MP LIVE:1100 ईमेल से बम की धमकी देने वाला गिरफ्तार; टैक्स भरने का आज लास्ट डे

MP News in Hindi: अगर आप मध्य प्रदेश की हर हलचल से अपडेट रहना चाहते हैं, तो एमपी की ताजा खबरें पढ़ने के लिए हमारे साथ बने रहें. यहां आपको भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर जैसे प्रमुख शहरों के समाचार और सभी जरूरी अपडेट देंगे. इसके अलावा राजनीति, अपराध, मौसम, प्रशासन, क्षेत्र के विकास से जुड़ी और काम की खबरें भी मिलेंगी. चलिए जानते हैं आज मध्य प्रदेश में क्या-क्या है खास. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की लेटेस्ट खबरें…

1100 ईमेल से बम धमकी देने वाला गिरफ्तार! मैसूर से पकड़ा गया आरोपी, एमपी के कई बड़े ठिकाने थे निशाने पर

ईमेल के जरिए बम ब्लास्ट की धमकियां देने वाले आरोपी को दिल्ली पुलिस ने कर्नाटक के मैसूर से गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी श्रीनिवास ने 1100 से ज्यादा धमकी भरे ईमेल हाई कोर्ट, स्कूल, कॉलेज और सरकारी विभागों को भेजे थे. मध्यप्रदेश में भोपाल कमिश्नरेट, एम्स, मंत्रालय, एयरपोर्ट, पीपल्स और जेके यूनिवर्सिटी समेत कई जगहों को निशाना बनाया गया था. कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने उसे पकड़ा. अब पूछताछ में कई अहम खुलासे होने की संभावना है.

आज आखिरी मौका! टैक्स नहीं भरा तो 17% जुर्माना और होगी कुर्की-सीलबंदी

नगर निगम में टैक्स जमा करने का आज अंतिम दिन है. समय पर भुगतान नहीं करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. बड़े बकायादारों के खिलाफ कुर्की और संपत्ति सील करने की कार्रवाई होगी, वहीं टैक्स न भरने पर 17% तक अधिभार भी लगाया जाएगा. निगम ने सभी संपत्तिकरदाताओं से तुरंत भुगतान करने की अपील की है. महावीर जयंती की छुट्टी के बावजूद आज सभी 10 जोन कार्यालय खुले रहेंगे और सामान्य दिनों की तरह काम होगा. नागरिक ‘मोर रायपुर’ ऐप और ऑनलाइन पोर्टल के जरिए घर बैठे भी टैक्स जमा कर सकते हैं.

मैहर से लौटते श्रद्धालुओं का दर्दनाक हादसा! 10 फीट खाई में गिरी ऑटो, मची चीख-पुकार

मैहर से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं के साथ बड़ा हादसा हो गया. ताला थाना क्षेत्र में एक ऑटो अचानक अनियंत्रित होकर करीब 10 फीट गहरी खाई में जा गिरी. हादसे के वक्त ऑटो में ड्राइवर समेत 7 लोग सवार थे. इस हादसे में 3 लोगों को मामूली चोटें आई हैं, जबकि चालक सहित 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना देर रात की बताई जा रही है, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई. घटना की सूचना मिलते ही मुकुंदपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को खाई से बाहर निकाला गया और 108 एम्बुलेंस के जरिए सभी को रीवा के संजय गांधी अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है.

मोहन यादव का वाराणसी दौरा: काशी विश्वनाथ से सहयोग सम्मेलन तक, विकास मॉडल पर खास नजर

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव आज वाराणसी दौरे पर रहेंगे. वे सुबह 8:40 बजे भोपाल से रवाना होकर 10:30 बजे काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचेंगे, जहां कॉरिडोर और क्राउड मैनेजमेंट सिस्टम का अवलोकन करेंगे. इसके बाद दोपहर 12:30 बजे एमपी-यूपी सहयोग सम्मेलन में शामिल होंगे और प्रदर्शनी देखेंगे, जिसमें ODOP, जीआई टैग और पर्यटन संभावनाएं दिखाई जाएंगी. साथ ही विक्रमोत्सव महानाट्य के आयोजन स्थल का निरीक्षण करेंगे. शाम 6:05 बजे वे वाराणसी से भोपाल लौटेंगे.

गर्मी की छुट्टियों में रेलवे का तोहफा! भोपाल से पुणे-मुंबई के लिए स्पेशल ट्रेनें, रोज मिलेगा सीधा कनेक्शन

गर्मी की छुट्टियों में बढ़ती यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है. भोपाल मंडल के रास्ते गोरखपुर से पुणे और मुंबई के बीच स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा. ये ट्रेनें 1 अप्रैल से 30 अप्रैल तक रोज चलेंगी, जिससे यात्रियों को काफी राहत मिलेगी. खास बात यह है कि भोपाल, रानी कमलापति और बीना के यात्रियों को इसका सीधा फायदा मिलेगा. इससे लंबी दूरी की यात्रा अब ज्यादा आसान और कंफर्टेबल हो जाएगी.

युवा विधायकों का मंथन आज भी जारी! लोकतंत्र को मजबूत बनाने पर होगा बड़ा चर्चा सत्र

युवा विधायक सम्मेलन का दूसरा दिन आज विधानसभा परिसर में आयोजित हो रहा है. आज के कार्यक्रम में दो अहम सेशन रखे गए हैं, जिनमें लोकतंत्र को मजबूत करने और युवाओं की भूमिका पर गहन चर्चा होगी. विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर भी इसमें शामिल होंगे. मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान के युवा विधायक एक मंच पर आकर भविष्य की संभावनाओं और राजनीति में युवाओं की भागीदारी पर विचार साझा करेंगे. यह सम्मेलन लोकतंत्र में नई सोच और ऊर्जा जोड़ने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है.

उज्जैन में ‘महाकाल: द मास्टर ऑफ टाइम’ का ग्लोबल मंथन! विज्ञान और सनातन ज्ञान का होगा अनोखा संगम

उज्जैन में 3 से 5 अप्रैल तक अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन “महाकाल: द मास्टर ऑफ टाइम” का आयोजन होने जा रहा है. 3 अप्रैल को उद्घाटन सत्र में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल होंगे, जबकि केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान मुख्य अतिथि रहेंगे. कार्यक्रम डोंगला और तारामंडल परिसर में आयोजित होगा. इसमें प्राचीन भारतीय ज्ञान परंपरा और आधुनिक अंतरिक्ष विज्ञान पर चर्चा होगी. देश-विदेश के वैज्ञानिक, खगोलविद और शोधार्थी इसमें भाग लेंगे. साथ ही UAV, RC और सैटेलाइट मेकिंग पर वर्कशॉप होंगी और युवाओं को नवाचार का मंच मिलेगा.

1 अप्रैल से ‘स्कूल चलें हम’ अभियान की शुरुआत! सीएम मोहन यादव करेंगे शुभारंभ, बच्चों को स्कूल से जोड़ने की बड़ी पहल

मध्यप्रदेश में 1 अप्रैल से “स्कूल चलें हम” अभियान की शुरुआत होने जा रही है. इसको लेकर स्कूल शिक्षा विभाग ने सभी जिलों के कलेक्टर और जिला शिक्षा अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं. अभियान का राज्य स्तरीय शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मौजूदगी में होगा. 4 अप्रैल तक चलने वाले इस अभियान के तहत अलग-अलग गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, जिनका मकसद ज्यादा से ज्यादा बच्चों को स्कूल से जोड़ना और शिक्षा के प्रति जागरूक करना है.

इंदौर में सनसनी! विवाद के बाद बाप-बेटे का खौफनाक कदम तेज रफ्तार कार से महिला इंजीनियर को कुचलने की कोशिश

इंदौर के लसूड़िया थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक पिता-पुत्र ने विवाद के बाद तेज रफ्तार कार से रहवासियों को कुचलने की कोशिश की, जिसमें एक महिला इंजीनियर भी निशाने पर आ गई. बताया जा रहा है कि घटना से पहले दोनों का कॉलोनी के लोगों से जमकर विवाद हुआ था, जो मारपीट तक पहुंच गया. इस झगड़े का वीडियो भी सामने आया है. विवाद के बाद गुस्से में आकर कार से हमला किया गया. पुलिस ने रिमांड खत्म होने के बाद दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है.

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *