MP LIVE: ICMR कोलकाता की टीम पहुंची इंदौर, भोपाल में खूनी संघर्ष

MP News Live: मध्य प्रदेश में हलचल बढ़ गई है. इंदौर के भागीरथपुरा कांड के बाद देश की नजर एमपी पर है. जबलपुर में कलेक्टर और कमिश्नर ने खुद पानी पीकर पानी की गुणवत्ता जांची. वहीं आज मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव राजधानी भोपाल में कई कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे. भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ महेंद्र सिंह आज से मुरैना, भिंड और ग्वालियर के दौरे पर रहेंगे. अगर आप मध्य प्रदेश के सभी हलचल से अपडेट रहना चाहते हैं, तो एमपी की सभी ताजा खबरें पढ़ने के लिए हमारे साथ बने रहें. यहां आपको भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर जैसे प्रमुख शहरों के समाचार और सभी जरूरी अपडेट देंगे. इसके अलावा राजनीति, अपराध, मौसम, प्रशासन, क्षेत्र के विकास से जुड़ी और काम की खबरें भी मिलेंगी. चलिए जानते हैं आज मध्य प्रदेश में क्या-क्या है खास.

– इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (ICMR) कोलकाता की टीम इंदौर पहुंची. स्मार्ट सिटी ऑफिस में ICMR टीम की इंदौर के कलेक्टर शिवम वर्मा और अन्य अधिकारियों के साथ अहम बैठक चल रही है. बैठक में हालात की समीक्षा कर आगे की रणनीति तय होगी. प्रभावित इलाकों में स्थिति सुधारने और घटना का पता लगाने के लिए बैठक में चर्चा हो रही है.

– भोपाल के रविंद्र भवन में मूल सोमनाथ ज्योतिर्लिंग दर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया. मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव कार्यक्रम में पहुंचे. इस दौरान सीएम डॉ मोहन यादव ने कहा कि हमारे अंदर शिव स्थापित हों. पंच तत्वों से बना हुआ शरीर शिव के बिना शव के समान है. लोग भारत और भारत की अच्छाइयों पर आक्रमण करते हैं. 1000 साल के बाद आज उनका अता-पता नहीं, जिसने हमारी आस्था को तोड़ने का प्रयास किया था. हमारे सनातन धर्म ने कभी किसी को नुकसान पहुंचाने की नहीं सोची. उस कायरता के दौर में मंदिर को नष्ट करने की कोशिश की गई लेकिन आज हमारी धरोहर और सुंदर रूप में है. एक तरफ श्रीराम मुस्कुरा रहे हैं और दूसरी तरफ शिव. महादेव हमें धैर्य की शक्ति देते हैं. हम सब पर महादेव की कृपा बनी रहे.

भोपाल के कोलार थाना क्षेत्र के बांसखेड़ी इलाके में अवैध शराब बेचने को लेकर दो गुटों में खूनी संघर्ष हो गया. वर्चस्व की लड़ाई में जमकर लाठी-डंडे और तलवारें चलीं. घटना में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. वारदात के पीछे हिस्ट्रीशीटर गैंग का नाम सामने आया. गैंग द्वारा अवैध शराब बेचने के बदले ₹1000 प्रतिदिन की रंगदारी मांगी जा रही थी. पीड़ित द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर विवाद बढ़ा. इसी दौरान आरोपियों ने हमला किया. संघर्ष के दौरान चार राउंड हवाई फायरिंग भी की गई. पुलिस मामले की जांच में जुटी.

भोपाल में अब सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट और कमेंट करना महंगा पड़ेगा. ऐसा करने वालों पर कार्रवाई होगी. भोपाल कमिश्नर ने इस संबंध में आदेश जारी किए. आदेश के मुताबिक, सांप्रदायिक पोस्ट पर कमेंट और क्रॉस कमेंट के कारण समाज में ज्यादा वैमनस्य फैलता है. ऐसा करने वालों पर नजर रखी जा रही है. ऐसे सोशल मीडिया यूजर्स पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत कार्रवाई होगी.

मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा अमर्यादित बयानबाजी और इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी पीने से हुई मौतों के विरोध में भिंड जिला कांग्रेस कमेटी आज प्रदर्शन करेगी. शहर अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह भदोरिया पिंकी और जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के अध्यक्ष रामशेष बघेल के नेतृत्व में संयुक्त रूप से दोपहर 12 बजे इंदिरा गांधी चौराहे से एकत्रित होकर भिंड-दतिया सांसद संध्या राय के बंगले का घेराव कर घंटा बजाकर प्रदर्शन किया जाएगा. घेराव में विधायक, पूर्व विधायक, जिला कांग्रेस अध्यक्ष, पदाधिकारी, कार्यकर्ता और सभी ब्लॉक पदाधिकारी शामिल होंगे.

भोपाल में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं. बागमुगलिया इलाके में घर में घुसकर बदमाशों ने कोहराम मचाया. महिला का सिर फोड़ा और उसके पति के साथ भी मारपीट की. पति का पैर फ्रैक्चर हो गया है. दंपति ने आरोपियों को शराब पीकर हंगामा करने और गाली-गलौज करने से रोका, तो उन्होंने गाड़ी में आग लगा दी. इसमें जिंदा बकरा जल गया. घर पर खड़ी स्कूटी में आग लगा दी. तीन लोगों पर हमले का आरोप है. बगमुगलिया थाने में FIR दर्ज हो गई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

इंदौर में दूषित पानी से मौत के बाद जबलपुर प्रशासन अलर्ट मोड पर है. कलेक्टर और नगर निगम कमिश्नर ने खुद मोर्चा संभाला है. शहरभर से 80 वॉटर सैंपल लिए गए. जांच अभियान तेज किया गया. कलेक्टर और कमिश्नर ने खुद पानी पीकर पानी की गुणवत्ता जांची. जल विभाग को 24 घंटे अलर्ट मोड में रहने के सख्त निर्देश दिए गए हैं. लीकेज, गंदगी और शिकायत पर तत्काल सुधार कार्य के आदेश दिए हैं. प्रशासन ने कहा कि जनता की सेहत से कोई समझौता नहीं होगा. हर घर तक शुद्ध पानी पहुंचेगा.
भाजपा प्रदेश प्रभारी डॉ महेंद्र सिंह आज से मुरैना, भिंड और ग्वालियर के दौरे पर रहेंगे. वह 4 जनवरी को सुबह 10.30 बजे दिमनी और 11.30 बजे अंबाह पहुंचेंगे. दोपहर दो बजे मेहगांव में मेहगांव और गोहद की विधानसभा बैठकों को संबोधित करेंगे. शाम 4 बजे भिंड पहुंचकर भिंड, अटेर और लहार विधानसभा और शाम 7 बजे ग्वालियर में ग्वालियर, ग्वालियर पूर्व और ग्वालियर दक्षिण विधानसभाओं की बैठकों को संबोधित करेंगे. डॉ महेंद्र सिंह 5 जनवरी को सुबह 11 बजे ग्वालियर ग्रामीण की डबरा, भितरवार और ग्वालियर ग्रामीण विधानसभाओं की बैठकों को संबोधित करेंगे.

श्योपुर में 12 साल की स्कूली छात्रा से दरिंदगी की घटना सामने आई है. विजयपुर थाना इलाके की क्वारी नदी के पास की यह घटना है. बच्ची की चीख सुनकर लोग वहां पहुंचे और दोनों आरोपियों को पकड़ लिया. आरोपियों की जमकर पिटाई की. बाद में उन्हें पुलिस के हवाले किया. पुलिस ने दोनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है.

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *