Success Story: साल 1995 की बात है. इंटरनेट बस लोगों की जिंदगी में जगह बना ही रहा था. इसी दौर में क्रेग न्यूमार्क (Craig Newmark) नामक शख्स ने अपने दोस्तों के लिए एक बेहद साधारण सी वेबसाइट बनाई. इस वेबसाइट का मकसद बहुत छोटा और साफ था – बस लोकल इवेंट्स की जानकारी दोस्तों के साथ शेयर करना. न कोई बड़ी तैयारी, न किसी तरह का बिजनेस प्लान और न ही किसी बड़े निवेशक का पैसा. बस एक आदमी और उसका एक छोटा सा आइडिया.
धीरे-धीरे यह वेबसाइट लोगों के लिए जरूरत बन गई. जिसने भी इसका इस्तेमाल किया, उसने अपने दोस्तों को बताया. न किसी तरह की मार्केटिंग, न विज्ञापन, बस लोगों की आपसी बातचीत से Craigslist का नाम फैलता गया. क्रेग ने जब यह देखा कि लोग इससे जुड़ रहे हैं, तो उन्होंने सारी पोस्ट्स को व्यवस्थित तरीके से एक वेबसाइट पर डालना शुरू कर दिया. वेबसाइट का डिजाइन बेहद साधारण था- न कोई शानदार लोगो, न कोई फैंसी ब्रांडिंग. बस काले-सफेद पेज पर लिस्टेड जानकारी. लेकिन फिर भी लोग इसे पसंद करने लगे.
अभी 60 कर्मचारी मैनेज करते हैं साइट को
आज 2025 में जब हम Craigslist को देखते हैं तो यह एक बड़ी मिसाल है. बिना किसी विज्ञापन पर खर्च किए यह वेबसाइट हर साल करीब 700 मिलियन डॉलर कमा रही है. हैरानी की बात यह है कि इतने बड़े बिजनेस को चलाने के लिए केवल 60 कर्मचारी काम करते हैं. आज भी इस कंपनी ने किसी बड़े निवेशक से कोई फंड नहीं लिया है.
Craigslist की कहानी सिर्फ पैसों तक सीमित नहीं है. यह कहानी है उस सोच की… जो कहती है कि काम सिर्फ पैसे कमाने के लिए नहीं होना चाहिए. जब कोई बिजनेसमैन इस वेबसाइट को खरीदने आया और उसने क्रेग को 11 बिलियन डॉलर का ऑफर दिया, तो यह किसी के लिए भी ठुकराना मुश्किल होता. लेकिन क्रेग ने मुस्कुराते हुए कहा- “नहीं चाहिए. मेरे पास जो है, काफी है. मेरी लाइफ आसानी से चल रही है, मैं खुश हूं.”
क्रेग का यह जवाब आज के दौर में एक बहुत बड़ा संदेश देता है. जहां लोग स्टार्टअप बनाते ही निवेशकों के पीछे दौड़ते हैं, वहां क्रेग ने दिखाया कि सफलता केवल पैसों से नहीं मापी जाती. असली सफलता वह होती है जब आप अपने काम से खुश हों और लोगों की जिंदगी आसान बना रहे हों. आज इस वेबसाइट पर कम्युनिटी एक्टीविटीज, सर्विसेज, घर की खरीद-बेच से लेकर किराये पर चढ़ाना, नौकरियां, गिग्स और रिज्यूमे जैसे सेक्शन उपलब्ध हैं, जिसके अंदर भी ढेरों सब-सेक्शन हैं. लगभग दुनिया के सभी बड़े शहरों के लोग यहां पोस्ट कर सकते हैं. इस सबके बावजूद अभी भी साइट का होमपेज केवल एक ही स्क्रॉल तक सीमित है. अगर स्क्रीन साइज बड़ा हो तो एक स्क्रॉल भी करने की जरूरत नहीं.
Craigslist से दूसरा संदेश यह भी मिलात है कि बड़े ब्रांड, भारी-भरकम मार्केटिंग और करोड़ों का निवेश ही सफलता का रास्ता नहीं हैं. कभी-कभी एक साधारण आइडिया, ईमानदारी से किया गया काम और लोगों की जरूरतों को समझने का जज्बा ही आपको वहां पहुंचा सकता है, जहां बड़े-बड़े बिजनेस प्लान भी नहीं पहुंचा पाते.
.