MP News in Hindi: अगर आप मध्य प्रदेश की हर हलचल से अपडेट रहना चाहते हैं, तो एमपी की ताजा खबरें पढ़ने के लिए हमारे साथ बने रहें. यहां आपको भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर जैसे प्रमुख शहरों के समाचार और सभी जरूरी अपडेट देंगे. इसके अलावा राजनीति, अपराध, मौसम, प्रशासन, क्षेत्र के विकास से जुड़ी और काम की खबरें भी मिलेंगी. चलिए जानते हैं आज मध्य प्रदेश में क्या-क्या है खास. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की लेटेस्ट खबरें…
दुल्हन की खुशियां मातम में बदलीं! बरातियों की कार ट्रक से टकराई, 4 की दर्दनाक मौत
इंदौर में देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया. खुड़ैल थाना क्षेत्र के ट्रेंचिंग ग्राउंड के पास बरातियों से भरी कार आगे चल रहे आईसर वाहन से टकरा गई, जब उसने अचानक ब्रेक लगा दिया. कार में 11 लोग सवार थे, जिनमें 4 की मौके पर ही मौत हो गई और 5 गंभीर घायल हैं. मृतकों में इरफान, आरिश, फरहान मेव और रहीश खान शामिल हैं. हादसे के बाद गुस्साए परिजनों ने चक्का जाम किया. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात काबू में किए.
जग्गी हत्याकांड में बड़ा मोड़! अमित जोगी की याचिका पर आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई
रायपुर के चर्चित राम अवतार जग्गी हत्याकांड में आज बड़ा दिन है. इस मामले में दोषी ठहराए गए अमित जोगी की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट 6 अप्रैल को सुनवाई करेगा. छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने उन्हें दोषी मानते हुए तीन सप्ताह के भीतर सरेंडर करने का आदेश दिया था. यह मामला 4 जून 2003 का है, जब एनसीपी कोषाध्यक्ष राम अवतार जग्गी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. जांच सीबीआई को सौंपी गई, जिसमें साजिश और भाड़े के शूटरों के इस्तेमाल का खुलासा हुआ. साथ ही कुछ पुलिस अधिकारियों पर सबूत छिपाने के आरोप भी सामने आए.
भोपाल में NSG का मेगा शक्ति प्रदर्शन: हेलीकॉप्टर से एंटी-ड्रोन तक दिखेगा दम
भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में आज सुबह 9 बजे NSG कमांडो अपनी ताकत का भव्य प्रदर्शन करेंगे. इस मेगा शो में MI-17 हेलीकॉप्टर, एंटी-ड्रोन सिस्टम और K-9 डॉग स्क्वॉड का लाइव डेमो दिखाया जाएगा. कमांडो आईईडी पहचान, बम डिस्पोजल, अंडर वॉटर डाइविंग और क्राव मागा जैसी एडवांस तकनीकों का प्रदर्शन करेंगे. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव होंगे. इस दौरान डीजीपी कैलाश मकवाना, NSG के डीजी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे.
Gwalior News: मंदिर में मारपीट! प्रसाद फेंकने पर शुरू हुआ विवाद, पुजारी-श्रद्धालु भिड़े CCTV में कैद
ग्वालियर के अचलेश्वर मंदिर में पुजारी और श्रद्धालु के बीच विवाद का मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि पुजारी ने प्रसाद फेंककर चढ़ाया, जिस पर श्रद्धालु ने एतराज जताया. इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई. आरोप है कि मंदिर परिसर में ही पुजारी ने श्रद्धालु के साथ मारपीट की. पूरी घटना मंदिर में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है. हालांकि बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया, जिसके चलते पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई.
CM मोहन यादव का फुल डे शेड्यूल: NSG प्रोग्राम से लेकर ई-कॉमर्स लॉन्च तक व्यस्त दिन
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज भोपाल में कई अहम कार्यक्रमों में शामिल होंगे. सुबह 9 बजे वे लाल परेड ग्राउंड पहुंचकर राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड के समग्र क्षमता निर्माण प्रशिक्षण एवं प्रदर्शन में भाग लेंगे. इसके बाद 10:45 से 11 बजे के बीच पार्टी कार्यालय पहुंचेंगे. दोपहर 3:20 बजे कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग की ई-कॉमर्स वेबसाइट ‘समत्व’ का शुभारंभ करेंगे. इसके तुरंत बाद 3:30 से 4:15 बजे तक ‘सुगम संपर्क योजना’ को लेकर बैठक में शामिल होंगे. उनका पूरा दिन प्रशासनिक और विकास कार्यों में व्यस्त रहेगा
Dhar News: भोजशाला विवाद पर हाईकोर्ट में आज से अहम सुनवाई, तय होगा धार्मिक स्वरूप
धार की भोजशाला मामले में आज से इंदौर हाईकोर्ट में नियमित सुनवाई शुरू हो रही है. हिन्दू फ्रंट फॉर जस्टिस की याचिका पर यह सुनवाई होगी, जिसमें केस को 41वें नंबर पर लिस्ट किया गया है. हिन्दू पक्ष की ओर से अधिवक्ता विष्णु शंकर जैन और विनय जोशी पैरवी करेंगे, जबकि मुस्लिम पक्ष का प्रतिनिधित्व वरिष्ठ अधिवक्ता सलमान खुर्शीद करेंगे. इस सुनवाई को लेकर दोनों पक्षों की नजरें टिकी हुई हैं, क्योंकि इसी प्रक्रिया के जरिए भोजशाला के धार्मिक स्वरूप को लेकर अहम फैसला सामने आ सकता है.
.