MP News in Hindi: अगर आप मध्य प्रदेश की हर हलचल से अपडेट रहना चाहते हैं, तो एमपी की ताजा खबरें पढ़ने के लिए हमारे साथ बने रहें. यहां आपको भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर जैसे प्रमुख शहरों के समाचार और सभी जरूरी अपडेट देंगे. इसके अलावा राजनीति, अपराध, मौसम, प्रशासन, क्षेत्र के विकास से जुड़ी और काम की खबरें भी मिलेंगी. चलिए जानते हैं आज मध्य प्रदेश में क्या-क्या है खास. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की लेटेस्ट खबरें…
वक्फ बोर्ड की कार्रवाई, रायपुर काजी आरिफ अली फारूखी को पद से हटाया
रायपुर में काजी आरिफ अली फारूखी को पद से हटा दिया गया. उनके खिलाफ महिलाओं को रात में फोन कर अश्लील बातें करने की शिकायत मिली थी. शिकायत के आधार पर वक्फ बोर्ड ने कार्रवाई की, जिसकी घोषणा वक्फ बोर्ड अध्यक्ष डॉक्टर सलीम राज ने की.
प्रेम प्रसंग में आहत होकर युवक-युवती ने जहर खाया, पुलिस मामले की जांच में जुटी
शाजापुर के लालघाटी थाना क्षेत्र के करेडी नाका में एक युवक आशुतोष उर्फ गोलू और युवती ने जहर खा लिया. दोनों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाया गया, जहां युवती की मौत हो गई और युवक को गंभीर स्थिति में रेफर किया गया. यह घटना प्रेम प्रसंग से जुड़ी बताई जा रही है. युवक और युवती शादी करना चाहते थे. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
नीमच में नाबालिग से छेड़छाड़ के आरोप पर ग्रामीणों का प्रदर्शन, पुलिस ने किया लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल
नीमच जिले के मनासा थाना क्षेत्र के ग्राम पड़दा में 13 वर्षीय नाबालिग से छेड़छाड़ के आरोप में 55 वर्षीय अब्दुल के खिलाफ ग्रामीणों का गुस्सा भड़क गया. प्रदर्शनकारियों ने आरोपी की गिरफ्तारी और उसके कथित अवैध मकान को गिराने की मांग करते हुए चक्काजाम और तोड़फोड़ की. स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने हल्का बल, लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल किया. कुछ युवकों को हिरासत में लिया गया और उनकी मोटरसाइकिलें जब्त की गईं. प्रशासन ने अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है और मामले की जांच और सख्त कार्रवाई की बात कही है.
लोकसभा में गूंजी ग्वालियर स्टेशन की देरी, सांसद भारत सिंह कुशवाह ने उठाए सवाल
ग्वालियर के सांसद भारत सिंह कुशवाह ने लोकसभा के शून्यकाल में ग्वालियर रेलवे स्टेशन के पुनर्निर्माण में हो रही देरी का मुद्दा उठाया. उन्होंने निर्माण कार्य की धीमी गति और एजेंसी की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए. प्रोजेक्ट की समयसीमा दो बार बढ़ने के बावजूद काम अब भी अधूरा है, जिसे जल्द पूरा करने की मांग की गई.
बिलासपुर: राम अवतार जग्गी हत्याकांड में अमित जोगी को HC से झटका
बिलासपुर में राम अवतार जग्गी हत्याकांड में हाईकोर्ट ने अमित जोगी को अगले 3 हफ्तों में सरेंडर करने का निर्देश दिया. यह आदेश सीजे की डिवीज़न बेंच ने सुनाया.
रतलाम- लक्कड़पीठा फोरलेन निर्माण के लिए नगर निगम ने अतिक्रमण हटाना शुरू किया
रतलाम के लक्कड़पीठा क्षेत्र में फोरलेन निर्माण के लिए नगर निगम ने अतिक्रमण हटाना शुरू किया. बुलडोजर से तोड़फोड़ की गई और 150 से अधिक मकानों पर निशान लगाए गए. फोरलेन सड़क को 18 मीटर चौड़ा बनाने के लिए कार्रवाई कोर्ट से स्टे हटने के बाद शुरू हुई.
डिण्डौरी- सांदीपनि विद्यालय निर्माण में दरारें, विधायक ओमप्रकाश धुर्व ने घटिया निर्माण पर जताई नाराजगी
डिण्डौरी के सांदीपनि विद्यालय, शहपुरा चरगांव के निर्माण कार्य में गंभीर खामियां सामने आई हैं. करोड़ों की लागत से बने भवन की दीवारों और फर्श में दरारें देखी गईं. मौके पर पहुंचे शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्व ने घटिया निर्माण पर नाराजगी जताई और जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदार पर सवाल उठाए. निर्माण मप्र पुलिस हाउसिंग बोर्ड द्वारा कराया गया था. सोशल मीडिया पर निरीक्षण का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और जांच व कार्रवाई की मांग बढ़ रही है.
संजय श्रीवास्तव ने कांग्रेस पर आरोप लगाया
रायपुर में भाजपा नेता संजय श्रीवास्तव ने विपक्ष की आलोचना करते हुए कहा कि झीरम मामले और गैस की किल्लत को लेकर कांग्रेस राजनीतिक लाभ के लिए भ्रम फैला रही है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस नक्सलवाद का अप्रत्यक्ष समर्थक रही है और अपनी सरकार में भी पर्याप्त सबूत नहीं जुटा पाई. वहीं, गैस संकट पर उन्होंने बताया कि विश्वव्यापी परिस्थितियों और ईरान से महंगी क्रूड ऑयल की वजह से समस्या आई, लेकिन मोदी सरकार ने राहत उपाय किए और आम लोगों पर भार नहीं डाला, जबकि कांग्रेस राजनीतिक फायदा उठा रही है.
अहमदपुर में बिजली कनेक्शन कटने से लोग 10 दिनों से पानी के लिए परेशान
मंडला जिले के अहमदपुर गांव में जल जीवन मिशन प्रभावित हो गया है. गांव में 3,500 से अधिक लोग पानी की गंभीर कमी से जूझ रहे हैं. समस्या प्राकृतिक आपदा की वजह से नहीं, बल्कि ग्राम पंचायत द्वारा 1,13,000 रुपये का बिजली बिल न भरने की वजह से पैदा हुई. बिजली विभाग ने कनेक्शन काट दिया, जिससे 10 दिनों से नल-जल योजना बंद है और ग्रामीण पानी के लिए भटक रहे हैं.
भोजशाला विवाद पर कोर्ट सख्त! 6 अप्रैल से रोज हाईकोर्ट में सुनवाई, 10 को धार कोर्ट में केस
धार भोजशाला मामले में अब सुनवाई तेज हो गई है. इंदौर हाईकोर्ट में 6 अप्रैल सोमवार दोपहर 2:30 बजे से रोजाना सुनवाई होगी. मुस्लिम पक्ष ने मस्जिद होने के दस्तावेज पेश किए हैं, जिस पर अगली सुनवाई 10 अप्रैल को धार जिला कोर्ट में होगी. हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया है कि सिविल सूट की सुनवाई धार कोर्ट में ही होगी और सभी पक्षों को वहां उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं. वहीं, भोजशाला विवाद से जुड़ी अन्य 5 याचिकाओं पर इंदौर हाईकोर्ट में लगातार सुनवाई जारी रहेगी. सुनवाई में सलमान खुर्शीद वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े.
मंदसौर में ड्रग्स का बड़ा भंडाफोड़! 50 लाख की एमडी बरामद, दो नाबालिग समेत तीन गिरफ्तार
मंदसौर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 50 लाख रुपये की एमडी ड्रग्स पकड़ी है. यह कार्रवाई नई आबादी थाना क्षेत्र के अघोरिया फंटा पर की गई. पुलिस ने दो नाबालिग सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी फरार बताया जा रहा है. आरोपियों के पास से 500 ग्राम एमडी ड्रग्स और 5 किलो डोडा चूरा भी जब्त किया गया है. पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश में जुटी है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है.
डिंडौरी में दर्दनाक हादसा! डिवाइडर के खंभे से टकराई बाइक, युवक गंभीर घायल
डिंडौरी जिले के सक्का कमरासोढ़ा क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है. यह घटना कोतवाली डिंडौरी के अमरपुर चौकी क्षेत्र की है, जहां एक बाइक सवार युवक डिवाइडर पर लगे खंभे से जा टकराया. बताया जा रहा है कि खंभे पर लगे चेतावनी बोर्ड से टक्कर होने पर युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. सूचना मिलते ही अमरपुर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया. युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमरपुर में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है.
इंदौर में मासूम पर चढ़ी कार! CCTV में कैद खौफनाक हादसा, ड्राइवर पर केस दर्ज
इंदौर के लसूडिया थाना क्षेत्र की पॉश कॉलोनी शांति निकेतन में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. घर के बाहर खेल रहे एक बच्चे पर कार चढ़ गई, जिसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. वीडियो में ड्राइवर की लापरवाही साफ नजर आ रही है. हादसे के बाद कार मालिक संजय ने तुरंत बच्चे का इलाज करवाया और खुद ड्राइवर को लेकर थाने पहुंचा. पुलिस ने आरोपी ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. बच्चे की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है.
पाटन चौराहे पर बड़ा हादसा! तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, बाइक सवार चपेट में
पाटन चौराहे पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से बड़ा हादसा हो गया. इस दौरान दो बाइक सवार इसकी चपेट में आ गए. हादसे में एक युवक ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचा ली, जबकि दूसरा युवक साहिल गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे तुरंत पाटन अस्पताल में भर्ती कराया गया है. बताया जा रहा है कि घास से लदी ट्रॉली जबलपुर की ओर मुड़ते समय अनियंत्रित हो गई. दोनों बाइक सवार कांटी गांव के रहने वाले हैं. पुलिस ने मामला दर्ज कर ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया है.
जबलपुर में अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर! शासकीय जमीन पर बनी मस्जिद हटाई गई
जबलपुर के रानी लक्ष्मी बाई वार्ड क्रमांक 67 स्थित गौर नदी क्षेत्र में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शासकीय जमीन पर बने अवैध निर्माण को हटाया. खसरा क्रमांक 137 की सरकारी भूमि पर करीब 1500 वर्गफुट में मस्जिद का निर्माण किया गया था, जिससे रज्जाक डेयरी से गौर नदी तक जाने वाला आम रास्ता बंद हो गया था. शिकायत मिलने के बाद प्रशासनिक अमले ने मौके पर पहुंचकर बुलडोजर चलाया और अतिक्रमण हटाया. कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे. प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शासकीय भूमि पर अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
बंगाल चुनाव में CM मोहन यादव की एंट्री! दिव्यापुर के लिए भरी उड़ान, नामांकन में होंगे शामिल
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव पश्चिम बंगाल दौरे के लिए रवाना हो गए हैं. उन्होंने दिव्यापुर के लिए उड़ान भरी, जहां वे विधानसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवार के नामांकन कार्यक्रम में शामिल होंगे. इससे पहले सीएम मोहन यादव बुधवार शाम दिल्ली पहुंचे थे, जहां उन्होंने राज्य के सांसदों के साथ बैठक के बाद डिनर भी आयोजित किया. बंगाल में उनका यह दौरा राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है, जहां वे पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश करेंगे.
हनुमान जयंती पर कमलनाथ-नकुलनाथ की पूजा, हादसे के चलते रैली रद्द
छिंदवाड़ा में हनुमान जयंती के मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और पूर्व सांसद नकुलनाथ सिमरिया हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे. हर साल की तरह इस बार भी नाथ परिवार अभिषेक और विशेष पूजा में शामिल होगा. हालांकि हाल ही में हुए बस हादसे में 11 लोगों की मौत के चलते सभी रैली और अन्य सार्वजनिक कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए हैं. ऐसे में इस बार आयोजन सादगीपूर्ण तरीके से किया जाएगा. नाथ परिवार सीधे मंदिर पहुंचकर भगवान हनुमान का आशीर्वाद लेगा और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना करेगा.
भोपाल मेट्रो का टाइम फिर बदला! अब सिर्फ 9 फेरे, सिग्नलिंग काम के चलते नया शेड्यूल लागू
भोपाल मेट्रो के संचालन समय में एक बार फिर बदलाव किया गया है. अब मेट्रो सुबह 11 बजे से शाम 4:30 बजे तक चलेगी. 3 अप्रैल से नई टाइमिंग लागू होगी, जिसमें पहले के 13 फेरों की जगह अब सिर्फ 9 फेरे लगाए जाएंगे. बताया जा रहा है कि सिग्नलिंग सिस्टम का काम तेजी से पूरा करने के लिए यह फैसला लिया गया है. गौरतलब है कि 20 दिसंबर 2025 को शुरू हुई भोपाल मेट्रो के टाइम में अब तक तीन बार बदलाव हो चुका है, जिससे यात्रियों को थोड़ी असुविधा हो सकती है.
तिहाड़ से आया संदेश! सजा से पहले विधायक राजेंद्र भारती ने दी हनुमान जयंती की शुभकामनाएं
तिहाड़ जेल में बंद विधायक राजेंद्र भारती ने हनुमान जयंती के मौके पर अपने फेसबुक अकाउंट के जरिए प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं. पोस्ट में उन्होंने लिखा कि “हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर दतिया जिले और प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं. संकटमोचन हनुमान जी से प्रार्थना है कि सभी को शक्ति, साहस और सेवा भाव प्रदान करें.” खास बात यह है कि आज ही उनकी सजा का एलान होना है, ऐसे में उनका यह संदेश चर्चा में आ गया है.
भोजशाला विवाद पर आज हाईकोर्ट में सुनवाई! ASI रिपोर्ट और आपत्तियों पर होगी बहस
धार की भोजशाला मामले में आज इंदौर हाईकोर्ट में अहम सुनवाई होने जा रही है. इस दौरान एएसआई (भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण) की सर्वे रिपोर्ट के आधार पर मामले पर चर्चा होगी. साथ ही, इस मुद्दे को लेकर दायर की गई सभी आपत्तियों को भी कोर्ट सुनेगा. भोजशाला विवाद लंबे समय से संवेदनशील बना हुआ है, ऐसे में आज की सुनवाई को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है. सभी पक्षों की दलीलें सुनने के बाद कोर्ट आगे की कार्रवाई तय करेगा, जिस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं.
दिन में तीन रूप बदलते हैं हनुमान जी! मंडला के सूर्यकुंड धाम में उमड़ी आस्था की भीड़
मंडला जिले में हनुमान जयंती धूमधाम से मनाई गई. सकवाह गांव स्थित प्रसिद्ध सूर्यकुंड धाम हनुमान मंदिर में सुबह ब्रह्म मुहूर्त से ही हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी. मंदिर को दुल्हन की तरह सजाया गया और सुबह 3:45 बजे विशेष पूजा-अर्चना के साथ आतिशबाजी की गई. यहां की खास मान्यता है कि हनुमान जी दिन में तीन रूप बदलते हैं सुबह बाल रूप, दिन में युवा और रात में वृद्ध स्वरूप में दर्शन देते हैं. इस अद्भुत मान्यता को देखने दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंचे.
आज हाईकोर्ट में बड़ा फैसला! अमित जोगी को राहत या बढ़ेंगी मुश्किलें?
हनुमान जयंती के दिन आज बिलासपुर हाईकोर्ट में अहम सुनवाई होने जा रही है. यह सुनवाई राम अवतार जग्गी हत्याकांड से जुड़ी है, जिसमें लंबे समय से फैसला लंबित है. मामले की सुनवाई चीफ जस्टिस के न्यायालय में होगी, इसलिए इसे बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है. इस केस में आज यह साफ हो सकता है कि अमित जोगी को राहत मिलेगी या उनकी मुश्किलें और बढ़ेंगी. पूरे प्रदेश की नजरें इस फैसले पर टिकी हुई हैं, क्योंकि इसका राजनीतिक असर भी देखने को मिल सकता है.
देखते रह गए इंसान, ‘वानर सेना’ ने दिखाई इंसानियत! घायल साथी को यूं बचाया
रीवा शहर के उपरहटी मोहल्ले में एक ऐसी घटना सामने आई, जिसने लोगों को बड़ी सीख दे दी. एक बंदर करंट की चपेट में आकर छत से नीचे गिर पड़ा और सड़क पर तड़पता रहा. आसपास मौजूद लोग मदद का इंतजार करते रहे और नगर निगम की टीम को सूचना दी गई, लेकिन मदद पहुंचने में देर हो गई. इसी बीच जो हुआ, उसने सबको भावुक कर दिया. कुछ ही देर में घायल बंदर के साथी वहां पहुंच गए. उन्होंने पहले उसे चारों तरफ से घेरा, फिर मिलकर बड़े ही सावधानी से उठाया और सड़क से हटाकर सुरक्षित जगह पर ले गए. यहां तक कि बिजली के तारों से बचाते हुए उसे ऊपर छत तक पहुंचाया. बंदरों का झुंड काफी देर तक घायल साथी के पास बैठा रहा, मानो उसकी देखभाल कर रहा हो और उसके होश में आने का इंतजार कर रहा हो. यह पूरा नजारा किसी फिल्मी सीन से कम नहीं था. मौके पर मौजूद लोगों ने इस भावुक पल को कैमरे में कैद कर लिया. नगर निगम की टीम के पहुंचने से पहले ही ‘वानर सेना’ अपना काम कर चुकी थी. इस घटना ने इंसानों को भी एक बड़ा संदेश दिया मदद के लिए हमेशा आगे आना चाहिए.
टेकरी सरकार में आस्था का सैलाब! मंगला आरती से शुरुआत, लाखों भक्तों की उमड़ने की उम्मीद
गुना के प्रसिद्ध टेकरी सरकार मंदिर में हनुमान जयंती के मौके पर भव्य आयोजन की शुरुआत मंगला आरती के साथ हो गई. सुबह करीब सवा 4 बजे मंदिर के पट खोले गए, वहीं रात 12 बजे शयन आरती के साथ पूरे आयोजन का समापन होगा. मंदिर पुजारी जेके महाराज के अनुसार रात 12:30 बजे से ही दर्शन शुरू हो गए थे और इस बार पिछले साल से ज्यादा श्रद्धालुओं के आने की संभावना है. सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं 350 पुलिसकर्मी और 400 वॉलंटियर्स तैनात हैं. प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं.
जीवाजी यूनिवर्सिटी में बड़ी गड़बड़ी! 3 दिन पहले खुला पेपर, 20 हजार छात्र प्रभावित
जीवाजी विश्वविद्यालय की परीक्षा में बड़ी लापरवाही सामने आई है. गुना जिले के आरोन शासकीय कॉलेज में B.Sc थर्ड ईयर फिजिक्स का पेपर समय से तीन दिन पहले ही खोल दिया गया. 4 अप्रैल को होने वाला पेपर 1 अप्रैल को छात्रों में बांट दिया गया, जिसे बाद में वापस ले लिया गया. मामले की जानकारी मिलते ही कॉलेज ने विश्वविद्यालय को सूचित किया. गड़बड़ी के बाद यूनिवर्सिटी ने तुरंत पेपर रद्द कर दिया. अब यह परीक्षा मई में आयोजित की जाएगी. इस पूरे मामले से करीब 20 हजार छात्रों को परेशानी उठानी पड़ी है.
ग्वालियर में बड़ा एक्शन! 51 अवैध कॉलोनी काटने वालों पर FIR, खाली प्लॉट पर प्रशासन करेगा कब्जा
ग्वालियर में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है. कलेक्टर रुचिका सिंह चौहान ने कलेक्टर न्यायालय में सुनवाई के बाद 51 अवैध कॉलोनी काटने वालों पर FIR दर्ज करने के आदेश दिए हैं. साथ ही इन अवैध कॉलोनियों में पड़े खाली प्लॉट्स पर प्रशासन कब्जा करेगा. इसके अलावा 152 अन्य मामलों की भी जल्द सुनवाई की जाएगी. प्रशासन के इस एक्शन से अवैध कॉलोनी कारोबारियों में हड़कंप मच गया है.
बंगाल फतह मिशन पर सीएम मोहन यादव! 5 सीटों पर प्रचार, नामांकन में होंगे शामिल
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज पश्चिम बंगाल दौरे पर रहेंगे, जहां वे बीजेपी प्रत्याशियों के समर्थन में चुनावी प्रचार करेंगे. सीएम सुबह 9 बजे भोपाल से रवाना होंगे और बांकुरा जिले की पांच विधानसभा सीटों सलतोरा, छरतना, बांकुरा, बरजोरा और ओंडा में उम्मीदवारों के नामांकन कार्यक्रम में शामिल होंगे. इस दौरान वे जनसभाओं को भी संबोधित करेंगे. दौरे के बाद सीएम दोपहर 3:30 बजे दुर्गापुर से भोपाल लौटेंगे. बता दें कि पश्चिम बंगाल में पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल और दूसरे चरण का 29 अप्रैल को होना है.
चलती ट्रेन में रहस्यमयी मौत! टॉयलेट के पास मिला यात्री का शव, पहचान अब तक नहीं
मैसूर-निजामुद्दीन स्पेशल ट्रेन में एक यात्री की संदिग्ध हालात में मौत हो गई. जानकारी के मुताबिक, ट्रेन के टॉयलेट के पास यात्री का शव मिला, जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया. घटना की सूचना मिलते ही ट्रेन स्टाफ ने तुरंत रेलवे कंट्रोल को अवगत कराया. ट्रेन के ग्वालियर स्टेशन पहुंचने पर जीआरपी ने शव को नीचे उतारा. फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है और मौत के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है.
.