MP suicide: मध्य प्रदेश के सतना जिले के मझगवां में पहाड़ के जंगल में एक ही फंदे से दो सगे चचेरे भाई-बहन का शव मिलने से हड़कंप मच गया। घटना के बाद शवों को बरौंधा स्थित मर्चुरी ले जाया गया, जहां पोस्टमॉर्टम कराया गया। इसके उपरांत शवों को परिजनों को सौंप दिया गया। इस मामले में पुलिस को अब तक सुसाइड का कारण नहीं पता चल सका है।
By Mohan Kumar
Publish Date: Sun, 06 Jul 2025 05:07:42 PM (IST)
Updated Date: Sun, 06 Jul 2025 05:07:42 PM (IST)
HighLights
- एक ही फंदे से भाई-बहन का शव लटकता मिला
- पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
- पुलिस को अब तक घटना का कारण नहीं पता
नईदुनिया प्रतिनिधि, मझगवां: सतना जिले के बरौंधा थाना अंतर्गत आने वाले आदिवासी बाहुल्य ग्राम कुठिला पहाड़ के जंगल में एक ही फंदे से दो सगे चचेरे भाई-बहन का शव लटकता मिला। जिसकी जानकारी लगते ही पूरे गांव में मातम पसर गया। इस संबंध में बरौंधा थाना प्रभारी अभिनव सिंह ने बताया कि गांव के दो नाबालिग राधा मवासी पिता ददुवा मवासी (किशोरी) एवं देशराज मवासी पिता राम कमोद मवासी (किशोर) ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
सगे चचेरे भाई-बहन हैं दोनों मृतक
दोनों मृतक सगे चचेरे भाई-बहन हैं। जिसकी सूचना मिलते ही बरौंधा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर दोनो शवों को फांसी के फंदे से नीचे उतारा। शुरुआती विवेचना के बाद शवों को बरौंधा स्थित मर्चुरी ले जाया गया, जहां पोस्टमॉर्टम कराया गया। इसके उपरांत शवों को परिजनों को सौंप दिया गया।
अभी तक अज्ञात है घटना का कारण
फिलहाल इस दुखद घटना का सटीक कारण अज्ञात है। गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजन गहरे सदमे में हैं। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, जिससे आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। बरौंधा थाना प्रभारी के मुताबिक पुलिस सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
.