि Moto Buds 2 Plus में इन्हें वर्टिकल स्टाइल में रखा जा सकता है. हालांकि, ईयरबड्स का बाहरी डिजाइन पिछले मॉडल जैसा ही नजर आता है.
रिपोर्ट के अनुसार, यह ईयरबड्स दो कलर ऑप्शन में आ सकते हैं. एक वेरिएंट में सफेद एक्सटीरियर और हल्का नीला इंटीरियर, जबकि दूसरे में डार्क ब्लू बॉडी के साथ ब्लू-ग्रे इंटीरियर देखने को मिल सकता है.
कीमत और फीचर्स की जानकारी
मोटोरोला ने अभी तक Moto Buds 2 Plus की कीमत, स्पेसिफिकेशन या लॉन्च डेट की आधिकारिक घोषणा नहीं की है. हालांकि, पिछला मॉडल Moto Buds+ भारत में 9,999 रुपये की कीमत पर लॉन्च हुआ था, इसलिए नया मॉडल भी इसी प्रीमियम रेंज में आने की उम्मीद है.
मोटो Buds+ में डुअल डायनामिक ड्राइवर (11mm वूफर + 6mm ट्वीटर), 46dB तक एक्टिव नॉइज कैंसलेशन, ट्रांसपेरेंसी और एडेप्टिव मोड, Dolby Atmos, Hi-Res Audio और ट्रिपल माइक्रोफोन सिस्टम जैसे फीचर्स मिलते हैं. बैटरी की बात करें तो चार्जिंग केस के साथ 38 घंटे तक का प्लेबैक और 10 मिनट की क्विक चार्जिंग में 3 घंटे तक का यूज मिलता है.
.