निगम आयुक्त डॉ. शेर सिंह मीना ने कहा कि नगरीय प्रशासन की ओर से सड़क पर कार्य कराया जा रहा था, लेकिन जिस स्थान पर सतना लिखा जाना है, उस स्थान पर ‘एबीवीपी’ लिखा गया है, वह काम नगर निगम का नहीं बल्कि ABVP के कार्यकर्ताओं का है।
By ADITYA KUMAR
Publish Date: Tue, 15 Jul 2025 07:30:18 PM (IST)
Updated Date: Tue, 15 Jul 2025 08:59:46 PM (IST)
नईदुनिया प्रतिनिधि, सतना। शहर की एक सड़क पर स्थित सीमेंट की जाली पर I Love ABVP (अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद) लिखा गया है। इसकी तस्वीर बहुप्रसारित होने पर नगर निगम आयुक्त ने कार्रवाई की बात कही है। निगम आयुक्त डॉ. शेर सिंह मीना ने कहा कि नगरीय प्रशासन की ओर से सड़क पर कार्य कराया जा रहा था, लेकिन जिस स्थान पर सतना लिखा जाना है, उस स्थान पर ‘एबीवीपी’ लिखा गया है, वह काम नगर निगम का नहीं बल्कि विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं का है।
शहर की कई दीवारों पर आइ लव एबीवीपी लिखा
मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम अब मध्य प्रदेश संपत्ति विरूपण निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई करेगा। उन्होंने साफ किया कि नगर निगम की ओर से ऐसा कोई निर्देश या स्वीकृति नहीं दी गई थी। वहीं एबीवीपी का कहना है कि कुछ नए कार्यकर्ताओं ने उत्साह में यह लिख दिया है। एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने शहर की कई दीवारों पर आइ लव एबीवीपी लिखा है। नगर निगम के सामने ही एक भवन में आइ लव सतना लिखा गया है। जो तस्वीर बहुप्रसारित हुई है, वह रीवा-सतना मार्ग की है। यहां सड़क की रेलिंग पर ज्वाइन एबीवीपी भी लिखा गया है।
कार्यक्रम के तहत ज्वाइन एबीवीपी लिखा गया
नियम के मुताबिक, सार्वजनिक स्थल पर किसी संपत्ति को स्याही, खड़िया, रंग या किसी अन्य पदार्थ से लिखकर या चिह्नित करके उसे विरूपित करने पर संबंधित व्यक्ति से जुर्माने के रूप में एक-दो हजार रुपये तक का आर्थिक दंड लगाया जा सकता है। इस बारे में एबीवीपी के जिला संयोजक हिमांशु सिंह का कहना है कि पिछले दिनों एक कार्यक्रम के तहत ज्वाइन एबीवीपी लिखा गया था।
हटाने की प्रक्रिया शुरू करेंगे
नए कार्यकर्ताओं ने उत्साह में यह लिख दिया है, जिन्हें अब समझाइश दी जाएगी। हम इसे हटाने की प्रक्रिया शुरू करेंगे। एनएसयूआइ के कार्यकर्ताओं और नगर निगम ने इसे हटाना शुरू किया है, जो गलत है। दो-तीन दिन बाद हम भी कांग्रेस और एनएसयूआइ के स्लोगन हटाने की कार्रवाई करेंगे। नगर निगम को उन पर भी कार्रवाई करनी चाहिए।
.