MP Latest Hindi News: अगर आप मध्य प्रदेश की हर हलचल से अपडेट रहना चाहते हैं, तो एमपी की ताजा खबरें पढ़ने के लिए हमारे साथ बने रहें. यहां आपको भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर जैसे प्रमुख शहरों के समाचार और सभी जरूरी अपडेट देंगे. इसके अलावा राजनीति, अपराध, मौसम, प्रशासन, क्षेत्र के विकास से जुड़ी और काम की खबरें भी मिलेंगी. चलिए जानते हैं आज मध्य प्रदेश में क्या-क्या है खास. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की लेटेस्ट खबरें…
भोपाल हिंसा पर सियासत तेज, उमंग सिंघार ने कहा- तानाशाही चल रही है
भोपाल में कांग्रेस और बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच हुए पथराव की घटना पर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि देश में इमरजेंसी जैसे हालात बन रहे हैं और दादागिरी व गुंडागर्दी की जा रही है. सिंघार ने आरोप लगाया कि विकास की जगह बीजेपी गुंडागर्दी कर रही है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस का कार्यकर्ता मजबूती के साथ खड़ा है और यह हमला दिल्ली और नागपुर के इशारे पर कराया गया. सिंघार ने इसे तानाशाही बताते हुए कहा कि इस तरह देश नहीं चलाया जा सकता.
जबलपुर में तेज रफ्तार कार का कहर, इनकम टैक्स चौराहे पर तीन घायल
जबलपुर के इनकम टैक्स चौराहे पर तेज रफ्तार कार ने जमकर कोहराम मचाया. बेलगाम स्पीड में दौड़ रही कार ने कई गाड़ियों को टक्कर मार दी और अंत में पार्क की दीवार से जा टकराई. हादसे में तीन लोग घायल हुए हैं। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है, जिसमें कार तेज रफ्तार से टक्कर मारती नजर आ रही है. बताया जा रहा है कि कार चालक नशे में था। टक्कर के बाद चालक मौके से फरार हो गया. ओमती थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है.
बस्तर से तेलंगाना तक हलचल, कई बड़े कैडर्स के समर्पण की चर्चा
सुरक्षा बलों के लगातार ऑपरेशन से दबाव में आए बड़े नक्सली कैडर्स के समर्पण की खबर सामने आई है. जानकारी के अनुसार, मोस्टवांटेड देवजी समेत मल्ला राज रेड्डी, इलयास संग्राम और नरसिम्हा रेड्डी ने तेलंगाना में SBI के सामने आत्मसमर्पण किया है. बताया जा रहा है कि ये सभी करोड़ों रुपये के इनामी नक्सली हैं. सूत्रों के मुताबिक, इनके अलावा कई अन्य कैडर्स भी समर्पण कर सकते हैं. हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
छिंदवाड़ा में सियासी घमासान, राहुल गांधी के पुतला दहन पर बढ़ा तनाव
छिंदवाड़ा में भाजपा द्वारा राहुल गांधी का पुतला दहन किए जाने की घोषणा के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है. भाजपा की रैली कांग्रेस कार्यालय के सामने से गुजरने वाली है. इसको लेकर कांग्रेस ने भी जिले भर के कार्यकर्ताओं को बुलाया है. दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच टकराव की आशंका को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और अतिरिक्त बल तैनात किया गया है.
अकलतरा में पुलिस ने की फिल्मी अंदाज में रेड, 5 किलो से ज्यादा गांजा बरामद
अकलतरा रेलवे स्टेशन के पास पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल की संयुक्त कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. आरोपियों के पास से करीब 5 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 2 लाख 58 हजार रुपये बताई जा रही है. मुख्य आरोपी अभिषेक सूर्यवंशी पहले भी जेल जा चुका है और इस बार वह ओडिशा से गांजा लाकर जांजगीर में बेचने की योजना बना रहा था. कार्रवाई में एक विधि से संघर्षरत बालक भी तस्करी में शामिल पाया गया. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और इस कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप मच गया है.
सीधी में बारात में मारपीट की घटना
सीधी के खुशी मैरिज गार्डन, पड़रा में एक बारात के दौरान आधी रात को मारपीट की घटना सामने आई. बारात द्वारचार के लिए जा रही थी, तभी बाराती और घराती आपस में भिड़ गए. इस दौरान जमकर लात-घुसे चले, जिससे तीन लोग जख्मी हो गए. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. मारपीट का कारण अभी तक अज्ञात है, और अब तक पुलिस थाने में कोई शिकायत दर्ज नहीं हुई है. इस घटना से एक बार फिर जिले भर में अवैध तरीके से बने शादी पैलसों में सुरक्षा और नियमों की अनदेखी की समस्या सामने आई है.
धार ब्रेकिंग: अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई
आबकारी विभाग ने धार में अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. 5 लाख 75 हजार रुपये की 199 पेटी अवैध शराब आयशर वाहन से बरामद की गई. यह वाहन इंदौर से धार की ओर जा रहा था. ग्राम जेतपुरा के पास हुई इस कार्रवाई में दो आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं. आबकारी विभाग की सख्त कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबार में एक बड़ी सफलता मिली है.
कांग्रेस और बीजेपी कार्यालय में तोड़फोड़ और पत्थरबाजी को लेकर FIR दर्ज
कांग्रेस कार्यालय में तोड़फोड़ और पत्थरबाजी
कांग्रेस की शिकायत पर हबीबगंज थाना में FIR दर्ज.
7 नामजद और 50-60 अज्ञात बीजेपी कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज.
आरोप: बीजेपी कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय में घुसकर तोड़फोड़, मारपीट और पत्थर से हमला किया.
मामला संपत्ति विरूपण अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में दर्ज.
शिकायतकर्ता: प्रदीप अहिरवार
बीजेपी कार्यकर्ताओं पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ FIR
बीजेपी युवा मोर्चा पदाधिकारी राकेश परस्ते की शिकायत पर हबीबगंज थाने में मामला दर्ज.
कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ FIR दर्ज, जिसमें युवा कांग्रेस अध्यक्ष अमित खत्री, अभिनव बरोलिया, मुजाहिद सिद्दीकी, अमित शर्मा, अभिषेक शर्मा, गोपाल कोटवाल, दीपू तोमर सहित 50-60 अज्ञात कार्यकर्ता शामिल हैं.
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) की परीक्षा आज
आज छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) की परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी.
पहली पाली: सुबह 10:00 बजे से 12:00 बजे तक, जिसमें पेपर-I (जनरल स्टडीज) होगा.
दूसरी पाली: दोपहर 3:00 बजे से 5:00 बजे तक, जिसमें पेपर-II (एप्टीट्यूड टेस्ट) लिया जाएगा.
पहली पाली के लिए अभ्यर्थियों को सुबह 8:00 बजे तक परीक्षा केंद्र पर पहुंचना होगा और दूसरी पाली के लिए दोपहर 1:00 बजे तक उपस्थिति अनिवार्य होगी. आयोग ने सख्त ड्रेस कोड लागू किया है, और महिला अभ्यर्थियों के लिए सिर्फ मंगलसूत्र की अनुमति दी गई है. इसके अलावा, बिना वैध आईडी के एंट्री नहीं दी जाएगी.
छत्तीसगढ़ में कल से शुरू होगा बजट सत्र
बजट सत्र की तैयारियों को लेकर आज बीजेपी विधायक दल की बैठक होगी. यह बैठक नवा रायपुर सीएम हाउस में आयोजित की जाएगी. बैठक में बजट सत्र की व्यवस्थाओं पर चर्चा की जाएगी और विपक्ष के सवालों का प्रभावी जवाब देने के लिए रणनीति तैयार की जाएगी.
CM Mohan का भोपाल से महू और इंदौर तक दौरा
22 फरवरी 2026 को मुख्यमंत्री का दिनभर का कार्यक्रम भोपाल, महू और इंदौर में आयोजित विभिन्न आयोजनों से जुड़ा रहा. सुबह 11 बजे भोपाल के पुलिस लाइन स्टेडियम, नेहरू नगर में ‘मन की बात’ कार्यक्रम में सहभागिता के साथ दिन की शुरुआत. इसके बाद 11:40 बजे वहीं ‘दिव्यांगजन खेल महोत्सव-2026’ का शुभारंभ करेंगे. दोपहर 1:20 बजे भोपाल से डॉ. अंबेडकर नगर (महू) पहुंचकर काकड़पुरा तालाब पर स्व. नानाजी देशमुख की प्रतिमा का अनावरण. 1:35 से 1:45 बजे के बीच सुपर सिटी कॉलोनी, महू गांव में लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल हुए. इसके बाद मुख्यमंत्री इंदौर पहुंचकर, जहां 3:15 से 4:35 बजे तक बास्केटबॉल कॉम्प्लेक्स में कार्यक्रम में भाग लेंगे. 4:35 से 5:30 बजे तक ICAI भवन (स्कीम नं. 78) और 5:30 से 6:15 बजे तक ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होंगे. शाम 7:15 बजे मुख्यमंत्री निवास, भोपाल वापस आगमन होगा.
.