जयपुर. सर्दियों के सीजन में लोग चटपटे जायके को खूब पसंद करते हैं. इस दौरान स्नैक्स और नमकीन का स्वाद सबसे ज्यादा लिया जाता है. ऐसे ही जयपुर में नमकीन के शौकीनों के लिए इंदौर के फेमस सोनू चंदवानी, जिन्हें लोग नमकीन वाले मामा के नाम से जानते हैं, खास आकर्षण बने हुए हैं. उनकी एक हजार प्रकार की नमकीनों का स्वाद लोगों को जवाहर कला केंद्र तक खींच लाता है. नमकीन वाले मामा की जयपुर में इतनी डिमांड है कि वे इंदौर से शिफ्ट होकर जयपुर में ही रहने लगे हैं, ताकि लोगों को उनकी नमकीन का स्वाद लगातार मिलता रहे.
एक ही मिल जाएंगे एक हजार प्रकार के नमकीन
जयपुर के लोग पिछले 10 वर्षों से उनकी नमकीनों का स्वाद ले रहे हैं, इसलिए यहां के लोग उनकी नमकीनों का बेसब्री से इंतजार करते हैं. इसी कारण वे लगातार जवाहर कला केंद्र के फेयर और फेस्टिवल में अपनी खास नमकीनें लेकर आते हैं, जिनकी लोगों में भारी डिमांड रहती है. नमकीन वाले मामा सोनू चंदवानी बताते हैं कि शुरुआत में उनके पास नमकीनों की वैरायटी कम थी, लेकिन जैसे-जैसे लोगों ने स्वाद चखा, वैसे-वैसे अलग-अलग अनाज और फ्लेवर की डिमांड आने लगी. लोगों की मांग पर उन्होंने धीरे-धीरे नमकीनों की वैरायटी बढ़ाई और आज उनके पास करीब एक हजार प्रकार की नमकीनें उपलब्ध हैं.
नमकीन वाले मामा के पास उपलब्ध हैं ये वैरायटी
उनकी फेमस नमकीनों में प्याज चिवड़ा, गेहूं चिवड़ा, चावल चिवड़ा, मक्का चिवड़ा, दाल चिवड़ा, दूध पनीर सेव, पानीपुरी सेव, लेमन सेव, मैगी सेव, कचौरी सेव, पालक सेव, टमाटर सेव, लौंग सेव, कड़ी पत्ता सेव, हींग सेव, जीरा वन सेव, रागी लहसुन सेव, दूध सेव, भुजिया सेव, चाट गाठिया, चटोरा गाठिया, जेठालाल का फाफड़ा, साबूदाना खिचड़ी, धनिया साबूदाना, हींग मिक्चर, गुजराती मिक्चर, नागपुरी मिक्चर, लहसुन मिक्चर, खट्टा-मीठा मिक्चर, केला चिप्स, आलू चिप्स, धनिया चिप्स, टमाटर व पुदीना चिप्स, लच्छा, क्रिस्पी आलू स्टिक, सोया चिप्स और सोया स्टिक शामिल हैं.
घर पर शुद्ध मसालों से तैयार करते हैं नमकीन
सोनू चंदवानी बताते हैं कि बाजार में नमकीनों के कई बड़े ब्रांड मौजूद हैं, लेकिन उनका फोकस स्वाद के साथ सेहत पर भी रहता है. उन्होंने घर से ही शुद्ध मसालों, तेल और अलग-अलग मोटे अनाजों के पिसे हुए आटे से नमकीनें तैयार करनी शुरू कीं, जो पूरी तरह पौष्टिक होती हैं. इनमें शुगर-फ्री नमकीनें भी शामिल हैं. नमकीनों की कीमत 200 रुपये से लेकर 500 रुपये प्रति किलो तक है. सोनू चंदवानी बताते हैं कि उनकी नमकीनों की सबसे खास बात यह है कि वे तीन महीने तक खराब नहीं होतीं और स्वाद भी बरकरार रहता है. इसी वजह से उनकी नमकीनों की पूरे भारत में डिमांड है, लेकिन जयपुर में खासतौर पर लोग इन्हें सबसे ज्यादा पसंद करते हैं.
.