MP TOP NEWS: रीवा में रफ्तार का कहर, युवक की मौके पर मौत; मंदसौर में खाई में उतरी स्कूल बस

MP News Live: मध्य प्रदेश में हलचल बढ़ गई है. इंदौर के भागीरथपुरा कांड के बाद देश की नजर एमपी पर है. अगर आप मध्य प्रदेश के सभी हलचल से अपडेट रहना चाहते हैं, तो एमपी की सभी ताजा खबरें पढ़ने के लिए हमारे साथ बने रहें. यहां आपको भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर जैसे प्रमुख शहरों के समाचार और सभी जरूरी अपडेट देंगे. इसके अलावा राजनीति, अपराध, मौसम, प्रशासन, क्षेत्र के विकास से जुड़ी और काम की खबरें भी मिलेंगी. चलिए जानते हैं आज मध्य प्रदेश में क्या-क्या है खास.

मध्य प्रदेश की लेटेस्ट खबरें

रीवा में रफ्तार का कहर, बोलेरो ने युवक को कुचला

मध्यप्रदेश के रीवा जिले में शुक्रवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में 26 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई. पनवार थाना क्षेत्र के रामबाग चौराहे के पास डभौरा मार्ग पर तेज रफ्तार बोलेरो ने पैदल जा रहे युवक को पीछे से टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक हवा में उछल गया. पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है. मृतक की पहचान ग्राम पनवार निवासी विपिन प्याशी के रूप में हुई है, जो बायोमैक्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में कार्यरत था. हादसे के बाद बोलेरो चालक वाहन समेत फरार हो गया. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है.

मंदसौर में खाई में उतरी स्कूल बस, सभी सुरक्षित

मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले में एक स्कूल बस हादसे का शिकार हो गई. माय इंग्लिश स्कूल की बस तितरोद और गंगाखेड़ी के बीच असंतुलित होकर सड़क से नीचे खाई में उतर गई. घटना सीतामऊ थाना क्षेत्र की बताई जा रही है. राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई और बस में सवार सभी लोग सुरक्षित हैं. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला. फिलहाल बस के सड़क से उतरने के कारणों की जांच की जा रही है.

-मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सीधी की बैगा बेटी अनामिका की पढ़ाई के लिए दिए निर्देश

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सीधी की बैगा बेटी अनामिका की पढ़ाई के लिए उचित व्यवस्था के निर्देश दिए हैं. अनामिका NEET की तैयारी कर रही है, और मेडिकल में प्रवेश पाने पर राज्य सरकार उसे हर संभव मदद देगी. सीधी दौरे के दौरान अनामिका मुख्यमंत्री से नहीं मिल पाई थी. मुख्यमंत्री ने इस बारे में X पर पोस्ट कर जानकारी दी.

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *