MP Chhattisgarh Top News Live: अगर आप मध्य प्रदेश की हर हलचल से अपडेट रहना चाहते हैं, तो एमपी की ताजा खबरें पढ़ने के लिए हमारे साथ बने रहें. यहां आपको भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर जैसे प्रमुख शहरों के समाचार और सभी जरूरी अपडेट देंगे. इसके अलावा राजनीति, अपराध, मौसम, प्रशासन, क्षेत्र के विकास से जुड़ी और काम की खबरें भी मिलेंगी. चलिए जानते हैं आज मध्य प्रदेश में क्या-क्या है खास.
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की लेटेस्ट खबरें…
जबलपुर में कथा से गायब हुए ईश्वरानंद महाराज, राजस्थान की युवती ने लगाया रेप का आरोप
जबलपुर के सहजपुर में चल रही कथा के बीच उत्तम स्वामी महाराज गायब हुए. राजस्थान निवासी युवती ने उत्तम स्वामी महाराज पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है. दिल्ली पुलिस कमिश्नर को 12 फरवरी को भेजे ई-मेल में समझौता करने के लिए दबाव बनाने का भी आरोप है. पीड़िता ने परिवार और खुद की जान को खतरा होने की आशंका के चलते पुलिस सुरक्षा मांगी थी. ईश्वरानंद महाराज के करीबी विश्वजीत सिंह एक दिन पहले ही राजस्थान रवाना हुए थे. आज की कथा में भी स्वामी महाराज ने कथा का वाचन नहीं किया. कथास्थल पर बनाए गए आश्रम से आज शाम उत्तम स्वामी महाराज अचानक गायब हुए.
खरगोन के सरकारी हॉस्टल में 15 दिनों से पानी की समस्या, छात्रों ने किया चक्काजाम
खरगोन के तलकपुरा के शासकीय हॉस्टल के छात्रों ने पानी की समस्या को लेकर खंडवा बडौदा मार्ग पर चक्काजाम किया. छात्रवास में 15 दिनों से पानी की समस्या से परेशान स्टूडेंट्स सड़क पर बैठे. पीने के पानी और विभिन्न समस्याओं की लगातार शिकायत के बाद हल नहीं होने से नाराज बच्चों ने आज चक्काजाम कर दिया. चक्काजाम के चलते मौके पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई. सूचना मिलते ही सेगांव तहसीलदार अंतर सिंह कनेश, विकासखंड शिक्षा अधिकारी संदीप कापरनीस और ऊन टीआई दिनेश सोलंकी मौके पर पहुंचे. विकासखंड शिक्षा अधिकारी संदीप कापरनीस के पानी की समास्या दूर करने के लिखित आश्वासन के बाद करीब एक घंटे के बाद चक्काजाम समाप्त हुआ.
श्योपुर के मिडिल स्कूल में शुद्ध हिंदी न लिख पाने पर एसडीएम ने लगाई फटकार
श्योपुर के सरकारी मिडिल स्कूल में छात्रों की शुद्ध हिंदी लिखने की क्षमता पर गंभीर चिंता जताई गई. निरीक्षण के दौरान विजयपुर के एसडीएम अभिषेक मिश्रा ने पाया कि छात्र-छात्राएं शुद्ध हिंदी नहीं लिख पा रहे हैं. एसडीएम ने शिक्षक और हेड मास्टर को फटकार लगाई और कहा कि दिनभर मोबाइल चलाने में समय व्यतीत किया जा रहा है. शिक्षकों को हाथ डालकर खड़ा कर लताड़ा भी गया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. निरीक्षण गसवानी के मिडिल स्कूल में किया गया था.
सतना में बस-बाइक की टक्कर, दो गंभीर घायल
सतना में सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पास पन्ना-नागौद मार्ग पर बस और बाइक की जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. बाइक सवार सतना से नागौद की ओर जा रहे थे, तभी हादसा हुआ. नागौद से सतना लौट रही राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी ने मौके पर अपना वाहन रोककर घायलों की मदद की और सिविल लाइन थाने को सूचना दी. टीआई और पुलिस स्टाफ मौके पर पहुंचे तथा घायलों को थाने के वाहन से अस्पताल भिजवाया गया. मंत्री ने जिला चिकित्सालय प्रबंधन को घायलों के समुचित उपचार के निर्देश भी दिए.
मंडला के प्रेमपुर में मूर्ति स्थापना को लेकर आदिवासी-ओबीसी में विवाद
मंडला जिले के प्रेमपुर गांव में देव स्थान पर मूर्ति स्थापना को लेकर आदिवासी और ओबीसी समुदाय के बीच विवाद हो गया. आदिवासी समाज का कहना है कि वे इस स्थल पर पीढ़ियों से खेरमाई माता की पूजा करते आ रहे हैं. वहीं दूसरे पक्ष ने उसी स्थान पर मां दुर्गा की मूर्ति स्थापित कर दी, जो प्रशासनिक अमले की मौजूदगी में की गई. मूर्ति स्थापना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बन गई. हालात बिगड़ते देख जिला प्रशासन ने मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया और मंदिर को अपने कब्जे में लेकर सुरक्षा बढ़ा दी. प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है.
छतरपुर: बागेश्वर धाम में 300 कन्याओं का सामूहिक विवाह, सीएम मोहन यादव पहुंचे
छतरपुर के बागेश्वर धाम में आयोजित कन्या विवाह महोत्सव में मुख्यमंत्री मोहन यादव शामिल हुए. मुख्यमंत्री मंडप कार्यक्रम की हल्दी रस्म में हिस्सा लेंगे और साधु-संतों के साथ मंडप पूजन करेंगे. इस सामूहिक विवाह समारोह में 300 कन्याओं का विवाह महाराज पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के द्वारा संपन्न किया जा रहा है.
निवाड़ी: होमगार्ड और एसडीईआरएफ की तत्परता से बड़ा हादसा टला
निवाड़ी जिले में शुक्रवार सुबह एक सड़क हादसे में एक युवक अपनी कार में फंस गया. सूचना मिलते ही होमगार्ड और एसडीईआरएफ की 6 सदस्यीय टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन के जरिए युवक को सुरक्षित बाहर निकाला. टीम की बहादुरी और तेज़ कार्रवाई से बड़ी त्रासदी टल गई.
करेली प्लाई फैक्ट्री में ड्रायर विस्फोट, 4 मजदूर झुलसे
नरसिंहपुर जिले के करेली में एक प्लाई फैक्ट्री में बीती रात ड्रायर फटने से आग लग गई, जिसमें चार मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए. घायलों को निजी लक्ष्मीनारायण अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से एक की हालत नाजुक बताई जा रही है. परिजनों ने आरोप लगाया कि फैक्ट्री प्रबंधन ने लगभग 15 घंटे तक हादसे की जानकारी छिपाई. मीडिया के दखल और अस्पताल में हंगामे के बाद परिजन घायलों से मिल पाए. घटना के बाद एफआईआर दर्ज की गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है.
जबलपुर में श्रीमद्भागवत कथा के बीच उत्तम स्वामी पर गंभीर आरोप
जबलपुर के बरगी विधानसभा अंतर्गत सहज़पुर गांव में 9 से 15 फरवरी तक आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में प्रसिद्ध कथावाचक और पांच अग्नि अखाड़े के महामंडलेश्वर उत्तम स्वामी महाराज कथावाचन कर रहे हैं. इस बीच, राजस्थान की एक युवती ने दिल्ली कमिश्नर को शारीरिक शोषण और अन्य गंभीर आरोपों की शिकायत दर्ज कराई है. युवती ने ईमेल के जरिए बताया कि उस पर समझौते के लिए दबाव बनाया गया और पुलिस सुरक्षा की मांग की. कथास्थल पर शिष्यों के साथ मौजूद उत्तम स्वामी महाराज की तरफ से कहा गया कि वे अपने वकीलों के माध्यम से उचित स्थान पर पक्ष रखेंगे. कथास्थल और महाराज के आरोपों पर अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई है.
उज्जैन महाशिवरात्रि से पहले उज्जैन में हाई अलर्ट
महाशिवरात्रि पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. इसी के तहत शहर में बड़े पैमाने पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है. अभियान की शुरुआत देवास गेट थाना क्षेत्र से हुई, जहां बस स्टैंड और आसपास मौजूद लोगों की जांच की गई. पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों, बाहरी मजदूरों और यात्रियों के दस्तावेजों की पड़ताल की है. इस दौरान कुछ लोगों से मौके पर पूछताछ की गई, जबकि पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिलने पर कुछ व्यक्तियों को थाने ले जाकर सत्यापन किया गया. महिला पुलिसकर्मियों ने महिलाओं की अलग से तलाशी लेते हुए उनके बैग भी जांचे. इसके बाद पुलिस टीम रेलवे स्टेशन पहुंची, जहां बीडीएस, डॉग स्क्वॉड, आरपीएफ, साइबर सेल और सूचना इकाई के साथ संयुक्त सर्चिंग की गई. प्लेटफॉर्म से लेकर स्टेशन परिसर के हर हिस्से में चेकिंग की गई और यात्रियों के सामान की बारीकी से जांच हुई.
भोपाल में गांधी मेडिकल छात्रा रोशनी के मामले में थाने का घेराव
भोपाल में गांधी मेडिकल कॉलेज की छात्रा रोशनी के आत्महत्या मामले को लेकर कोहेफिजा थाना का घेराव किया गया. करीब 150 आदिवासी परिजन और अन्य लोग थाने के बाहर इकट्ठा हुए और जांच में लापरवाही के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. इस दौरान सब इंस्पेक्टर उपेंद्र सिंह पर अभद्र व्यवहार के आरोप भी लगाए गए. मौके पर एसीपी भी पहुंचे और मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की गई.
बुरहानपुर में ‘विकास का महाकुंभ’! 14 फरवरी को सीएम मोहन यादव का बड़ा शो
बुरहानपुर में 14 फरवरी को मुख्यमंत्री मोहन यादव का दमदार आगमन होने जा रहा है. मुख्यमंत्री बनने के बाद वह पहली बार शहर में जनसभा को संबोधित करेंगे. इस दौरान करीब 700 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का भूमि पूजन और लोकार्पण किया जाएगा. नेहरू स्टेडियम में 60 हजार स्क्वायर फीट का भव्य डोम तैयार किया गया है, जहां पहले रोड शो और फिर विशाल जनसभा आयोजित होगी. विधायक अर्चना चिटनीस ने कार्यक्रम की जानकारी दी है. प्रशासन, पुलिस और बीजेपी कार्यकर्ता कार्यक्रम को लेकर पूरी तरह अलर्ट हैं, वहीं कई नई सौगातों की घोषणाओं के भी संकेत मिले हैं.
आवासीय परमिशन पर बन रहा था हॉस्टल, इंदौर में निगम का बुलडोजर चला
मध्यप्रदेश के इंदौर में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई की. निपानिया स्थित साईं कृपा कॉलोनी में आवासीय अनुमति लेकर कमर्शियल हॉस्टल का निर्माण किया जा रहा था. रहवासियों की शिकायत के बाद निगम की टीम मौके पर पहुंची और निर्माणाधीन बहुमंजिला इमारत पर जेसीबी और पोकलेन मशीन से कार्रवाई की. निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नियमों के विपरीत किसी भी निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल भी तैनात रहा और इलाके में कुछ समय के लिए हलचल का माहौल बना रहा.
जनगणना 2027 की तैयारी तेज! कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर पहुंचे CM डॉ. मोहन यादव, कलेक्टरों को करेंगे संबोधित
भोपाल स्थित कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर में आयोजित राज्य स्तरीय प्रशिक्षण सम्मेलन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पहुंचे। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलित कर की गई। यह सम्मेलन जनगणना 2027 की तैयारियों पर केंद्रित है। प्रदेश भर के सभी कलेक्टर इसमें शामिल हुए हैं। सम्मेलन का उद्देश्य जनगणना प्रक्रिया को प्रभावी और सुव्यवस्थित बनाना है। मुख्यमंत्री सभी कलेक्टरों को संबोधित कर आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे और प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा करेंगे।
16 साल की दुल्हन का बाल विवाह रोका, पंडित-हलवाई सहित 7 पर केस
मध्यप्रदेश के उनाव क्षेत्र के खटोला गांव में जिला प्रशासन ने बाल विवाह पर बड़ी कार्रवाई की. देर से सूचना मिलने के कारण नाबालिग की शादी की सभी रस्में पूरी हो चुकी थीं और विदाई भी हो गई थी. बारात गांव से निकलने के बाद प्रशासन ने उसे रास्ते में रोक लिया. दुल्हन की अंकसूची की जांच में उम्र 16 वर्ष 6 माह पाई गई. इसके बाद दुल्हन को वन स्टॉप सेंटर भेजा गया. वर-वधु के परिजनों के साथ हलवाई, शादी कराने वाले पंडित और टेंट लगाने वाले के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया.
बाबा बागेश्वर ने कन्या विवाह की तैयारियों का लिया जायजा
बुंदेलखंड के प्रसिद्ध आस्था केंद्र बागेश्वर धाम में आयोजित होने जा रहे सामूहिक कन्या विवाह महोत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में हैं. 13 और 14 फरवरी को हल्दी एवं मेहंदी की रस्में संपन्न होंगी, जबकि 15 फरवरी को 300 बेटियों की बारात धाम पहुंचेगी. पिछले 1 महीने से दिन-रात चल रही तैयारियों के बीच 12-13 फरवरी की आधी रात को अचानक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की हकीकत परखी गई, रात 3:30 बजे अन्नपूर्णा मंडप में महाराज पहुँचे. मध्य रात्रि के दरमियान बागेश्वर महाराज मोटरसाइकिल से अचानक अन्नपूर्णा मंडप पहुंचे. उस समय सैकड़ों महिला-पुरुष कार्यकर्ता और सेवादार आगामी मंडप के दिवस पर आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए प्रसादी और भंडारे की तैयारी में जुटे थे महाराज के अचानक पहुंचने से वहां मौजूद सेवादार, कार्यकर्ता आश्चर्यचकित रह गए. इस दौरान महाराज श्री ने स्वयं भट्टी पर बैठकर पूड़ियाँ तलीं, और भंडार गृह, प्रसाद वितरण, प्रसाद पाने आदि व्यवस्था को पैदल घूमकर देखा. तदोपरांत अन्नपूर्णा मंडप के बाद महाराज सीधे उस मुख्य विवाह मंडप में पहुँचे, जहाँ 300 कन्याओं का पाणिग्रहण संस्कार होना है। मंडप की साज-सज्जा, बैठने की व्यवस्था, आवागमन मार्ग और सुरक्षा इंतजाम का , सज सज्जा सहित आदि जगहों का बारीकी से अवलोकन किया गया. वहीं बगल में लगे 57 मायने वाले बेटियों के उपहार सामग्री कक्ष प्रांगण में जाकर विवाह हेतु तैयार किए गए सामान की जानकारी ली और वीडियो के माध्यम से व्यवस्थाओं को साझा किया. बागेश्वर महाराज हर वर्ष रात्रि निरीक्षण करते हैं. धाम में हर वर्ष आयोजित होने वाले सामूहिक कन्या विवाह से पूर्व एक-दो दिन पहले बागेश्वर महाराज स्वयं रात्रि निरीक्षण करते हैं. उद्देश्य यह रहता है कि आने वाले श्रद्धालुओं और बारातियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो चाहे वह प्रसाद, आवास, पेयजल या आवागमन से जुड़ी हो. निरीक्षण के दौरान समिति को आवश्यक निर्देश भी दिए गए, ताकि कार्यक्रम सुचारु और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। समिति द्वारा महाराज के निर्देशों के अनुरूप व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है,300 निर्धन और जरूरतमंद बेटियों के विवाह को लेकर पूरे धाम में सेवा और समर्पण का वातावरण है. हल्दी, मेहंदी और विवाह समारोह के साथ यह आयोजन आस्था, सामाजिक समरसता और सेवा भावना का अद्भुत उदाहरण बन रहा है.
भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में आज सुबह 11 बजे जनगणना को लेकर राज्यस्तरीय प्रशिक्षण कांफ्रेंस का आयोजन होगा. इसमें 55 कलेक्टर, 16 निगमायुक्त और 12 संभागायुक्त शामिल होंगे. इस सम्मेलन का उद्देश्य जनगणना की तैयारियों को लेकर अधिकारियों को प्रशिक्षित करना है. जनगणना का पहला चरण एक मई से शुरू होगा, जिसमें मकानों की गणना की जाएगी. कार्यक्रम में रजिस्ट्रार जनरल ऑफ इंडिया की मौजूदगी रहेगी. जनगणना 2027 के लिए नीति, प्रक्रिया, सवाल, डिजिटल टूल्स और फंड वितरण के बारे में विस्तार से बताया जाएगा.
मुख्यमंत्री मोहन यादव दमोह में किसानों के सम्मेलन में शामिल होंगे और ग्राम देवरी हरदुआ पहुंचेंगे. वे नोहलेश्वर महोत्सव के किसान सम्मेलन में भी शामिल होकर किसानों से संवाद करेंगे. इसके बाद, मुख्यमंत्री देवरी हरदुआ से छतरपुर जिले के बागेश्वर धाम गड़ा पहुंचेंगे और स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेंगे. मुख्यमंत्री शाम 5 बजे बागेश्वर धाम से हेलीकॉप्टर द्वारा रवाना होकर 5:15 बजे खजुराहो एयरपोर्ट पहुंचेंगे. इसके बाद वे 5:20 बजे खजुराहो से विमान द्वारा भोपाल के लिए रवाना होंगे.
.