24 हज़ार करोड़ का मेगा प्रोजेक्ट
जानकारी के मुताबिक, बैठक में 1320 मेगावाट क्षमता वाले दो बड़े थर्मल पावर प्लांट को मंजूरी दी जा सकती है. इन प्लांट्स पर करीब 24,000 करोड़ रुपये खर्च होंगे. यह राज्य की अब तक की सबसे बड़ी ऊर्जा परियोजनाओं में से एक मानी जा रही है.
दोनों थर्मल पावर प्लांट अमरकंटक के चचाई और बैतूल के सारणी में स्थापित किए जाएंगे. ऊर्जा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि इन परियोजनाओं का मकसद आने वाले समय में राज्य की बढ़ती बिजली खपत को पूरा करना है. खासतौर पर उद्योगों और घरेलू जरूरतों के लिए स्थिर बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने पर फोकस होगा.
भविष्य की बिजली खपत पर नज़र
मध्यप्रदेश में पिछले कुछ सालों से बिजली की खपत लगातार बढ़ रही है. गर्मियों में लोड शेडिंग और ग्रामीण इलाकों में सप्लाई की चुनौतियों को देखते हुए सरकार लंबे समय से बड़े पावर प्रोजेक्ट्स की तैयारी कर रही थी. अब इस बैठक के जरिए राज्य सरकार इन योजनाओं को अमलीजामा पहनाने जा रही है.
September 23, 2025 10:15 IST
शादीशुदा प्रेमी ने अपनी प्रेमिका और उसके पिता पर चाकू से किया हमला
धार: सिरफिरे शादीशुदा प्रेमी ने अपनी प्रेमिका और उसके पिता पर चाकू से हमला कर दिया. दोनों का अस्पताल में उपचार जारी है. यह हमला प्रेमिका और उसके परिजनों द्वारा शादी से मना करने पर हुआ. हमले से पहले पंचायत बुलाकर शादीशुदा प्रेमी को समझाने का प्रयास किया गया था. घटना ग्राम बेहड़दा की है. गंधवानी थाना पुलिस ने आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है और कार्रवाई जारी है.
September 23, 2025 10:04 IST
प्रदेश के सबसे लंबे फ्लाईओवर की यातायात व्यवस्था का मामला
प्रदेश के सबसे लंबे फ्लाईओवर की यातायात व्यवस्था के मामले में, हाईकोर्ट ने जनहित याचिका पर सरकार को आदेश दिए हैं. नवनिर्मित फ्लाईओवर के एंट्री और एग्जिट प्वाइंट पर संकेतक लगाए जाएं और फ्लाईओवर पर व्यवस्था के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात हो. आगामी त्यौहारों की भीड़भाड़ को देखते हुए जल्द कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं. सरकार ने हाईकोर्ट को आश्वासन दिया है कि फ्लाईओवर पर जल्द ही व्यू कटर लगाने की व्यवस्था की जा रही है. जबलपुर निवासी अधिवक्ता अलका सिंह ने इस संबंध में जनहित याचिका लगाई थी.
September 23, 2025 09:34 IST
मुरैना में फायरिंग करने वाले 7 आरोपी गिरफ्तार
मुरैना: फायरिंग के मामले में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. कुतवार डैम के पास से पकड़े गए इन आरोपियों के पास से 4 बंदूकें भी बरामद हुई हैं. इनमें तीन बंदूकें लाइसेंसी हैं, जबकि एक बंदूक अवैध पाई गई है. यह विवाद पैसों के लेनदेन को लेकर हुआ था. दोनों पक्षों में हुए इस विवाद में ताबड़तोड़ फायरिंग की गई थी, जिसका लाइव वीडियो भी सामने आया है. यह घटना माता बसैया थाना क्षेत्र के नाका गांव की है.
September 23, 2025 09:30 IST
आगर मालवा में देर रात तीन दुकानों में लगी आग
आगर मालवा में देर रात तीन दुकानों में आग लग गई, जिससे टेलरिंग शॉप पूरी तरह जलकर खाक हो गई और लाखों का नुकसान हुआ. इस आग में कपड़े, मशीन और फर्नीचर सब जलकर राख हो गए. पास की सैलून और एक अन्य दुकान भी इस आग से प्रभावित हुईं. आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट होने की आशंका है.
September 23, 2025 09:28 IST
देवी स्थापना शोभायात्रा में लापरवाही से भड़की आग
पिपरिया में देर रात देवी स्थापना शोभायात्रा के दौरान एक हादसा हो गया. महाकाली प्रतिमा की चुनरी में आतिशबाजी की चिंगारी से आग लग गई. समिति के सदस्यों ने तत्परता दिखाते हुए कपड़ों की मदद से आग को बुझा दिया. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. सौभाग्य से, इस दौरान कोई हानि नहीं हुई. न्यूज़ 18 ने देवी पांडाल और शोभायात्रा के दौरान सतर्कता बरतने की अपील की है.
September 23, 2025 09:07 IST
बदरवास में आरोपी पुलिस हिरासत से फरार
शिवपुरी के बदरवास में पुलिस हिरासत से भागा एक आरोपी अपने घर पहुंच गया. जब पुलिस वहां पहुंची तो वह दूसरी मंजिल से कूदने की धमकी दे रहा था. परिजनों के सहयोग से उसे गिरफ्तार कर मेडिकल चेकअप के बाद जेल भेज दिया गया. राजबीर को मारपीट के मामले में गिरफ्तार कर मेडिकल के लिए ले जाया गया था, लेकिन मौका पाकर वह फरार हो गया. राजबीर एक आदतन अपराधी है.
September 23, 2025 09:05 IST
डबरा में वाहन चेकिंग के दौरान हंगामा
डबरा में वाहन चेकिंग के दौरान हंगामा हो गया. चेकिंग के दौरान एक SI ने एक बाइक सवार को थप्पड़ मार दिया. थप्पड़ से नाराज बाइक सवार ने सड़क पर जमकर हंगामा किया. इस घटना का वीडियो भी वायरल हो गया है.
September 23, 2025 09:04 IST
ग्वालियर में बाइक सवार नो-एंट्री क्षेत्र में घुसा
ग्वालियर में एक बाइक सवार नो-एंट्री क्षेत्र में घुस गया, जिससे पुलिस को चालान बनाना पड़ा. चालान बनाए जाने पर वाहन चालक ने नाराजगी जताई और कपड़े उतारकर हंगामा करने लगा. इस हंगामे ने आधे घंटे तक सड़क पर अफरातफरी मचाई. पुलिस ने चालान की प्रक्रिया पूरी करके उसे छोड़ दिया.
September 23, 2025 08:46 IST
हरदा के ज्योति कंस्ट्रक्शन पर जीएसटी विभाग की कार्रवाई
हरदा के ज्योति कंस्ट्रक्शन पर जीएसटी विभाग की कार्रवाई का मामला सामने आया है. कार्रवाई के दौरान असिस्टेंट कमिश्नर युवराज पाटीदार और एंटी ईवेजन ब्यूरो जीएसटी की 20 सदस्यीय टीम शामिल थी. यह कार्रवाई टीडीएस मामलों पर केंद्रित थी. दस्तावेज़ों और कंप्यूटर की जांच जारी है. ज्योति कंस्ट्रक्शन एक शासकीय ठेकेदार है, जिसने अधिक टीडीएस कटाया पर कम रिटर्न भरा है. इस वजह से जांच की जा रही है. अनुमान है कि लगभग एक से डेढ़ करोड़ रुपये का अंतर हो सकता है. कार्रवाई रात में भी जारी रहेगी.
September 23, 2025 08:11 IST
टीकमगढ़ में सड़कों की हालत जर्जर
टीकमगढ़ शहर की सड़कों की हालत काफी खराब है. बस स्टैंड से लेकर अंबेडकर तिराहे तक की सड़क पर गड्ढे ही गड्ढे दिखाई देते हैं. पूर्व विधायक राकेश गिरी ने इन गड्ढों में पौधारोपण किया है. गड्ढों की वजह से शहर की सड़कों पर चलना मुश्किल हो गया है और आए दिन हादसे हो रहे हैं. शहर की अधिकतर सड़कों का यही हाल है, लेकिन नगर पालिका के जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे.
September 23, 2025 07:57 IST
ग्वालियर जा रही विदेशी युवती ट्रेन से उतरना भूली
विदेशी युवती ट्रेन से उतरना भूल गई. दिल्ली से ग्वालियर आ रही अफ्रीकी युवती महाकौशल एक्सप्रेस के एसी कोच में सवार थी. ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर उतरना भूलने पर युवती के साथियों ने रेलवे को सूचित किया. RPF ने डबरा में ट्रेन रोककर युवती को उतारा और दूसरी ट्रेन से ग्वालियर लाकर उसके ग्रुप को सौंपा.
September 23, 2025 07:31 IST
धार जिले में एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन पलटा
धार जिले में एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन, जिसमें कई मजदूर सवार थे, पलट गया. इस दुर्घटना में 2 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक घायल हो गए. सभी घायलों का इलाज उमरबन और मनावर के अस्पतालों में चल रहा है. गंभीर रूप से घायल 2 मजदूरों को जिला अस्पताल में रेफर किया गया है. ये सभी मजदूर सोयाबीन काटकर उमरबन से अपने गांव लौट रहे थे जब यह हादसा हुआ. घटना ग्राम उकाला के उमरबन पुलिस चौकी क्षेत्र में हुई. दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया.
September 23, 2025 07:29 IST
सीएम मोहन “10वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस” के राज्य स्तरीय कार्यक्रम का करेंगे शुभारंभ
सीएम मोहन “10वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस” के राज्य स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे. यह कार्यक्रम कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में दोपहर 3 बजे आयोजित होगा. कार्यक्रम के दौरान आयुष वैलनेस टूरिज्म के तहत आयुष विभाग और पर्यटन विभाग के बीच एम.ओ.यू. किया जाएगा. सीएम कैंसर रोगियों के लिए “कारुण्य” कार्यक्रम और औषधि पौधों के लिए हेल्पलाइन का शुभारंभ करेंगे. इसके अलावा, एस.एम.पी.बी. की ‘मध्य हर्बल दर्पण’ पत्रिका और जन आरोग्य समिति की नियमावली का विमोचन भी किया जाएगा. कार्यक्रम स्थल पर आयुष विभाग द्वारा प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी.
.