Nail Injury Home Remedy : बच्‍चे की उंगली दरवाजे में दब गई? नाखून हो गया काला? तुरंत करें ये काम, मिलेगा दर्द से आराम

छोटे बच्चे खेल-खेल में कब दरवाजे में उंगली दबा लेते हैं, पता ही नहीं चलता. ऐसे में बच्चे को तेज़ दर्द होता है और कई बार नाखून नीला या काला पड़ने लगता है. यह देखकर माता-पिता घबरा जाते हैं, लेकिन घबराने की नहीं, समझदारी से काम लेने की जरूरत होती है. सही समय पर थोड़ी सी सावधानी और सही फर्स्ट एड से बच्चे को दर्द से काफी राहत मिल सकती है. अगर तुरंत सही कदम उठा लिए जाएं, तो सूजन और तकलीफ दोनों कम हो सकती हैं. आइए जानते हैं कि ऐसी स्थिति में बच्चे की उंगली के लिए तुरंत क्या करना चाहिए.

अगर कुछ समय पहले नाखून में चोट लगी हो और वह उखड़ने लगे, तो उसे खुद से निकालने की कोशिश बिल्कुल न करें. clevelandclinic के डॉक्‍टर कैपिन के अनुसार, अगर नाखून ज्यादा तकलीफ दे रहा है, तो डॉक्टर उसे सुरक्षित तरीके से हटा सकते हैं. नया नाखून जरूर उग आता है, लेकिन इसमें कई महीने लग सकते हैं.

जब तक नाखून का निचला हिस्सा ठीक हो रहा हो, घायल उंगली या पैर के अंगूठे को जितना हो सके खुला रखें ताकि हवा लगती रहे. पट्टी सिर्फ तब बांधें, जब ज्यादा दर्द हो या अतिरिक्त सुरक्षा की जरूरत हो. साथ ही, उस जगह को हमेशा साफ और सूखा रखना बहुत जरूरी है.

नाखून मेंं चोट लगे तो करें ये काम- 

1. ठंडा सेक करें
सबसे पहले बर्फ को साफ कपड़े में लपेटकर बच्चे की उंगली पर 10–15 मिनट तक हल्का सेक करें. इससे दर्द, सूजन और अंदर जमा खून को फैलने से रोका जा सकता है. दिन में 2–3 बार ऐसा करें.

2. उंगली को ऊँचा रखें
बच्चे की चोटिल उंगली को दिल के स्तर से थोड़ा ऊपर रखें. इससे सूजन कम होती है और दर्द में राहत मिलती है.

3. हल्दी का प्रयोग
हल्दी में प्राकृतिक सूजन कम करने वाले गुण होते हैं. हल्दी को साफ पानी या नारियल तेल में मिलाकर हल्का सा लेप उंगली के आसपास (कट न हो तो) लगाया जा सकता है.

4. एलोवेरा जेल लगाएं
एलोवेरा जेल ठंडक देता है और जलन कम करता है. उंगली पर हल्के हाथ से लगाने से आराम मिल सकता है.

5. गुनगुने नमक वाले पानी में डुबोना
अगर सूजन ज्यादा नहीं है, तो 24 घंटे बाद गुनगुने पानी में थोड़ा नमक डालकर उंगली 5–7 मिनट डुबो सकते हैं. इससे दर्द और अकड़न कम होती है.

6. साफ-सफाई का ध्यान रखें
अगर नाखून या त्वचा पर हल्की खरोंच है, तो उसे साफ रखें. गंदगी या नमी से संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है.

7. बच्चे को आराम दें
चोट के बाद बच्चे को ज्यादा उंगली हिलाने या उस पर दबाव डालने से रोकें. आराम से दर्द जल्दी कम होता है.

ध्यान रखें: अगर बच्चे की उंगली दरवाज़े में दबने के बाद दर्द बहुत ज़्यादा हो, सूजन बढ़ती जाए, नाखून पूरी तरह काला या नीला पड़ जाए, उंगली हिलाने या सीधी करने में परेशानी हो, खून या पस निकलने लगे या 24–48 घंटे बाद भी आराम न मिले, तो बिना देर किए डॉक्टर को दिखाना चाहिए.
इसके अलावा, अगर उंगली का आकार टेढ़ा लगे या हड्डी में चोट का शक हो, तो घरेलू उपायों पर भरोसा न करें. समय पर डॉक्टर को दिखाने से सही इलाज मिलता है और आगे किसी गंभीर समस्या से बचाव हो सकता है.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *