MP LIVE: मंदसौर में बदला मौसम, बारिश के साथ ओलावृष्टि; सीहोर में अवैध डीजल भंडारण पर बड़ी

MP News in Hindi: अगर आप मध्य प्रदेश की हर हलचल से अपडेट रहना चाहते हैं, तो एमपी की ताजा खबरें पढ़ने के लिए हमारे साथ बने रहें. यहां आपको भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर जैसे प्रमुख शहरों के समाचार और सभी जरूरी अपडेट देंगे. इसके अलावा राजनीति, अपराध, मौसम, प्रशासन, क्षेत्र के विकास से जुड़ी और काम की खबरें भी मिलेंगी. चलिए जानते हैं आज मध्य प्रदेश में क्या-क्या है खास. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की लेटेस्ट खबरें… 

मंदसौर में बदला मौसम, बारिश के साथ ओलावृष्टि
जिले के गांधीसागर क्षेत्र में बारिश के साथ ओले गिरे, जिससे खेतों में कटी पड़ी फसलों को नुकसान की आशंका है. मौसम विभाग के अलर्ट का असर देखने को मिला, वहीं शहर में भी बादल छाए रहे.

सीहोर में अवैध डीजल भंडारण पर बड़ी कार्रवाई
जावर थाना पुलिस ने छापेमारी कर करीब 4 लाख रुपये मूल्य का 4825 लीटर डीजल जब्त किया. डीजल इंदौर-भोपाल रोड पर एक अस्थायी शेड में अवैध रूप से संग्रहित किया गया था. मामले में दीपसिंह परिहार को गिरफ्तार किया गया, जबकि दो आरोपी फरार हैं. पुलिस ने EC एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जिससे जमाखोरों में हड़कंप मच गया है.

मंदसौर में 50 लाख की MD ड्रग्स के साथ आरोपी गिरफ्तार, लग्जरी कार में तस्करी करते पकड़ा
पुलिस ने वायडी नगर थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 50 लाख रुपये की एमडी ड्रग्स के साथ आरोपी रमेशचंद्र को गिरफ्तार किया. वह लग्ज़री कार से 530 ग्राम एमडी और 5 किलो डोडाचूरा तस्करी कर रहा था. गिरफ्तारी शहर के महू–नीमच रोड स्थित स्टील नगर से की गई. टीआई शिवांशु मालवीय ने मामले की पुष्टि की.

रानी दुर्गावती यूनिवर्सिटी में NSUI का जोरदार प्रदर्शन, कुलपति के खिलाफ गुस्सा
रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में NSUI ने कुलपति के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया. छात्र संगठन ने विश्वविद्यालय में फैली अनियमितताओं और लंबे समय से कुलपति को हटाने की मांग को लेकर आक्रोश जताया. विश्वविद्यालय में चल रही बैठक के दौरान भाजपा और कांग्रेस के विधायक सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद थे. प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस विधायक लखन घनघोरिया ने समझाइश दी, लेकिन NSUI ने कुलपति को हटाने और अनियमितताएं दूर न करने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी भी दी,

बिलासपुर हाईकोर्ट का बड़ा फैसला
बिलासपुर हाईकोर्ट ने आरक्षक शिवकुमार सायतोड़े की बर्खास्तगी को रद्द कर दिया है. अदालत ने मामले की जांच को त्रुटिपूर्ण बताया और उनके सेवा में बहाली के साथ 50% बैक वेतन देने के निर्देश जारी किए हैं. यह आदेश HC की सिंगल बेंच ने सुनाया.

धमतरी: निजी स्कूल के पास डामर प्लांट, जहरीले धुएं से बच्चों में एलर्जी
धमतरी के बंजारी में निजी स्कूल के बेहद करीब लगाए गए डामर प्लांट के जहरीले धुएं से बच्चों को आंखों और त्वचा में एलर्जी की शिकायतें हुई हैं. इस समस्या को देखते हुए स्कूल प्रबंधन ने जिला प्रशासन से प्लांट हटवाने की मांग की है.

अनूपपुर- बिजुरी वन परिक्षेत्र में खैर तस्करी का ट्रक जब्त
अनूपपुर जिले में बिजुरी वन परिक्षेत्र के अधिकारियों ने दुर्लभ प्रजाति के खैर (कत्था) का अवैध परिवहन कर रहे ट्रक को जप्त किया. आरोपी ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है. वन विभाग ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर ट्रक को वन परिक्षेत्र कार्यालय में रखा है.

इंदौर में सनसनी: बेटी की शादी न होने से गुस्साई महिला ने 15 हजार में लगवाई कार में आग, CCTV से खुला राज

इंदौर के विजय नगर थाना क्षेत्र में कार में आग लगाने के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. पुलिस जांच में सामने आया कि एक महिला ने अपनी बेटी का रिश्ता न होने से नाराज होकर बदला लेने के लिए 15 हजार रुपये में अपने ही ड्राइवर को सुपारी दी थी. आरोपी अजय ने 16 मार्च को पेट्रोल डालकर घर के बाहर खड़ी कार में आग लगा दी. पुलिस ने 350 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगालकर आरोपी तक पहुंच बनाई. पूछताछ में पूरे मामले का खुलासा हुआ, जिसके बाद होम ट्यूटर महिला टीचर को भी गिरफ्तार कर लिया गया है.

इंदौर में ड्रग्स रैकेट का पर्दाफाश! 3 आरोपी गिरफ्तार, कार से 1 लाख की MD ड्रग्स बरामद

इंदौर में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चल रही कार्रवाई में बाणगंगा थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने रूटीन चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध फोर्ड कार को रोका, जिसमें सवार तीन युवक घबराए हुए नजर आए. तलाशी लेने पर कार की पिछली सीट के पास से करीब 10 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की गई, जिसकी कीमत लगभग 1 लाख रुपये बताई जा रही है. पुलिस ने अनीश पठान, जुबेर खान और रेहान मंसूरी को गिरफ्तार कर कार भी जब्त कर ली है. आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच जारी है.

सागर में गैस के लिए जंग! 1.5 किमी लंबी लाइन में खड़े ऑटो चालक, 14 दिन बाद पहुंचा LPG स्टॉक

सागर में एलपीजी गैस की किल्लत ने ऑटो चालकों के सामने बड़ा संकट खड़ा कर दिया है. शहर के एक पंप पर गैस सप्लाई बंद होने के कारण दूसरे पंप पर भारी दबाव बढ़ गया है. हालात ऐसे हैं कि एलपीजी पंप के बाहर करीब डेढ़ किलोमीटर लंबी लाइन लग गई, जहां ऑटो चालक घंटों अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं. 14 दिन बाद गैस स्टॉक पहुंचने से थोड़ी राहत जरूर मिली है, लेकिन इस संकट ने चालकों की रोजी-रोटी पर गहरा असर डाला है और कामकाज बुरी तरह प्रभावित हुआ है.

मंदसौर नगर पालिका बजट 2026: ₹545 करोड़ का प्लान, पानी-सफाई से लेकर महिलाओं के लिए खास सुविधाएं शामिल

मंदसौर नगर पालिका का बजट आज पेश किया जाएगा, जिसमें करीब 545 करोड़ रुपये का प्रावधान रखा गया है. सुबह 11 बजे शुरू होने वाली बैठक में इस बजट पर चर्चा होगी. इस बार बजट में पेयजल व्यवस्था, स्वच्छता और सड़क निर्माण पर खास फोकस रहेगा. इसके साथ ही महिलाओं के लिए रेस्ट रूम और इनडोर गेम्स जैसी सुविधाओं के लिए भी राशि निर्धारित की जाएगी. नगर पालिका द्वारा आय-व्यय का पूरा ब्यौरा भी प्रस्तुत किया जाएगा. यह बजट शहर के विकास और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में अहम माना जा रहा है.

रायपुर निगम बजट 2026: ₹1500 करोड़ से ज्यादा का प्लान, महिलाओं के रोजगार से लेकर शहर सुधार तक बड़ा फोकस

रायपुर नगर निगम का बजट आज पेश किया जाएगा, जिसे महापौर मीनल चौबे अपने कार्यकाल का दूसरा बजट के रूप में पेश करेंगी. इस बार बजट का आकार डेढ़ हजार करोड़ रुपये से अधिक रहने की संभावना है. खास बात यह है कि बजट में महिलाओं के स्वरोजगार को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा. इसके अलावा खेल मैदानों के विकास, पेयजल व्यवस्था सुधार, गार्डनों की स्थिति बेहतर करने, खारुन नदी और बड़े नालों की सफाई तथा अंडरग्राउंड केबलिंग जैसी योजनाओं पर भी फोकस रहेगा. यह बजट शहर के समग्र विकास की दिशा में अहम माना जा रहा है.

भारत माला घोटाला: 14 दिन की पूछताछ के बाद आज कोर्ट में पेश होगा निलंबित SDM निर्भय साहू

भारत माला प्रोजेक्ट से जुड़े चर्चित घोटाला मामले में निलंबित एसडीएम निर्भय साहू को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा. वे पिछले 14 दिनों से एसीबी/ईओडब्ल्यू की रिमांड पर थे, जहां उनसे लंबी और गहन पूछताछ की गई. जांच एजेंसियां इस दौरान घोटाले से जुड़े कई अहम दस्तावेज और जानकारी जुटाने में लगी रहीं. माना जा रहा है कि कोर्ट में पेशी के दौरान एजेंसियां आगे की रिमांड या न्यायिक हिरासत की मांग कर सकती हैं. इस मामले में और भी खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है.

वाराणसी में दिखेगा MP का दम! CM मोहन यादव पेश करेंगे ODOP मॉडल, लोकल प्रोडक्ट्स को मिलेगा ग्लोबल प्लेटफॉर्म

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 31 मार्च को वाराणसी में मध्यप्रदेश का वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP) मॉडल प्रस्तुत करेंगे. इस कार्यक्रम में प्रदेश के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने के लिए किए गए नवाचारों को साझा किया जाएगा. सरकार का फोकस छोटे उद्यमियों और कारीगरों को बड़ा बाजार दिलाने पर है, जिससे उनकी आय में बढ़ोतरी हो सके. ODOP मॉडल के जरिए हर जिले की खास पहचान को मजबूत किया जा रहा है और उसे वैश्विक स्तर पर पहुंचाने की दिशा में यह अहम कदम माना जा रहा है.

CCTV में कैद मौत का मंजर! तेज रफ्तार कार ने ऑटो को मारी टक्कर, एक ही परिवार के 5 लोगों की गई जान

ग्वालियर के थाटीपुर थाना क्षेत्र स्थित परशुराम चौराहे पर हुए भीषण हादसे का CCTV वीडियो सामने आया है, जिसने पूरे मामले की भयावहता को उजागर कर दिया है. जानकारी के मुताबिक, एक तेज रफ्तार कार ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी थी. इस दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि परिवार मंदिर दर्शन कर ऑटो से वापस लौट रहा था और उसमें चालक समेत 9 लोग सवार थे. पुलिस ने आरोपी कार चालक अमन शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है.

छत्तीसगढ़ को बड़ी सौगात: बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट से शुरू हुई नाइट फ्लाइट सेवा

छत्तीसगढ़ के बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट से अब रात्रि उड़ान सेवा शुरू हो गई है. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नाइट ऑपरेशन का लोकार्पण करते हुए पहली नाइट फ्लाइट से रायपुर के लिए उड़ान भरी. एयरपोर्ट को करीब 31 करोड़ रुपये की लागत से 3C IFR श्रेणी में अपग्रेड किया गया है, जिसके बाद DGCA ने रात में संचालन की मंजूरी दी है. इस सुविधा के शुरू होने से अब इमरजेंसी और नियमित उड़ानें भी रात में संभव हो सकेंगी. इससे यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी और क्षेत्र में कनेक्टिविटी भी बेहतर होगी.

नशे में कार से मचाया कहर! ग्वालियर में गुमटियां तोड़ीं, राहगीरों को रौंदा, भीड़ ने ड्राइवर को पीटकर पुलिस को सौंपा

ग्वालियर के सागर ताल रोड पर एक कार सवार ने नशे की हालत में जमकर आतंक मचाया. तेज रफ्तार कार ने कई गुमटियों को तोड़ दिया और राह चलते लोगों को टक्कर मार दी. इस हादसे में एक बाइक सवार समेत तीन अन्य लोग घायल हो गए. घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कार की रफ्तार और अफरा-तफरी साफ देखी जा सकती है. मौके पर मौजूद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने नशे में धुत्त चालक की जमकर पिटाई कर दी. बाद में भीड़ ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया. गौरतलब है कि दो दिन पहले भी एक कार हादसे में पांच लोगों की जान जा चुकी है.

राजधानी में जुटेंगे युवा विधायक: लोकतंत्र से लेकर ‘विकसित भारत 2047’ तक होगा बड़ा मंथन

मध्यप्रदेश की राजधानी में आज से दो दिवसीय युवा विधायक सम्मेलन शुरू हो रहा है. इसमें मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ के कुल 55 युवा विधायक हिस्सा लेंगे. कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे, जबकि विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर और छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह भी मौजूद रहेंगे. सुबह 9:30 बजे शुरू होने वाले इस सम्मेलन में “लोकतंत्र में युवाओं की भूमिका” और “विकसित भारत 2047” जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होगी. दो दिन में कुल पांच सत्र होंगे पहले दिन तीन और दूसरे दिन दो सत्र आयोजित किए जाएंगे. समापन में उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह शामिल होंगे.

CM मोहन यादव का बड़ा ऐलान: MSME और स्टार्टअप्स को करोड़ों की सौगात आज

मुख्यमंत्री मोहन यादव आज मुख्यमंत्री निवास में आयोजित कार्यक्रम में 257 से अधिक MSME इकाइयों को 169 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि ट्रांसफर करेंगे. इसके साथ ही 43 जिलों के 286 स्टार्टअप्स को स्वीकृत 3.43 करोड़ रुपये में से पहली किश्त 28.6 लाख रुपये सिंगल क्लिक से जारी की जाएगी. उद्यमियों को भूमि आवंटन प्रमाण-पत्र भी वितरित होंगे. साथ ही लघु उद्योग निगम द्वारा मुख्यमंत्री को लाभांश राशि का चेक सौंपा जाएगा. यह पहल प्रदेश में उद्योग और रोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है.

मुठभेड़ में ढेर 5 लाख का इनामी नक्सली! PPCM कैलाश का खात्मा, 303 रायफल बरामद

सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है. बीते दिन हुई मुठभेड़ में 5 लाख रुपये का इनामी नक्सली मार गिराया गया. मारे गए नक्सली की पहचान PPCM कैलाश के रूप में हुई है, जिसका शव मौके से बरामद कर लिया गया है. घटनास्थल से एक 303 रायफल भी जब्त की गई है, जो नक्सल गतिविधियों में इस्तेमाल होती थी. इस कार्रवाई की पुष्टि एसपी किरण चव्हाण ने की है. पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, यह ऑपरेशन लंबे समय से चल रही सर्चिंग के दौरान अंजाम दिया गया, जिससे क्षेत्र में नक्सल नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है.

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *