Last Updated:
MPPSC Free Coaching: केंद्र की प्राचार्य और सहायक आयुक्त आशा चौहान ने लोकल 18 से बातचीत में कहा कि इस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली युवाओं को आगे बढ़ने का मौका देना है ताकि वे कोचिंग के लिए पैसों की फिक्र किए बिना आराम से तैयारी कर सकें.
खरगोन. कई युवाओं का सपना होता है कि वे डिप्टी कलेक्टर, डीएसपी जैसे बड़े सरकारी पदों पर नौकरी करें. इसके लिए MPPSC की तैयारी जरूरी होती है लेकिन महंगी कोचिंग फीस कई होनहार छात्रों के रास्ते में रुकावट बन जाती है. ऐसे युवाओं के लिए मध्य प्रदेश सरकार ने बड़ी राहत दी है. सरकार अपने खर्चे पर MPPSC की फ्री कोचिंग की सुविधा दे रही है, जिसमें अभ्यर्थी को एक भी रुपया नहीं देना होगा. यह फ्री कोचिंग अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग के युवाओं के लिए दी जा रही है, जो MPPSC द्वारा वर्ष 2027 में होने वाली राज्य सेवा परीक्षा की प्रारंभिक और मुख्य परीक्षा की तैयारी के लिए होगी. इसके लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और इच्छुक अभ्यर्थी 27 फरवरी 2026 तक आवेदन कर सकते हैं. यह कोचिंग शासकीय परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण केन्द्र इंदौर में दी जाएगी. खरगोन सहित मध्य प्रदेश के अजय जिलों के अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं. कोचिंग की क्लासेज 3 मई 2026 से शुरू होंगी.
केंद्र की प्राचार्य और सहायक आयुक्त आशा चौहान ने लोकल 18 को बताया कि इस योजना का मकसद आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली युवाओं को आगे बढ़ने का मौका देना है ताकि वे पैसों की चिंता किए बिना तैयारी कर सकें. आवेदन करने के लिए कुछ जरूरी शर्तें भी रखी गई हैं. अभ्यर्थी का मध्य प्रदेश का निवासी होना जरूरी है और वह अनुसूचित जाति या जनजाति वर्ग से होना चाहिए. परिवार की सभी स्रोतों से सालाना आय 6 लाख रुपये से ज्यादा नहीं होनी चाहिए. उम्र सीमा की बात करें, तो न्यूनतम उम्र 18 साल और अधिकतम 35 साल तय की गई है.
आवेदन के लिए जरूरी नियम
इसके अलावा कोचिंग में प्रवेश के लिए अभ्यर्थी का स्नातक होना जरूरी है और ग्रेजुएशन में कम से कम 55 प्रतिशत अंक होना अनिवार्य है. कोचिंग का माध्यम हिंदी रहेगा, जिससे हिंदी माध्यम के छात्रों को भी आसानी से समझ आ सके. संभावित रूप से प्रशिक्षण की शुरुआत 3 मई 2026 से होगी. आवेदन करने के लिए पात्र अभ्यर्थी संस्थान से आवेदन फॉर्म प्राप्त कर सकते हैं. फॉर्म भरकर जरूरी डॉक्यूमेंट्स के साथ 12 जनवरी 2026 से 27 फरवरी 2026 के बीच संस्थान में जमा करना होगा. ध्यान रहे कि आवेदन समय पर और सही जानकारी के साथ जमा किया जाए ताकि किसी तरह की परेशानी न हो.
इस योजना में छात्रावास की सुविधा नहीं दी जाएगी. हालांकि नियमों के अनुसार उपस्थिति के आधार पर छात्रवृत्ति और आवास सहायता दी जाएगी. इससे बाहर से आने वाले छात्रों को कुछ हद तक राहत मिलेगी. शासकीय परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण केंद्र में सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध हैं. यहां एक अच्छी लाइब्रेरी है, जिसमें प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से जुड़ी किताबें उपलब्ध हैं. इसके साथ ही कम्प्यूटर लैब की सुविधा भी दी गई है ताकि छात्र ऑनलाइन स्टडी मैटेरियल और टेस्ट का लाभ ले सकें. इस कोचिंग में योग्य और अनुभवी अतिथि प्राध्यापकों द्वारा पढ़ाया जाएगा. इंदौर स्थित इस केंद्र में प्री और मेंस परीक्षा के साथ-साथ इंटरव्यू की भी तैयारी कराई जाती है.
About the Author
राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.
.