Last Updated:
Bhopal News: मैट्रिमोनियल साइट पर शादी का झांसा देकर फ्रॉड का एक मामला सामने आया है, जहां पहले युवकों से रजिस्ट्रेशन के नाम पर पैसे लिए जाते थे. इसके बाद लड़की दिखाने पर उनसे 5000 रुपए लिए जाते थे. फिर बाद में बहाना बनाकर शादी से इनकार कर दिया जाता था.
मैट्रिमोनियल साइट ने शादी के नाम पर युवकों से की ठगी (सांकेतिक तस्वीर AI)
रिपोर्ट-रामाकांत दुबे
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से ठगी का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सभी को अचंभित कर दिया है. शादी किसी भी व्यक्ति का वह सपना होती है, जिसे हर कोई संजोए रखना चाहता है. लेकिन शादी का झांसा देकर ‘शुभ मंगल जोड़ी’ नाम की मैट्रिमोनियल साइट पर ठगी हो रही है. विवाह के नाम पर गरीब और कमजोर प्रोफाइल वाले युवकों से वसूली का खेल सामने आया है. भोपाल में अभी तक एक दर्जन से ज्यादा युवक इसका शिकार बने हैं.
युवकों रजिस्ट्रेशन और लड़की से बात कराने के नाम पर ऐंठे जा रहे थे पैसे
युवकों को व्हाट्सएप पर लड़कियों की AI फोटो भेजकर शादी का झांसा दिया जाता है. इसके बाद उन्हें भरोसा दिलाने के लिए सबसे पहले रजिस्ट्रेशन के नाम पर 2000 रुपए लिए जाते थे कि पक्का काम है. इसके बाद लड़की से बात कराने के नाम पर 5500 रुपए मांगे जाते थे.
सिक्योरिटी डिपॉजिट के नाम पर लिए जाते थे 7000 रुपए
इसके बाद लड़की दिखाने के नाम पर 7000 रुपए सिक्योरिटी डिपॉजिट के वसूले जाते थे. फिर पैसे लेने के बाद युवकों को हिंदू है या फिर मांगलिक बताकर शादी से मना कर दिया जाता था. वहीं युवक मुस्लिम है, तो कोई और बहाना बताकर शादी से इनकार कर दिया जाता था. लड़की और दलालों के बीच बातचीत की कॉल रिकॉर्डिंग भी सामने आई है. लड़कियों और मीडिएटर से बातचीत का ऑडियो रिकॉर्डिंग भी मिला है.
पुलिस ने शुरू कर दी जांच
ठगों के जाले में फंसे पीड़ितों ने बताया है कि ‘शुभ मंगल जोड़ी’ की साइट को दिल्ली और रांची से ऑपरेट किया जाता था. मामले में पीड़ित युवकों ने पुलिस कमिश्नर से शिकायत की है. इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और शादी के नाम पर फ्रॉड करने वाले गिरोह के खिलाफ जांच शुरू कर दी है.
.