भास्कर संवाददाता | बड़वानी पिछले दिनों हवा-आंधी से बार-बार बिजली के फाल्ट होने से शहर की पेयजल व्यवस्था चरमरा गई थी। एक सप्ताह से शहर में पेयजल आपूर्ति में टैंकरों का उपयोग हो रहा था। फिल्टर प्लांट की खराब हुई मोटर पंप को दुरुस्त कर लगाया गया है। इसके बाद शहर में पानी की सप्लाई शुरू हो गई है। नलों से पानी का सप्लाय होने के कारण कुछ हद तक राहत मिली है। टैंकरों पर पानी सप्लाई का लोड भी कम हुआ। सहायक यंत्री मुन्ना चौहान ने बताया फिल्टर प्लांट एकमात्र विद्युत मोटर के भरोसे था। जिससे असमय जलप्रदाय हो रहा था। अब दो मोटर दुरुस्त कर लगाई गई है। वहीं पुराने इंटेकवेल पर भी दो मोटर पंप लगाकर शुरू कर दिए है। जिससे व्यवस्था सुचारु हो चुकी है। इंटकवेल का स्टार्टर गुजरात से अभी नहीं आया हैं। ऐसे में टेंपरेरी स्टार्टर फिट किया है। जिससे अगले दो-तीन दिन में शहर में जल आपूर्ति पूरी तरह सामान्य हो जाएगी। वर्तमान में कई स्थानों पर तीन से चार दिन में सप्लाय हो रहा था। जो दो से तीन दिन में पूर्व की तरह एक दिन छोड़ कर पानी का सप्लाई शुरू कर दिया जाएगा। व्यवस्था सुधार में नपा का जल वितरण विभाग का अमला लगातार सुधार काम में जुटा हुआ है। .