MP Chhattisgarh Top News Live: अगर आप मध्य प्रदेश की हर हलचल से अपडेट रहना चाहते हैं, तो एमपी की ताजा खबरें पढ़ने के लिए हमारे साथ बने रहें. यहां आपको भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर जैसे प्रमुख शहरों के समाचार और सभी जरूरी अपडेट देंगे. इसके अलावा राजनीति, अपराध, मौसम, प्रशासन, क्षेत्र के विकास से जुड़ी और काम की खबरें भी मिलेंगी. चलिए जानते हैं आज मध्य प्रदेश में क्या-क्या है खास.
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की लेटेस्ट खबरें…
नीमच में अफीम की बड़ी खेप पकड़ी
नीमच जिले के रतनगढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने अफीम की अवैध खेती का भंडाफोड़ किया. कपास की फसल की आड़ में उगाई जा रही 11,600 अफीम की पौधों को ड्रोन से खोजा गया. पौधों का वजन लगभग 9.76 क्विंटल था और इसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत लगभग 97.6 लाख रुपये आंकी गई है. रतनगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज सिंह जादौन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई की. आरोपी हिरालाल माली को गिरफ्तार कर एनडीपीएस अधिनियम 1985 के तहत मादक पदार्थ जब्त किया गया. यह कार्रवाई जिले में मादक पदार्थों की अवैध खेती पर कड़ी नकेल कसने के अभियान का हिस्सा है.
हॉस्टल संचालक के बेटे को लॉरेंस बिश्नोई गैंग की धमकी, पुलिस सतर्क
इंदौर में किशनगंज थाना क्षेत्र के एक बड़े हॉस्टल संचालक के बेटे को कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से 5 करोड़ की फिरौती की धमकी मिली. धमकी भरा कॉल सीधे अस्पताल संचालक के बेटे को किया गया. इसके बाद पीड़ित परिवार ने तुरंत पुलिस को सूचित किया. सूत्रों के मुताबिक, अशोकनगर के व्यापारी को मिली धमकी के बाद अब इंदौर के हॉस्पिटल मालिक के बेटे को निशाना बनाया गया. घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने परिवार और अस्पताल की सुरक्षा बढ़ा दी है और सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है. प्रशासन ने सतर्कता बढ़ाते हुए पूरे क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है.
सिम्स अस्पताल मामला: हाईकोर्ट ने मुख्य सचिव से शपथ पत्र में जवाब मांगा
हाईकोर्ट ने सिम्स अस्पताल की व्यवस्था सुधार मामले में सख्त रुख अपनाया है. जनहित याचिका पर कोर्ट ने मुख्य सचिव से शपथ पत्र के माध्यम से जवाब तलब किया है. न्यायालय ने पूछा कि अस्पताल में मशीनों की खरीद और इंस्टॉलेशन कब तक पूरा होगा. 31 प्रस्तावित उपकरणों में से अब तक केवल 7 पर टेंडर प्रक्रिया आगे बढ़ी है. डिवीजन बेंच ने स्पष्ट समयसीमा देने के निर्देश दिए हैं. मामले की अगली सुनवाई मार्च में होगी.
स्कूल खंडहर में मिला 6 साल के बच्चे का शव, पुलिस कर रही जांच
हरदा जिले के ग्राम सुखरास में 6 वर्षीय बालक अनिल का शव स्कूल के खंडहर में मिला. बालक दोपहर 1 बजे से लापता था. सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्कूल खंडहर में खोज की. परिजनों के अनुसार, बालक आंगनवाड़ी से नहीं लौटा था और शाम 4 बजे के बाद उसकी खोजबीन शुरू की गई. फिलहाल मृत्यु का कारण पता नहीं चला है.
भोपाल में महाशिवरात्रि पर देश के पहले किन्नर शंकराचार्य का पट्टाभिषेक
महाशिवरात्रि के मौके पर भोपाल में देश के पहले किन्नर शंकराचार्य का पट्टाभिषेक होगा. इसके साथ ही 10 किन्नर महामंडलेश्वरों की भी नियुक्ति की जाएगी. यह पहल ‘किन्नर जिहाद’ और धर्मांतरण रोकने के उद्देश्य से की जा रही है. किन्नर अखाड़े के संस्थापक ऋषि अजय दास ने न्यूज 18 को विशेष बातचीत में बताया कि इस कार्यक्रम में 200 से अधिक धर्मांतरित किन्नरों की घर वापसी भी होगी. इसमें सिर्फ भोपाल और मध्यप्रदेश के ही नहीं, बल्कि अन्य राज्यों के किन्नर भी शामिल होंगे. देश के पहले किन्नर शंकराचार्य के लिए राजस्थान के पुष्कर पीठ को चुना गया है.
बरगी में अतिक्रमण कार्रवाई के दौरान दुकानदार की मौत
जबलपुर के बरगी क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान एक 40 वर्षीय दुकानदार की तबीयत अचानक बिगड़ गई. बताया जा रहा है कि कार्रवाई के बीच उसे अटैक आया. आनन-फानन में उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई. दुकानदार की मौत की खबर फैलते ही व्यापारियों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया. गुस्साए लोगों ने थाने का घेराव कर दिया और शव को थाने में रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया. इस स्थिति को देखते हुए बरगी में भारी तनाव का माहौल बन गया है. जानकारी के मुताबिक, शाम के समय राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कर रही थी. घटना के बाद क्षेत्र में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है और हालात पर नजर रखी जा रही है.
भोपाल में किन्नर समाज की गद्दी को लेकर घमासान, महंत नंद गिरी ने लगाए गंभीर आरोप
भोपाल में किन्नर समाज के भीतर गद्दी को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है. इस मामले में राजस्थान के किन्नर अखाड़ा के महंत धैर्यराज नंद गिरी की एंट्री हो गई है. उन्होंने किन्नर अखाड़ा के संस्थापक ऋषि अजय दास पर गंभीर आरोप लगाए हैं. धैर्यराज नंद गिरी ने इंस्टाग्राम पर वीडियो जारी कर दावा किया कि अजय दास किन्नर समाज का शोषण और ब्लैकमेलिंग कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि भोपाल के किन्नरों ने उन्हें अजय दास की कथित करतूतों की जानकारी दी है और उनके पास सबूत और कॉल रिकॉर्डिंग भी मौजूद हैं. नंद गिरी ने अजय दास पर समाज को बदनाम करने और आपत्तिजनक बयान देने के आरोप लगाए. उन्होंने केंद्रीय एजेंसियों से मामले की जांच की मांग करते हुए कहा कि यह मामला देश की सुरक्षा से भी जुड़ा हो सकता है. इसके अलावा उन्होंने उज्जैन के चंद्रावती क्षेत्र से जुड़े एक मामले का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि कुछ लोगों को किन्नर के रूप में प्रस्तुत कर रसीद के जरिए धन उगाही की गई. फिलहाल, इन आरोपों पर ऋषि अजय दास की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. मामला अब तूल पकड़ता नजर आ रहा है और किन्नर समाज के भीतर विवाद गहराता जा रहा है.
पूर्व डिप्टी डायरेक्टर की 11.81 करोड़ की संपत्ति ईडी ने की अटैच
जबलपुर में मध्य प्रदेश आदिमजाति कल्याण विभाग के पूर्व डिप्टी डायरेक्टर जगदीश सरवटे की आय से अधिक संपत्ति के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई की है. ईडी ने जांच के बाद कुल 11.81 करोड़ रुपये की संपत्ति अटैच की है. यह कार्रवाई भोपाल जोनल ऑफिस द्वारा धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) 2002 के तहत की गई है. ईडी लंबे समय से आय से अधिक संपत्ति के मामले में सरवटे के खिलाफ जांच कर रही थी. अटैच की गई संपत्तियों में चल-अचल संपत्ति शामिल बताई जा रही है. फिलहाल, मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है.
ग्वालियर के सत्येंद्र लोहिया ने रचा इतिहास, कुक स्ट्रेट तैरकर बनाया रिकॉर्ड
भोपाल: पानी भरे टैंक के अंदर बक्से में बंद मिला महिला का शव, सनसनी
भोपाल के निशातपुरा थाना क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पास पानी से भरे टैंक में एक महिला का शव बरामद किया गया. शव एक बक्से में बंद था, जिसे पुलिस ने स्थानीय रहवासियों की मदद से पानी से बाहर निकाला. सूचना मिलते ही निशातपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शव दो से तीन दिन पुराना बताया जा रहा है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और महिला की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं. घटना को लेकर क्षेत्र में दहशत का माहौल है और पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी हुई है.
भोपाल: डेटिंग एप को लेकर साइबर क्राइम ब्रांच की एडवाइजरी जारी
भोपाल साइबर क्राइम ब्रांच ने TINDER, BUMBLE और TRULYMADLY जैसे डेटिंग एप को लेकर अहम एडवाइजरी जारी की है. साइबर ब्रांच ने लोगों को सतर्क करते हुए कहा है कि इन एप्स पर अज्ञात लोगों से दोस्ती करना जोखिम भरा हो सकता है. साइबर अपराधी फर्जी प्रोफाइल बनाकर लोगों को अपने जाल में फंसा रहे हैं और हनीट्रैप व ब्लैकमेलिंग जैसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं. एडवाइजरी में कहा गया कि प्रोफाइल देखकर तुरंत भरोसा न करें, अपनी निजी जानकारी साझा न करें और यदि मिलना हो तो सार्वजनिक व सुरक्षित स्थान ही चुनें. साइबर क्राइम ब्रांच ने किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत शिकायत करने की अपील की है.
डिंडौरी में महंत आनंद गिरि महाराज का निधन, जुना अखाड़े से जुड़े थे
डिंडौरी में मां नर्मदा कुटी आश्रम मालपुर के संस्थापक एवं पंचदशनाम जूना अखाड़ा के संत महंत आनंद गिरि महाराज का निधन हो गया. उनके निधन से संत समाज और श्रद्धालुओं में शोक की लहर फैल गई है. पूरे क्षेत्र में मातम छाया हुआ है. मां नर्मदा-कनई संगम तट स्थित मालपुर घाट में उनकी पार्थिव देह को श्रद्धापूर्वक पवित्र स्नान कराया गया. इसके बाद भव्य शवयात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों की संख्या में साधु-संत, भक्त और श्रद्धालु शामिल हुए. वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मां नर्मदा कुटी आश्रम परिसर में उन्हें समाधि दी गई. संत समाज ने आध्यात्मिक योगदान को स्मरण करते हुए श्रद्धांजलि दी.
जगदलपुर: मध्यान्ह भोजन में पत्ता गोभी की सब्जी खाने से 24 बच्चे बीमार
छत्तीसगढ़ृ में जगदलपुर के तोकापाल ब्लॉक स्थित एरंडवाल स्कूल में मध्यान्ह भोजन खाने के बाद स्कूली बच्चों की तबीयत बिगड़ गई. बताया गया कि मध्यान्ह भोजन में पत्ता गोभी की सब्जी खाने के बाद बच्चों को उल्टी, पेट दर्द जैसी शिकायतें होने लगीं. सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सभी बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया. इस घटना में कुल 24 बच्चे प्रभावित हुए, जिनमें 10 बालक और 14 बालिकाएं शामिल हैं. गंभीर स्थिति वाले कुछ बच्चों को निगरानी और उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तोकापाल में भर्ती कराया गया है. बच्चों की हालत स्थिर बताई जा रही है.
बिलासपुर में आईटी की बड़ी कार्रवाई, कोल कारोबारियों पर रेड
बिलासपुर में आयकर विभाग ने कोल कारोबार से जुड़े फिल ग्रुप पर बड़ी कार्रवाई की है. आईटी की टीम ने ग्रुप के विभिन्न ठिकानों पर एक साथ दबिश दी. कार्रवाई के तहत श्रीकांत वर्मा मार्ग स्थित फिल ग्रुप के कार्यालय, रामा वर्ल्ड स्थित मालिक प्रवीण झा के निवास, फैक्ट्री और अन्य परिसरों में जांच जारी है. टीम SIR की सर्वे टीम बनकर पहुंची है, जिनकी गाड़ियों पर SIR के स्टीकर लगे हुए हैं. बताया जा रहा कि दस्तावेजों की जांच के साथ लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं. फिलहाल आयकर विभाग की कार्रवाई जारी है और आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है.
मध्यप्रदेश विधानसभा के बजट सत्र से पहले गरमाई सियासत
पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने सीएम डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखा, जिसमें उन्होंने सवाल उठाया कि आपकी सरकार के बजट सत्र में ऐसे मंत्री उपस्थित रहेंगे जिनकी अब उपयोगिता पर प्रश्न है. मंत्री विजय शाह पर देश की बेटी और भारतीय सेना के अपमान के गंभीर आरोप हैं. छिंदवाड़ा में जहरीली सिरप से दर्जनों बच्चों की मौत हुई, फिर भी स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ला और कैलाश विजयवर्गीय बजट सत्र में शामिल होंगे. जीतू पटवारी ने लिखा, राज्यपाल के अभिभाषण में हकीकत से दूर आंकड़ों का आडंबर प्रस्तुत किया जाएगा.
मध्यप्रदेश सरकार पर 5 लाख करोड़ का कर्ज
मध्यप्रदेश सरकार पर 5 लाख करोड़ का कर्ज, हर व्यक्ति पर 60 हजार का बोझ है. बजट सत्र से पहले कांग्रेस ने प्रदेश की आर्थिक स्थिति पर सवाल उठाए. पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने कहा कि जिन मंत्रियों के कार्यकाल में मासूमों की मौत हुई, उन्हें बजट देने का क्या फायदा. उन्होंने कर्नल सोफिया कुरैशी के खिलाफ बयान देने वालों को भी बजट देने पर सवाल उठाया. विधानसभा सत्र के दौरान किसान कांग्रेस, महिला कांग्रेस, यूथ कांग्रेस और एनएसयूआई प्रदर्शन करेंगे. मध्यप्रदेश की 29 योजनाएं बंद हो गई हैं. हड़ताल करने वाले संगठनों को कांग्रेस का समर्थन है. सभी वर्ग प्रदर्शन कर रहे हैं.
केंद्रीय श्रमिक संगठन करेंगे श्रमिक कानूनों का विरोध
मध्य प्रदेश में भी इस हड़ताल का असर रहेगा. सरकारी-प्राइवेट बैंक, बीएसएनएल, बीमा और डाक समेत केंद्रीय ऑफिसों के कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे. हालांकि, रेल परिवहन पर असर पड़ने की संभावना नहीं है. ट्रेड यूनियन के संयुक्त मोर्चे – आईएनटीयूसी, एआईटीयूसी, एचएमएस, सीटू, एआईयूटीयूसी, सेवा, बैंक, बीमा, केंद्रीय कर्मचारी, बीएसएनएल के संगठन हड़ताल में शामिल होंगे. भोपाल में होशंगाबाद रोड स्थित डाक भवन के सामने सभी कर्मचारी इकट्ठा होकर हड़ताल का समर्थन करेंगे. एमपी की सरकारी और प्राइवेट बैंकों की 6 हजार से अधिक शाखाओं पर काम काज प्रभावित हो सकता है.
ग्वालियर में रेबीज़ से चौथी मौत: कुत्ते के काटने के बाद नहीं लगवाई वैक्सीन, युवक ने तोड़ा दम
सीएम डॉ. मोहन यादव का आज का शेड्यूल: उज्जैन से भोपाल, फिर ग्वालियर तक दौरा
.