Last Updated:
मध्य प्रदेश के राजगढ़ में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब ब्यावरा में दिल्ली की स्पेशल सेल टीम पहुंची और एक युवक को गिरफ्तार कर दिल्ली ले गई. लोगों को जब सच्चाई पता चली तब…
Rajgarh News: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने आईएसआईएस (ISIS) से जुड़े एक बड़े आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है. साथ ही पांच संदिग्धों को गिरफ्तार किया है. इनमें से एक युवक मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा से गिरफ्तार किया गया है, जिसका नाम कामरान कुरैशी बताया जा रहा है. पुलिस का दावा है कि ये संदिग्ध पाकिस्तान स्थित हैंडलर्स के संपर्क में थे.
वहीं, देश में आतंकी गतिविधियों की साजिश रच रहे थे. गिरफ्तारी IB की सूचना पर की गई. अब भी कई स्थानों पर छापेमारी जारी है. घटना की शुरुआत सुबह करीब पांच बजे हुई, जब दिल्ली पुलिस की टीम कामरान के घर पहुंची. शहीद नगर इलाके में रहने वाले कामरान के परिवार का कहना है कि पुलिस ने घर की तलाशी ली और धार्मिक ग्रंथों समेत कई सामान जब्त कर लिए.
कामरान के पिता अब्दुल रशीद ने मीडिया से बातचीत में कहा, “मेरा बेटा ऑनलाइन चैट करता था, लेकिन वह किसी गलत काम में शामिल नहीं है. यह एक साजिश है, उसे फंसाया जा रहा है.” उन्होंने यह भी बताया, कामरान 12वीं तक पढ़ा है. दिन में एक वकील के यहां काम करता था, जबकि शाम को लैब में. वह शांत स्वभाव का है और ज्यादा लोगों से बात नहीं करता.
पाकिस्तानी हैंडलर ग्रुप से जुड़े तार
राजगढ़ पुलिस के अनुसार, कामरान पर आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है और वह आईएसआईएस से जुड़े तारों के कारण गिरफ्तार किया गया. उसे दिल्ली ले जाया गया है, जहां पूछताछ जारी है. गिरफ्तार अन्य संदिग्धों में एक दिल्ली से, एक हैदराबाद से और अन्य स्थानों से हैं. ये सभी पाकिस्तानी हैंडलर ग्रुप से जुड़े बताए जा रहे हैं, जो सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को भड़काते हैं. दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और अन्य एजेंसियां इस मॉड्यूल की गहराई जांच रही हैं.
यह एक साजिश है…
ब्यावरा मुस्लिम समाज के नगर सदर इकबाल हुसैन ने इस गिरफ्तारी को साजिश बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है. उन्होंने कहा, “कामरान किसी संदिग्ध गतिविधि में शामिल नहीं था. प्रशासन को निर्दोष साबित करने के लिए पारदर्शी जांच करनी चाहिए.” समाज में इस घटना से चिंता फैल गई है और लोग इसे धार्मिक आधार पर निशाना बनाने का आरोप लगा रहे हैं. पुलिस ने गिरफ्तारी से पहले एक लिखित नोटिस भी दिया था, जिसमें आर्म्स एक्ट का जिक्र था.
.