MP News Live 01 September: उज्जैन में दर्दनाक हादसा, पिकअप पलटी, तीन गायों की मौके पर मौत, 11 केवी लाइन टूटी!

MP LIVE NEWS: उज्जैन जिले में सोमवार को बड़ा हादसा हो गया. गरोड़ रोड पर तुलाहेड़ा टोल टैक्स के पास राजस्थान की ओर जा रही धनिया से भरी तेज रफ्तार पिकअप (वाहन क्रमांक RJ29GB2101) पलट गई. हादसे में सड़क किनारे बैठी तीन गायें इसकी चपेट में आ गईं. एक गाय करीब 40 फीट तक घिसटती चली गई, वहीं दो अन्य गायें वहीं मौके पर कुचल गईं. तीनों की मौत हो गई.

दुर्घटना इतनी भीषण थी कि पिकअप से टकराकर पास से गुजर रही 11 केवीए बिजली लाइन और पोल भी टूटकर गिर गए. बिजली व्यवस्था ठप हो गई. सूचना मिलते ही MPEB की टीम मौके पर पहुंची और तार व पोल को दुरुस्त करने का काम शुरू किया. वहीं, मृत गायों को मौके पर दफनाया गया.

फिलहाल पुलिस ने वाहन जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है. हादसे के बाद से क्षेत्र में सनसनी का माहौल है.

September 1, 2025 15:06 IST

इंदौर में बीजेपी महिला मोर्चा का प्रदर्शन, कांग्रेस कार्यालय का घेराव

बिहार में राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री की मां को लेकर की गई अभद्र टिप्पणी पर इंदौर में राजनीतिक बवाल खड़ा हो गया. भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने काली पट्टी बांधकर विरोध जताया. प्रदेश के मंत्री तुलसी सिलावट सहित भाजपा के कई बड़े नेता भी धरना-प्रदर्शन में शामिल हुए. जीतू पटवारी के बयान के विरोध में महिला मोर्चा ने कांग्रेस दफ्तर के बाहर नारेबाजी की.

September 1, 2025 15:01 IST

CM हाउस में वैदिक घड़ी का अनावरण

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सीएम हाउस में वैदिक घड़ी का अनावरण किया. इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सहित अन्य नेता मौजूद रहे. विशेष तकनीक से तैयार यह घड़ी पंचांग के अनुसार तिथि, माह और राशि बताएगी. उज्जैन के बाद अब राजधानी भोपाल में भी वैदिक घड़ी लगाई गई है. आने वाले समय में प्रदेश के अन्य शहरों में भी इस तरह की घड़ियां स्थापित की जाएंगी. राजधानी में मंत्रालय और विधानसभा परिसर में भी वैदिक घड़ी लगाने की तैयारी है.

September 1, 2025 14:58 IST

शिवपुरी: ASI का पार्टी वाला वीडियो वायरल, SP ने किया निलंबित

थाना भौंती में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक (ASI) जितेन्द्र जाट का सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो गया है, जिसमें वे आपराधिक पृष्ठभूमि के व्यक्ति के साथ पार्टी करते दिख रहे हैं. मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ ने तत्काल संज्ञान लिया. प्रथम दृष्टया सउनि का आचरण अमर्यादित और सेवा नियमों के विपरीत पाया गया, जिसके चलते जितेन्द्र जाट को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं.

September 1, 2025 14:06 IST

जबलपुर में बैंक डकैती कांड का सरगना गिरफ्तार

खितौला स्थित ESAF स्मॉल फाइनेंस बैंक डकैती मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. डकैती गिरोह के सरगना राजेश रवि दास को बिहार के गया से गिरफ्तार किया गया. उसके पास से 3 किलो सोना और 50 हजार रुपये नकद बरामद किए गए. राजेश 18 जून को राजगढ़ जेल से रिहा हुआ था और 11 अगस्त को जबलपुर में बैंक डकैती को अंजाम दिया था. इस वारदात में 14 किलो 800 ग्राम सोना और 5 लाख रुपये लूटे गए थे. पुलिस के अनुसार डकैती के बाद लूट का माल गिरोह के सदस्यों में बांटा गया था.

September 1, 2025 13:45 IST

सीधी में किसानों का हंगामा, अमिलिया मार्ग पर चक्काजाम

अमिलिया में खाद वितरण को लेकर किसानों का आक्रोश फूट पड़ा. खाद न मिलने से नाराज किसानों ने सोमवार को अमिलिया मुख्य सड़क मार्ग पर चक्काजाम कर दिया. यह हंगामा एक घंटे से अधिक समय से जारी है. किसानों ने सिहावल जा रहे तहसीलदार के वाहन को भी रोक लिया. जानकारी के अनुसार अमिलिया खाद गोदाम में खाद उपलब्ध न होने से किसान परेशान हैं. इस वर्ष अच्छी बरसात से धान की फसल बेहतर हुई है, लेकिन समय पर खाद न मिलने से नाराजगी बढ़ गई.

September 1, 2025 13:42 IST

सचिन तेंदुलकर महेश्वर में, किया नर्मदा में नौकाविहार, देखा साड़ी कारोबार

क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर महेश्वर पहुंचे हैं. दूसरे दिन सुबह उन्होंने किला परिसर स्थित रेवा सोसायटी का भ्रमण कर माहेश्वरी साड़ी बनाने की प्रक्रिया देखी. तेंदुलकर ने बुनकरों से चर्चा कर उनकी कला की सराहना की और माहेश्वरी साड़ी की जमकर तारीफ की. इस दौरान पद्मश्री जगदीश जोशीला ने साल ओढ़ाकर उनका सम्मान किया. सचिन ने स्कूली बच्चों और महिलाओं के साथ फोटो खिंचवाए. यात्रा के दौरान उन्होंने नर्मदा नदी में नौका विहार कर प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लिया. महेश्वरवासियों ने क्रिकेट लीजेंड का उत्साहपूर्वक स्वागत किया.

September 1, 2025 12:56 IST

दतिया में मंदिर में चोरी की वारदात, चोरों ने तोड़ी दान पेटी

अब मंदिर भी चोरों के निशाने पर हैं. प्राचीन गंजी के मंदिर में एक चोर ने प्रवेश किया और लोहे की रोड से दान पेटी तोड़ दी. दान पेटी के अंदर रखे रूपये पैसे लेकर चोर फरार हो गया. चोरी करते हुए चोर की करतूत सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस चोर की तलाश में जुटी है. यह मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है.

September 1, 2025 12:26 IST

Gwalior News: BJP महिला मोर्चा का आंदोलन

BJP महिला मोर्चा ने राहूंल गांधी और जीतू पटवारी के बयानों के खिलाफ आंदोलन किया. कांग्रेस कार्यकाल के दौरान की गई गतिविधियों का घेराव करने के लिए BJP महिला मोर्चा ने विरोध प्रदर्शन किया. इस आंदोलन को रोकने के लिए पुलिस ने बेरिकेटिंग की.

 

September 1, 2025 12:22 IST

Ujjain News: बाइक चोरी का मामला, एक साथ 3 गाड़ी गायब

उज्जैन के मक्सी रोड स्थित महावीर एवेन्यू में पल भर में बाइक का ताला तोड़कर चोर बाइक ले गए. कुछ दिनों पहले कंजर गिरोह ने मक्सी रोड पर स्थित स्थान से 3 बाइक चोरी की थीं. इस घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

 

 

 

September 1, 2025 11:59 IST

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विक्रमादित्य वैदिक घड़ी के ऐप का लोकार्पण किया

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को विक्रमादित्य वैदिक घड़ी के ऐप का लोकार्पण किया और इसे देश एवं दुनिया को समर्पित किया. भोपाल में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि यह पहल भारतीय ज्ञान परंपरा और आधुनिक तकनीक का अद्भुत संगम है. मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए कहा कि समय की भारतीय गणना पद्धति को पुनर्जीवित करना गर्व का विषय है. उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे इस ऐप का अधिक से अधिक उपयोग करें और भारतीय संस्कृति को विश्व स्तर पर पहचान दिलाएं. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा और विद्वान शामिल हुए.

September 1, 2025 11:23 IST

Raisen News: गैस की टंकियां से भरा ट्रक नदी में पलटा

रायसेन जिले के बम्होरी थाना क्षेत्र में देवनगर मार्ग पर एक खाली गैस टंकियों से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर नदी में पलट गया. सौभाग्य से, ड्राइवर ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली. बताया जा रहा है कि ग्राम खरगोन बरेली से खाली गैस टंकियों से भरा यह ट्रक रायसेन भोपाल की ओर जा रहा था. इसी दौरान, इक्यावन नदी पर यह हादसा हुआ. रात का समय और पुल पर बने गड्डे हादसे की प्रमुख वजह बने.

 

September 1, 2025 10:23 IST

अस्पताल के मैटरनिटी वार्ड में भिड़ी दो महिलाएं

मुरैना में जिला अस्पताल के मेटरनिटी वार्ड में दो महिलाओं के बीच मारपीट हो गई. दोनों महिलाओं ने एक दूसरे को जमीन पर गिराकर मारपीट की. ये महिलाएं प्राइवेट अस्पतालों की दलाल बताई जा रही हैं, जो सरकारी अस्पताल से प्रसुताओं को बहला-फुसलाकर प्राइवेट अस्पतालों में ले जाती हैं. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें दोनों महिलाओं को एक दूसरे से मारपीट करते हुए देखा जा सकता है. मरीज और उनके अटेंडर दोनों को समझाने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं. यह मामला शहर के शासकीय अस्पताल के मेटरनिटी वार्ड का है. अस्पताल चौकी पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.

 

September 1, 2025 09:30 IST

Ratlam News: झोलाछाप डॉक्टर के इलाज से हुई युवक की मौत

सरवन कस्बे में झोलाछाप डॉक्टर के इलाज से एक और मौत हो गई. 53 वर्षीय धनजी मईडा की तबीयत झोलाछाप डॉक्टर द्वारा किए गए इलाज से बिगड़ गई. उसे तुरंत सरकारी अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई. स्वास्थ्य विभाग ने मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टर का पंचनामा बनाया और एफआईआर के निर्देश दिए. सरवन थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.

September 1, 2025 08:43 IST

Gwalior News: कृषि उपज मंडी में खाद के लिए मारामारी, रात से लगी लंबी लाइन

भितरवार में खाद के लिए मारामारी जारी है. कृषि उपज मंडी में किसानों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं. रात के तीन बजे से ही किसान खाद के लिए कतार में खड़े हो जाते हैं. इन कतारों में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल हैं. भितरवार में खाद की समस्या के चलते किसान भारी परेशानी का सामना कर रहे हैं.

 

September 1, 2025 08:40 IST

Bhopal Hadsa: भोपाल में सामुदायिक भवन धसा, छह महिलाएं घायल!

बैरागढ़ में स्थित मछली मार्केट की इंदिरा नगर कॉलोनी के सामुदायिक भवन में रविवार दोपहर एक हादसा हुआ. रसोई कार्यक्रम के दौरान जमीन अचानक धंस गई, जिससे छह महिलाएं घायल हो गईं. जमीन के धंसने से लगभग 10 फीट गहरा गड्ढा हो गया और महिलाएं उसमें गिर गईं. इस घटना ने स्थानीय लोगों को चौंका दिया और घायल महिलाओं को तुरंत अस्पताल ले जाया गया. यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना सामुदायिक भवन की सुरक्षा पर सवाल उठाती है और भविष्य में ऐसे हादसों से बचाव के लिए आवश्यक कदम उठाने की आवश्यकता पर जोर देती है.

 

 

September 1, 2025 08:33 IST

Bhopal News: पीचर्स क्लब में बाउंसर्स की गुंडागर्दी वायरल

भोपाल के एक निजी मॉल में स्थित पीचर्स क्लब में बाउंसरों द्वारा गुंडागर्दी का मामला सामने आया है. इस घटना में एक महिला बाउंसर को गेस्ट के साथ मारपीट करते हुए देखा गया. क्लब रात 2 बजे तक खुला रहता है और इसे बीजेपी नेता द्वारा संचालित बताया जा रहा है. इस घटना ने लोगों में चिंता और नाराजगी पैदा की है, और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं, गेस्ट्स के साथ ऐसे दुर्व्यवहार से क्लब की प्रतिष्ठा पर बुरा असर पड़ रहा है. क्लब प्रशासन को इस मामले में जल्द से जल्द उचित कदम उठाने की आवश्यकता है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके.

 

September 1, 2025 07:51 IST

Gwalior News: CCTV लगवाने के दौरान पड़ोसी आपस में भिड़े, घटना कैमरे में कैद!

एक युवती के घर के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाने को लेकर विवाद हो गया. कैमरा लगाने के दौरान पड़ोसी परिवार की महिला और पुरुषों ने युवती से मारपीट की. उन्होंने न केवल सीसीटीवी कैमरे तोड़े बल्कि युवती को गंभीर रूप से घायल भी कर दिया. मारपीट की यह घटना CCTV में कैद हो गई. यह घटना कोतवाली थाना के मैना वाली गली में हुई. पुलिस ने दो युवकों और एक महिला के खिलाफ FIR दर्ज की है.

 

September 1, 2025 07:34 IST

MP News: शिवपुरी में प्रसाद का हलवा खाने से 100 से अधिक लोग बीमार

प्रसादी का हलवा खाने से 100 से अधिक लोग बीमार हो गए. सभी को उल्टी और दस्त की शिकायत हुई. कोलारस के मोहराई स्थित राधा कृष्ण मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में प्रसाद में मिले हलवे से लोग बीमार हो गए. देर रात ही चिकित्सीय दल भेजा गया और उपचार किया गया. हलवा जिस घी से बना था, वह खाने योग्य नहीं था. देर रात ही घी सप्लाई करने वाली किराना दुकान को सील कर दिया गया. सभी बीमार लोग अब खतरे से बाहर हैं.

 

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *