MP NEWS TODAY: नरसिंहपुर में भीषण हादसा, 3 मजदूरों की मौत; सदन में गूंजा ‘लाडली बहना’ का मुद्दा

MP Latest Hindi News: अगर आप मध्य प्रदेश की हर हलचल से अपडेट रहना चाहते हैं, तो एमपी की ताजा खबरें पढ़ने के लिए हमारे साथ बने रहें. यहां आपको भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर जैसे प्रमुख शहरों के समाचार और सभी जरूरी अपडेट देंगे. इसके अलावा राजनीति, अपराध, मौसम, प्रशासन, क्षेत्र के विकास से जुड़ी और काम की खबरें भी मिलेंगी. चलिए जानते हैं आज मध्य प्रदेश में क्या-क्या है खास. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की लेटेस्ट खबरें…

ग्वालियर में गंदे पानी की समस्या को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन
ग्वालियर में कांग्रेस ने आज दूषित पेयजल की समस्या को लेकर प्रदर्शन किया गया. उपनगर ग्वालियर में कांग्रेस ने प्रोटेस्ट किया. कांग्रेसियों ने जनता के साथ मिलकर विरोध प्रदर्शन किया. सूचना मिलने पर नगर निगम उपायुक्त मौके पर पहुंचे. उन्होंने गंदे पानी की समस्या हल करने का आश्वासन दिया.

पानी के लिए लगाया जाम, महिलाओं ने खाली बर्तन लेकर किया प्रदर्शन
डिंडौरी जिला मुख्यालय के पास स्थित धुर्रा गांव में पेयजल संकट को लेकर महिलाओं और ग्रामीणों ने मुख्य सड़क पर जाम लगाया था. ग्रामीणों ने तहसीलदार के आश्वासन के बाद जाम हटाया. ग्रामीण पानी की गंभीर समस्या से जूझ रहे हैं. आक्रोशित महिलाओं ने खाली बर्तन लेकर प्रदर्शन किया. बच्चों और बुजुर्गों को भारी परेशानी हो रही है. ग्रामीण दूर-दूर से पानी लाने को मजबूर हैं. जिम्मेदार जनप्रतिनिधि और अधिकारी-कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप है. ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार शिकायत के बाद भी समाधान नहीं हुआ. सड़क जाम के चलते आवागमन प्रभावित हो रहा था. सूचना मिलते ही तहसीलदार और पुलिस टीम मौके पर पहुंची. आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम हटाया.

नरसिंहपुर में भीषण हादसा: NH-44 पर ऑटो पलटा, 3 मजदूरों की मौत, 7 गंभीर घायल

नरसिंहपुर के बरमान चौकी क्षेत्र में National Highway 44 पर दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. छोटा हाथी ऑटो अनियंत्रित होकर ओवरब्रिज की डिवाइडर से नीचे गिर गया. वाहन में कुल 10 मजदूर सवार थे, जो सुरला खापा से मजदूरी के लिए जा रहे थे. हादसे में तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात गंभीर रूप से घायल हो गए. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत करेली अस्पताल में भर्ती कराया गया. ड्यूटी डॉक्टर ओम बरोदिया के अनुसार सभी घायलों का इलाज जारी है.

सदन में गूंजा ‘लाडली बहना’ का मुद्दा, 3000 रुपये बढ़ोतरी पर सरकार ने दी सफाई

मध्य प्रदेश विधानसभा में ‘लाडली बहना योजना’ को लेकर जोरदार बहस हुई. कांग्रेस विधायक महेश परमार ने आरोप लगाया कि सरकार ने बहनों को 3000 रुपये देने का वादा पूरा नहीं किया और नए पंजीयन की व्यवस्था भी शुरू नहीं की गई. उन्होंने कहा कि बहनों के साथ वादाखिलाफी कर बीजेपी ने सरकार बनाई है. इस पर मंत्री निर्मला भूरिया ने जवाब देते हुए कहा कि योजना की राशि नियमित रूप से बहनों के खातों में डाली जा रही है और 3000 रुपये तक बढ़ोतरी पर सरकार काम कर रही है. मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि योजना जारी है और 2028 तक 3000 रुपये देने का लक्ष्य है. उन्होंने कहा कि किसी भी बहन का नाम नहीं काटा गया है और विपक्ष को चिंता करने की जरूरत नहीं है.

नेशनल हाईवे-45 का ब्रिज धंसा, एक मिनट पहले गुजरी बस से टला बड़ा हादसा

National Highway 45 पर शहपुरा-भिटौनी स्थित फ्लाईओवर ब्रिज का एक हिस्सा रविवार शाम अचानक धंस गया. गनीमत रही कि हादसे से ठीक एक मिनट पहले ही एक बस वहां से गुजर चुकी थी, वरना बड़ा हादसा हो सकता था. यह ब्रिज रेलवे लाइन के ऊपर बना है, इसलिए सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंच गए. गौरतलब है कि दिसंबर में भी इसी ब्रिज का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ था और पिछले छह महीने से मरम्मत कार्य जारी है. हैरानी की बात है कि ब्रिज और हाईवे का निर्माण महज दो साल पहले ही हुआ था.

भोजशाला मामले पर हाईकोर्ट में सुनवाई

भोजशाला ASI सर्वे रिपोर्ट पर सुनवाई होगी और सीलबंद रिपोर्ट कोर्ट में खोली जाएगी. धार की ऐतिहासिक भोजशाला को लेकर 23 फरवरी दोपहर बाद इंदौर हाई कोर्ट में सुनवाई होगी. भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) ने 98 दिनों के वैज्ञानिक सर्वे की रिपोर्ट इंदौर हाई कोर्ट में प्रस्तुत की है. जस्टिस विजय कुमार शुक्ला और जस्टिस आलोक अवस्थी की बेंच मामले की सुनवाई करेगी. सुप्रीम कोर्ट ने 22 जनवरी को मध्य प्रदेश हाई कोर्ट की इंदौर बेंच को तीन हफ्ते के भीतर सुनवाई करने के निर्देश दिए थे.

रेत माफियाओं पर प्रशासन का सख्त प्रहार

नदियों का सीना छलनी कर रही तीन अवैध पनडुब्बियां प्रशासन ने नष्ट कीं. खनिज अधिकारी पंकज मिश्रा के नेतृत्व में खनिज विभाग, राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की और एक लोडर को भी जब्त किया. कलेक्टर भिंड को अवैध रेत उत्खनन की शिकायतें मिल रही थीं. इस संयुक्त कार्रवाई से माफियाओं में हड़कंप मच गया. प्रशासन की दबिश के बाद माफिया मौके से फरार हो गए. सिंध नदी में चल रहा अवैध रेत उत्खनन भिंड जिले के खैरा-श्यामपुरा और मेहदा रेत खदान पर प्रशासन ने रोका.

भोपाल में सनसनी: 10वीं के छात्र पर 30 सेकेंड में 27 चाकू वार, CCTV आया सामने

भोपाल के टीला जमालपुरा थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. गणेश चौक स्थित एक स्नूकर क्लब में 10वीं के छात्र पर दो नाबालिग आरोपियों ने फिल्मी अंदाज में हमला कर दिया. महज 30 सेकेंड में छात्र पर 27 बार चाकू से वार किए गए और आरोपी मौके से फरार हो गए. हमले में छात्र के हाथ में 10 से ज्यादा कट लगे हैं और उसकी दो उंगलियां भी कट गईं. कंधे और पीठ पर भी गंभीर चोटों के निशान हैं. घायल छात्र को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया.

बताया जा रहा है कि हमलावर और पीड़ित एक ही कोचिंग में पढ़ते हैं. पुराने विवाद में थप्पड़ मारने का बदला लेने के लिए यह हमला किया गया. घटना 15 फरवरी की है, जबकि 22 फरवरी को CCTV फुटेज सामने आया. पुलिस ने फिलहाल साधारण धाराओं में FIR दर्ज की है, मेडिकल रिपोर्ट के बाद धाराएं बढ़ाई जा सकती हैं.

इंदौर जिला जेल के बाहर बदमाशों की रीलबाजी, संवेदनशील क्षेत्र में वीडियो बनाकर किया पोस्ट

इंदौर की जिला जेल अब बदमाशों के लिए रील शूटिंग स्पॉट बनती नजर आ रही है. जेल की चौखट पर खड़े होकर कुछ युवकों ने रील बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दी, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं. बताया जा रहा है कि यह रील जिला जेल परिसर के बाहर बनाई गई. चूंकि जेल अति संवेदनशील क्षेत्र में आता है, इसलिए यहां बिना अनुमति फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी पूरी तरह प्रतिबंधित है. इसके बावजूद वीडियो बनाकर वायरल कर दिया गया. मामले को गंभीरता से लेते हुए क्राइम ब्रांच की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल जांच में जुट गई है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि रील बनाने वाले कौन हैं और उनके खिलाफ क्या कार्रवाई की जाए.

एमपी विधानसभा बजट सत्र: आज अनुपूरक अनुदान पर मतदान, 6.5 घंटे होगी बजट पर चर्चा

मध्य प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के छठवें दिन आज सदन में तृतीय अनुपूरक अनुदान की मांगों पर मतदान होगा. वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा मप्र विनियोग विधेयक 2026 प्रस्तुत करेंगे. दोनों कार्यों के लिए एक घंटे का समय तय है. वर्ष 2026-27 के आम बजट पर साढ़े छह घंटे चर्चा और विभागवार मतदान होगा. गांधी मेडिकल कॉलेज में छात्रा की संदिग्ध मौत का मुद्दा गूंजेगा. कांग्रेस विधायक सेना पटेल व राजन मंडलोई ध्यानाकर्षण करेंगे, जबकि तेजबहादुर सिंह चौहान सहित अन्य विधायक ओलावृष्टि से फसल नुकसान का मुद्दा उठाएंगे. कुल चार ध्यानाकर्षण और 73 याचिकाएं पेश होंगी.

सिंधिया छतरी में चोरी: विष्णु मंदिर से चांदी-पीतल के 18 सामान ले उड़े चोर
सिंधिया छतरी में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है. अम्मा महाराज की छतरी परिसर में बने विष्णु मंदिर को चोरों ने निशाना बनाया. बताया जा रहा है कि मंदिर के अंदर से चांदी और पीतल के कुल 18 सामान चोरी कर अज्ञात बदमाश फरार हो गए. हैरानी की बात यह है कि छतरी परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मौजूद होने के बावजूद चोरों ने वारदात को अंजाम दे दिया. घटना ग्वालियर के कटोरा ताल रोड स्थित झांसी रोड थाना क्षेत्र की है. पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं.

भिंड के अंजनी स्टोन क्रेशर पर दर्दनाक हादसा: मशीन के बकेट से दबकर मजदूर की मौत

भिंड जिले के गोहद क्षेत्र में संचालित अंजनी स्टोन क्रेशर पर एक मजदूर की संदिग्ध और दर्दनाक मौत हो गई. हादसा पाली डिरमन स्थित पत्थर खदान में हुआ, जहां बिना पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम के काम कराया जा रहा था. बताया जा रहा है कि पत्थर तोड़ने वाली L&T ब्रेकर मशीन का बकेट अचानक गिर गया और उसकी चपेट में आने से मजदूर मौके पर ही दब गया. हादसे के वक्त मृतक बिना सेफ्टी उपकरणों के काम कर रहा था. अन्य मजदूरों ने तुरंत उसे निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी जान जा चुकी थी. घटना की सूचना मिलते ही गोहद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. परिजनों में आक्रोश है, क्योंकि कुछ महीने पहले भी क्षेत्र के एक अन्य क्रेशर पर मजदूर की जान गई थी. मामले में सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर सवाल उठ रहे हैं.

एमपी विश्वविद्यालयों में शुरू होंगे टेंपल मैनेजमेंट कोर्स, धार्मिक पर्यटन से बढ़ेंगे रोजगार

Madhya Pradesh में जल्द ही विश्वविद्यालयों में टेंपल मैनेजमेंट कोर्स शुरू किए जाएंगे. मुख्यमंत्री Mohan Yadav ने इंदौर और Mhow में कार्यक्रमों के दौरान बताया कि इन कोर्स में डिप्लोमा से लेकर पोस्टग्रेजुएट डिग्री तक शामिल होंगी. पाठ्यक्रम में वित्तीय प्रबंधन, प्रशासन, सुरक्षा और धार्मिक अनुष्ठान कला पढ़ाई जाएगी. सरकार धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देकर रोजगार और अर्थव्यवस्था मजबूत करना चाहती है. उज्जैन के महाकाल लोक की तर्ज पर राज्य में 13 नए ‘लोक’ विकसित करने की भी योजना है.

रायसेन में बड़ी कार्रवाई: ईंट भट्ठे से 74 बंधुआ मजदूर मुक्त, 21 परिवारों को प्रशासन ने बचाया

बंधुआ मजदूरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रायसेन जिला प्रशासन ने नीमखेड़ा गांव के एक ईंट भट्ठे से 74 मजदूरों को मुक्त कराया. दो दिन की जांच में जबरन काम कराने, मजदूरी न देने और कर्ज के जाल में फंसाकर बंधक बनाए रखने के सबूत मिले. मुक्त कराए गए मजदूरों में पुरुष, महिलाएं और बच्चे सहित 21 परिवार शामिल हैं. 20 फरवरी को एसडीएम मनीष शर्मा की निगरानी में स्थानीय पुलिस की मदद से कार्रवाई की गई. जांच में सामने आया कि मजदूरों से लंबे समय तक काम कराया जाता था और उन्हें परिसर से बाहर जाने नहीं दिया जाता था.

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *