Last Updated:
Risky Drinking Habits: शराब पीते समय की गई कुछ गलतियां करना सेहत के लिए बेहद नुकसानदायक हो सकता है. शराब के साथ सिगरेट, खाली पेट शराब पीना, अल्कोहल में अन्य नशीले पदार्थ मिलाना और बीमारी के दौरान शराब पीना जानलेवा हो सकता है. ये गलत आदतें गंभीर बीमारियों और कम उम्र में मौत का खतरा बढ़ा सकती हैं. सावधानी बरतना बेहद जरूरी है.
शराब पीते वक्त सिगरेट और अन्य नशीली चीजों का सेवन बिल्कुल नहीं करना चाहिए. (Image- AI)
Alcohol and Health Risks: मॉडर्न लाइफस्टाइल में शराब पीना फैशन बन गया है. तमाम युवा हर वीकेंड पर शराब पीते हैं और इसके साथ कई अन्य तरह का नशा भी करते हैं. शौक के चक्कर में शराब पीने के नुकसान अक्सर नजरअंदाज कर दिए जाते हैं. हेल्थ एक्सपर्ट्स शराब को सेहत के लिए बेहद खतरनाक मानते हैं. खासकर जब शराब का सेवन गलत तरीकों से किया जाए, तो यह लोगों के लिए जानलेवा भी हो सकती है. शराब पीने से लिवर डैमेज, हार्ट प्रॉब्लम और यहां तक कम उम्र में मौत का खतरा भी बढ़ सकता है. ऐसे में जरूरी है कि अगर कोई शराब पीता भी है, तो कुछ खतरनाक गलतियां न करें.
ग्रेटर नोएडा के फोर्टिस हॉस्पिटल के फिजीशियन डॉ. दिनेश कुमार त्यागी ने बताया कि सबसे पहले तो यह समझना जरूरी है कि शराब में अल्कोहल होता है और इससे शरीर को गंभीर नुकसान होता है. कई लोग शराब के साथ सिगरेट भी पीते हैं, जोसबसे खतरनाक आदतों में से एक है. जब शराब और तंबाकू एक साथ शरीर में जाते हैं, तो यह कैंसर, हार्ट डिजीज और लिवर डैमेज का खतरा कई गुना बढ़ा देते हैं. सिगरेट में मौजूद हानिकारक रसायन और शराब का असर मिलकर शरीर की कोशिकाओं को तेजी से नुकसान पहुंचाते हैं. यह कॉम्बिनेशन युवाओं के लिए बेहद घातक साबित हो सकता है. लोगों को इस गलती से बचना चाहिए. सिर्फ सिगरेट पीना भी सेहत के लिए नुकसानदायक है.
डॉक्टर ने बताया कि खाली पेट शराब पीना भी शरीर के लिए बेहद नुकसानदायक है. जब पेट खाली होता है, तो शराब सीधे ब्लड में तेजी से पहुंचती है, जिससे नशा जल्दी चढ़ता है और लिवर पर ज्यादा दबाव पड़ता है. इससे चक्कर आना, उल्टी, गैस्ट्रिक समस्या और यहां तक कि बेहोशी तक हो सकती है. इसलिए शराब पीने से पहले कुछ हल्का खाना जरूर लेना चाहिए, ताकि सेहत को कम नुकसान हो. शराब के साथ नमकीन या तली-भुनी चीजें खाने से भी शरीर को काफी नुकसान होता है.
एक्सपर्ट्स की मानें तो कुछ लोग शराब के साथ अन्य नशीले पदार्थ मिलाकर सेवन करते हैं, जो बेहद खतरनाक है. यह न केवल शरीर पर बुरा असर डालता है, बल्कि अचानक रिएक्शन, हार्ट फेलियर या ओवरडोज जैसी गंभीर स्थिति पैदा कर सकता है. इस तरह के प्रयोग अक्सर जानलेवा साबित हो सकते हैं और इससे बचना ही सबसे सुरक्षित विकल्प है. शराब के साथ नशीले ड्रग्स का सेवन मौत की वजह बन सकता है. ऐसी कंडीशन से बचने के लिए कभी शराब और नशीली चीजें न मिलाएं.
अगर किसी व्यक्ति को पहले से कोई गंभीर बीमारी है, जैसे लिवर की समस्या, हार्ट डिजीज, डायबिटीज या हाई ब्लड प्रेशर, तो शराब का सेवन कंडीशन ज्यादा खराब कर सकता है. कई दवाइयों के साथ शराब लेने से साइड इफेक्ट भी बढ़ जाते हैं. ऐसे में शराब पीना सेहत के लिए बहुत बड़ा जोखिम बन सकता है. शराब का सेवन अगर गलत तरीके से किया जाए तो यह धीरे-धीरे शरीर को अंदर से कमजोर कर देता है. अगर अपनी सेहत को सुरक्षित रखना चाहते हैं, तो इन गलतियों से बचना जरूरी है.
About the Author
अमित उपाध्याय News18 Hindi की लाइफस्टाइल टीम के अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे हेल्थ, वेलनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी रिसर्च-बेस्ड और डॉक्टर्स के इंटरव्…और पढ़ें