MP News Live 08 September: बरेठा घाट पर आफत! ट्रक का टायर फटा, भोपाल-नागपुर हाइवे पर 3 किमी लंबा जाम

MP LIVE: भोपाल-नागपुर नेशनल हाइवे एक बार फिर यात्रियों के लिए सिरदर्द बन गया है. मंगलवार को बरेठा घाट पर एक ट्रक का टायर फट गया. इसके बाद घाट पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई. हालत यह है कि लगभग 3 किलोमीटर तक जाम फैल गया है.

स्थानीय लोगों और यात्रियों का कहना है कि पिछले दो घंटे से गाड़ियां वहीं खड़ी हैं. लोग धूप में परेशान हो रहे हैं. कई लोग पानी और खाने के बिना ही फंसे हैं. छोटे वाहन चालकों ने तो गाड़ियों को सड़क किनारे लगाकर पैदल ही आगे की ओर रास्ता देखने की कोशिश की.

क्यों फंसा जाम?
दरअसल, जिस जगह ट्रक खराब हुआ है, वह घाट का बेहद संकरा हिस्सा है. यहां पहले से ही सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हैं. ऐसे में जब ट्रक का टायर फटा तो वह बीच सड़क पर ही रुक गया. अब टायर बदलने के लिए क्रेन सर्विस बुलानी पड़ी, लेकिन घाट की हालत ऐसी है कि वहां क्रेन को खड़ा करना भी मुश्किल हो रहा है.

रोज हादसों का डर
लोगों का कहना है कि यह कोई पहला मामला नहीं है. बरेठा घाट की सड़क काफी समय से खस्ताहाल है. बड़े-बड़े गड्ढों के कारण आए दिन वाहन फंसते रहते हैं और दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है. ड्राइवरों को खासतौर पर रात के समय यहां से गुजरने में डर लगता है.

September 8, 2025 11:42 IST

फिल्म अभिनेता कबीर दोहान सिंह ने भस्मारती में शामिल

उज्जैन: प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता कबीर दोहान सिंह ने भस्मारती में भाग लिया. श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से सहायक प्रशासक मूलचंद जूनवाल ने उनका स्वागत और सत्कार किया.

September 8, 2025 11:38 IST

कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन

राजधानी में खराब सड़कों के विरोध में कांग्रेस ने अनोखा प्रदर्शन किया. कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला अंतरिक्ष यात्री की ड्रेस पहनकर प्रदर्शन में पहुंचे. गड्ढे में बैठकर उन्होंने अपना विरोध दर्ज किया. कांग्रेस कार्यकर्ता कमल का फूल लेकर प्रदर्शन में शामिल हुए. कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मध्य प्रदेश की सड़कें अब चंद्रमा की सतह जैसी हो गई हैं, जहां हर जगह गड्ढे ही गड्ढे नजर आते हैं.

September 8, 2025 11:23 IST

जिला कलेक्टर आदित्य सिंह ने आज जिला चिकित्सालय अशोकनगर का किया निरीक्षण

अशोकनगर के जिला कलेक्टर आदित्य सिंह ने आज जिला चिकित्सालय अशोकनगर का निरीक्षण किया और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया. उनका यह दौरा नियमित रूप से होता रहता है, लेकिन सुविधाओं में कोई खास सुधार नहीं देखा गया है. कलेक्टर ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से बातचीत कर उनके उपचार के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी ली. उन्होंने निर्देश दिए कि जिला चिकित्सालय में आने वाले मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलनी चाहिए और कोई भी मरीज उपचार के लिए अनावश्यक रूप से परेशान नहीं होना चाहिए. हालांकि कलेक्टर आदित्य सिंह लगातार औचक निरीक्षण कर रहे हैं, लेकिन व्यवस्थाओं में सुधार नजर नहीं आ रहा है. उनका यह दौरा सिर्फ एक औपचारिकता जैसा प्रतीत होता है.

September 8, 2025 11:03 IST

धर्मांतरण फंडिंग केस में गिरफ्तार पार्षद अनवर कादरी को नागपुर लेकर गई पुलिस

धर्मांतरण फंडिंग मामले में गिरफ्तार पार्षद अनवर कादरी को बाणगंगा थाना पुलिस नागपुर लेकर गई. आरोपी से मोबाइल के संबंध में पूछताछ की जा रही है. नागपुर से मोबाइल का बिल जप्त किया गया है. फरारी के दौरान अनवर ने नागपुर से फोन खरीदा था और परिचित मिनाजुद्दीन नामक व्यक्ति के सिम कार्ड का उपयोग किया था. मोबाइल की जांच के लिए अनवर को नागपुर ले जाया गया. आज अनवर को नागपुर से वापस लाकर कोर्ट में पेश किया जाएगा.

September 8, 2025 10:48 IST

पुलिसकर्मियों का डांस वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

पुलिसकर्मियों का बार बालाओं के संग डांस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. इस वीडियो में एएसआई संजीव गौंड़ और राहुल बौद्ध, जो जिले के सबसे विवादित पुलिसकर्मियों में से हैं, बार बालाओं के संग अश्लील डांस करते दिख रहे हैं. ये पुलिसकर्मी “पी ले पी ले ओ मेरे जानी, अपनों का मनाना है जरा देर लगेगी” जैसे गानों पर थिरकते नजर आ रहे हैं. संजीव गौड़ और राहुल बौद्ध को पहले भी उनके संदिग्ध आचरण के कारण थाने से हटाया जा चुका है. यह वीडियो एक सप्ताह पुराना बताया जा रहा है.

September 8, 2025 10:14 IST

रघुवंशी हत्याकांड का ट्रायल आज से शुरू

शिलांग में राजा रघुवंशी हत्याकांड का ट्रायल आज से प्रारंभ होगा. शिलांग पुलिस ने इस मामले में 790 पेज का चालान पेश किया है. सोनम रघुवंशी, राज कुशवाह सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ आज से सुनवाई शुरू होगी. शिलांग पुलिस ने इंदौर से भी हत्या के पुख्ता साक्ष्य जुटाए हैं.

September 8, 2025 09:30 IST

सीधी जिले में अस्पताल का हाल गौशाला जैसा

सीधी जिले में अस्पताल का हाल गौशाला जैसा हो गया है. रामपुर नैकिन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आवारा मवेशियों ने कब्जा जमा लिया है. जब अस्पताल में मरीजों के बजाय मवेशियों की धमा चौकड़ी का वीडियो सामने आया, तो स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया. जिम्मेदार कर्मियों की लापरवाही से अस्पताल में मवेशियों ने डेरा जमा लिया है. इस घटना के वीडियो के वायरल होने के बाद स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं. यह मामला रामपुर नैकिन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का है.

September 8, 2025 09:02 IST

ग्वालियर में युवक की चाकू गोदकर हत्या

चाकू से गोदकर युवक की हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान आनंद पाल के रूप में हुई है. इस हत्या के पीछे उसके साथियों पर आशंका जताई जा रही है. यह घटना बहोड़ापुर थाना के लक्ष्मण तलैया क्षेत्र की है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई.

September 8, 2025 08:40 IST

मुरैना – संदिग्ध परिस्थितियों में नवविवाहिता की मौत

मुरैना – संदिग्ध परिस्थितियों में नवविवाहिता की मौत का मामला सामने आया है. मृतक महिला के पिता और परिवार के सदस्यों ने पुलिस अधीक्षक के बंगले का घेराव किया. परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस मर्ग दर्ज नहीं कर रही है. जैसे ही इस घटना की सूचना मिली, स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाने के लिए कोतवाली थाने ले गई. लगभग 3 घंटे बाद, परिजनों ने पुलिस की बात मानी. इसके बाद, पुलिस अधीक्षक के बंगले के घेराव के परिणामस्वरूप अधिकारियों ने चिन्नौनी थाना प्रभारी को मामला दर्ज करने के निर्देश दिए. तब जाकर परिजनों ने शव को लेकर घर के लिए रवाना हुए.

September 8, 2025 08:24 IST

कार धोने को लेकर हिंसक विवाद

मुरार थाना क्षेत्र के जड़ेरूआ इलाके में कार धोने को लेकर उपजा विवाद हिंसक हो गया. घटना तब हुई जब वाशिंग सेंटर के मालिक ने कार की धुलाई के पैसे मांगे. इससे नाराज कार चालक ने सेंटर मालिक पर हमला कर दिया. मामला यहीं नहीं रुका, आरोपियों ने पत्थर फेंके और हवाई फायर भी किए. इस पूरी घटना का फुटेज CCTV कैमरों में कैद हो गया. मुरार पुलिस ने इस मामले में 4 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है, जिनमें से एक को गिरफ्तार कर लिया गया है. घटना ने इलाके में हड़कंप मचा दिया और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

September 8, 2025 08:12 IST

मुख्यमंत्री मोहन यादव मंत्रियों से लेंगे कामकाज का हिसाब!

मुख्यमंत्री मोहन यादव मंत्री और विधायकों के 20 महीनों के कामकाज का हिसाब लेंगे. डॉ. मोहन यादव मंत्रियों से वन टू वन चर्चा करेंगे और विधायकों का रिपोर्ट कार्ड भी चेक करेंगे. मंत्रिमंडल के अगले विस्तार में मंत्रियों का भविष्य उनके काम के आधार पर तय होगा. अक्टूबर में मंत्रियों के साथ बैठकों का दौर शुरू करने की तैयारी है.

September 8, 2025 08:03 IST

VIP रोड पर एक भीषण एक्सीडेंट

VIP रोड पर एक भीषण एक्सीडेंट में वाहन चालक की मौके पर ही मौत हो गई. किया कार लोडिंग ट्रक में जाकर घुस गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि पूरी किया कार क्षतिग्रस्त हो गई. यह मामला कोहेफिजा थाना क्षेत्र का है.

September 8, 2025 07:43 IST

चलती ट्रेन से उतरने में प्लेटफॉर्म पर गिरी महिला

दिल्ली से ग्वालियर आ रही पंजाब मेल ट्रेन में एक महिला यात्री चलती ट्रेन से उतरने के प्रयास में प्लेटफार्म नंबर 1 पर गिर गई. इस दुर्घटना के दौरान एक युवक भी महिला को बचाने की कोशिश में ट्रेक और प्लेटफार्म के बीच गिर गया. रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (RPF) के सिपाही कन्हैयालाल मीणा ने तत्काल दोनों को खींचकर उनकी जान बचाई. घटना का वीडियो CCTV में कैद हो गया, जिससे पता चला कि कन्हैयालाल की तत्परता से यात्रियों की जान बच सकी. ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर हुई इस घटना से यात्रियों में सनसनी फैल गई, लेकिन RPF सिपाही की तेजी से सब सुरक्षित हो गए.

September 8, 2025 07:20 IST

GRP और RPF की सतर्कता से बची घायल यात्री की जान

GRP और RPF की सतर्कता से एक घायल यात्री की जान बच गई. रेलवे ट्रैक के पास एक यात्री घायल हालत में पड़ा था, सूचना मिलने पर GRP और RPF की टीम ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया. यात्री ने बताया कि वह उत्तर प्रदेश के महोबा जिले का रहने वाला पप्पू राठौर है. संभवत ट्रेन से गिरने के चलते हुए घायल हो गया था.

September 8, 2025 07:19 IST

बरकतउल्ला विश्वविद्यालय का दीक्षांत समारोह आज

बरकतउल्ला विश्वविद्यालय का दीक्षांत समारोह आज सुबह 11 बजे कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में आयोजित होगा. कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्यपाल और विश्वविद्यालय के कुलाधिपति मंगुभाई पटेल करेंगे. समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल होंगे. प्रदेश के उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री इंदर सिंह परमार भी उपस्थित रहेंगे. समारोह के दौरान 76 छात्रों को पीएचडी डिग्री प्रदान की जाएगी. विभिन्न विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 26 छात्रों को गोल्ड मेडल दिए जाएंगे. इनमें से 21 मेडल मेरिट के आधार पर प्रदान किए जाएंगे, जबकि 5 गोल्ड मेडल प्रायोजित रहेंगे.

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *