साली के ससुराल से 7 माह बाद जीजा को आया मैसेज, पढ़ते ही रीवा में मातम

Last Updated:

रीवा जिले के गुढ़वा गांव में नवविवाहिता नेहा पटेल की संदिग्ध मौत से दो गांवों में मातम है. जीजा विश्वनाथ को सुबह आठ बजे नेहा के पति रंजीत के मोबाइल से मैसेज आया कि “नेहा मर गई, मैंने मार डाला है”. परिवार ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस ने मोबाइल जब्त किया है और पति की तलाश जारी है.

रीवा से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है.

रीवा/ सीधी.  जिले के दो गांवों में उस वक्त मातम छा गया जब जीजा विश्वनाथ पटेल के मोबाइल पर सुबह आठ बजे एक ऐसा मैसेज आया जिसने पूरे परिवार को हिला दिया. यह मैसेज उनकी साली मृतका नेहा पटेल के पति रंजीत पटेल के मोबाइल नंबर से आया था जिसमें लिखा था, “नेहा मर गई, मैंने मार डाला है, जो करना है कर लो.” मैसेज पढ़ते ही विश्वनाथ पटेल सन्न रह गए और तुरंत इसकी सूचना नेहा की मां और भाई को दी. इसके बाद परिजन फौरन नेहा के घर पहुंचे.

जीजा के फोन पर आए मैसेज के बाद यह खबर गांव और रिश्तेदारों तक पहुंच गई. नेहा के मायके और ससुराल दोनों गांवों में कोहराम मच गया. परिजन तुरंत रीवा जिले के गुढ़वा गांव पहुंचे तो देखा कि घर के भीतर नेहा का शव पड़ा हुआ था जबकि उसका पति रंजीत घर से फरार था. पुलिस को घटनास्थल से रंजीत का मोबाइल फोन भी मिला है. पूरे मामले की जांच पुलिस कर रही है. नेहा के भाई और मां ने दहेज हत्‍या का आरोप लगाया है. उन्‍होंने बताया कि रंजीत दहेज की मांग कर रहा था. कुछ समय तक नेहा अपनी मां के साथ रही और कुछ दिन पहले जीजा ने दोनों पक्षों में समझौता करा दिया था. नेहा अपने ससुराल दोबारा पहुंची थी तो फिर से उससे मारपीट हो रही थी.
सात माह पहले हुई थी शादी, दहेज के कारण होती थी मारपीट 
घटना रीवा जिले के गुढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम गुढ़वा की है. मृतका का मायका सीधी जिले के रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र के ग्राम पंडखुड़ी में है. परिवार ने बताया कि नेहा पटेल की शादी 5 मई को रंजीत पटेल से हुई थी. विवाह के बाद कुछ समय तक सब ठीक रहा, लेकिन धीरे-धीरे नेहा के लिए हालात बिगड़ने लगे. परिजनों का आरोप है कि शादी के कुछ महीने बाद ही रंजीत और उसके परिवार वाले दहेज की मांग करने लगे. मांग पूरी न होने पर नेहा से मारपीट की जाती थी. कई बार नेहा ने फोन पर रोते हुए अपनी मां और भाई को बताया भी था कि उस पर दबाव बढ़ता जा रहा है.

घटना से पहले और बाद की पूरी कहानी 

  1. 28 नवंबर की सुबह करीब आठ बजे विश्वनाथ को रंजीत के नंबर से मैसेज आया.
  2. मैसेज में नेहा को मार डालने की बात लिखी थी.
  3. परिवार तत्काल ससुराल पहुंचा लेकिन कोई जानकारी देने को तैयार नहीं था.
  4. घर में नेहा का शव मिला और रंजीत गायब था.
  5. परिजनों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर हत्या का आरोप लगाया.

परिजनों की शिकायत और पुलिस की कार्रवाई 

  • परिवार ने गुढ़ थाना और SP कार्यालय में शिकायत दर्ज करवाई.
  • पति रंजीत और उसके परिजनों पर हत्या का आरोप लगाया गया.
  • पुलिस ने घटनास्थल से मोबाइल फोन जब्त किया.
  • रंजीत की तलाश में पुलिस टीमें लगाई गई हैं.
  • शुरुआती जांच दहेज प्रताड़ना और संदिग्ध हत्या की दिशा में आगे बढ़ रही है.

दो गांवों में मातम, परिजन का दर्द
घटना सामने आने के बाद पंडखुड़ी और गुढ़वा दोनों गांवों में शोक का माहौल है. परिजन रो-रोकर बेहाल हैं. नेहा की मां का कहना है कि रंजीत और उसके परिवार वालों ने लगातार दबाव बनाते हुए दहेज मांगा और इसी कारण उनकी बेटी की जान चली गई. भाई ने बताया कि मैसेज पढ़ते ही उन्हें समझ आ गया था कि नेहा के साथ कुछ बड़ा अनर्थ हो चुका है. परिजनों का आरोप है कि जब वे ससुराल पहुंचे तो किसी ने भी जानकारी देने से साफ इनकार कर दिया. उन्हें यह भी शक है कि नेहा की मौत के पीछे किसी प्लानिंग का हाथ है. उनका कहना है कि पुलिस हत्या का मामला दर्ज करे और सभी आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करे.

कानूनी नजरिए से मामला क्यों गंभीर है 
भारत में दहेज प्रताड़ना और विवाह के बाद पत्नी की संदिग्ध मौत को कानून बेहद गंभीर अपराध मानता है. ऐसे मामलों में:

  1. IPC की धारा 498A दहेज प्रताड़ना में लागू होती है.
  2. यदि मृतका शादी के सात वर्ष के अंदर हो, तो धारा 304B (दहेज मृत्यु) लग सकती है.
  3. आत्महत्या का संदेह हो तो धारा 306 भी लगती है.
  4. पति या ससुराल की धमकी या हिंसा के संकेत मिलने पर गिरफ्तारी की प्रक्रिया तेज हो जाती है.

About the Author

Sumit verma

सुमित वर्मा, News18 में 4 सालों से एसोसिएट एडीटर पद पर कार्यरत हैं. बीते 3 दशकों से सक्रिय पत्रकारिता में अपनी अलग पहचान रखते हैं. देश के नामचीन मीडिया संस्‍थानों में सजग जिम्‍मेदार पदों पर काम करने का अनुभव. प…और पढ़ें

homemadhya-pradesh

साली के ससुराल से 7 माह बाद जीजा को आया मैसेज, पढ़ते ही रीवा में मातम

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *