Oral Cancer Breast Cancer in Delhi: दुनिया भर में हर साल लगभग 2 करोड़ लोगों को कैंसर का सामना करना पड़ता है. इनमें से 15 लाख लोग भारत के भी शामिल हैं. भारत में कैंसर तेजी से बढ़ती हुई बीमारी हैं जिनकी वजह से हजारों लोगों को समय से पहले मौत के मुंह में जाना पड़ता है. अब एक नई रिपोर्ट से राजधानी दिल्ली की भयावह तस्वीर सामने आई है. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वार संसद में दिए बयान के मुताबिक दिल्ली में ओरल कैंसर के मामले में साल दर साल बढोतरी देखी जा रही है. हर साल दिल्ली में ओरल कैंसर के मामलों में 5.1 प्रतिशत की वृद्धि हो जाती है. वहीं लंग्स कैंसर के मामलों में भी 4.9 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है. पुरुषों में सबसे अधिक ओरल कैंसर होता है. वहीं महिलाओं में ब्रेस्ट कैंसर के सबसे ज्यादा मामले सामने आते हैं.
महिलाओं में लंग्स कैंसर के मामले भी बढ़े
रिपोर्ट के मुताबिक हैरान करने वाली बात यह है कि महिलाओं में लंग्स कैंसर के मामले भी तेजी से बढ़ते जा रहे हैं. 2023 में महिलाओं में लंग्स कैंसर के 604 मरीजों की पहचान हुई तो 2024 में 644 जबकि 2025 में बढ़कर यह 686 तक पहुंच गया. वहीं पुरुषों में ओरल कैंसर के मामले हर साल बढ़ते जा रहे हैं. 2023 में 2429 लंग्स कैंसर के मरीज पुरुष थे. वहीं 2024 में 2569 तो 2025 में 2717 ओरल कैंसर के मरीज पुरुष ही थे. इन सबसे अलग महिलाओं में आज भी ब्रेस्ट कैंसर के मामले सबसे ज्यादा आ रहे हैं. ऑवरऑल ब्रेस्ट कैंसर के मामले सबसे टॉप कैंसर में बना रहा. आंकड़ों के हिसाब से राष्ट्रीय राजधानी में ब्रेस्ट कैंसर सबसे अधिक पाया जाने वाला कैंसर बना रहा. 2023 में इसके 3,198 मामले, 2024 में 3,260 मामले और 2025 में 3,321 मामले दर्ज किए गए. ओरल कैंसर कुल मिलाकर दूसरा सबसे आम कैंसर प्रकार बनकर उभरा, जिसमें पुरुषों और महिलाओं दोनों को मिलाकर 2025 में मामलों की संख्या 3,208 तक पहुंच गई.
सर्वाइकल कैंसर में कमी
इस रिपोर्ट में एक बात संतोषजनक रही कि सर्वाइकल कैंसर के मामलों में गिरावट देखी गई. पिछले कुछ सालों से समाज में सर्वाइकल कैंसर को लेकर जागरुकता आई है जिसमें महिलाएं समय पर इसकी जांच कराती है. इसका रिजल्ट भी सामने आया है. रिपोर्ट के मुताबिक 2023 महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर के 741 मामले आए थे जो 2024 में घटकर 716 रह गए और 2025 में और कम होकर 692 हो गए. इससे दोनों वर्षों में साल-दर-साल लगभग 3.4 प्रतिसथ की गिरावट दर्ज की गई. पुरुषों में ओरल कैंसर में सबसे तेज़ बढ़ोतरी देखी गई, इसके बाद लंग्स के कैंसर का स्थान रहा, जिसके मामले 2023 में 1,668 से बढ़कर 2025 में 1,814 हो गए. प्रोस्टेट कैंसर में भी लगातार बढ़ता रुझान देखा गया, जहां दर्ज मामलों की संख्या 2023 में 1,168 से बढ़कर 2025 में 1,301 तक पहुंच गई.
कैंसर से कैसे बचें
सर गंगाराम अस्पताल, नई दिल्ली में कैंसर डिपार्टमेंट के चेयरमैन डॉ. श्याम अग्रवाल से जब हमने पूछा कि कैंसर से बचने का बेस्ट तरीका क्या है तो उन्होंने कहा कि कैंसर के कई मामलों में सर्तकता से बचा जा सकता है. कैंसर को होने से रोक पाने में शायद हम उतना सफल नहीं हो पाएंगे लेकिन जब यह शरीर में पनप जाए तो शुरुआती जांच और सुझ-बूझ से इसका सौ फीसदी इलाज किया जा सकता है और इससे कैंसर फ्री भी हुआ जा सकता है. इससे बचने के लिए सबसे पहले तो खान-पान का तरीका सही कीजिए. जितना कुदरती चीजें खाएंगे और जितनी बाहरी और आर्टिफिशियल चीजों से बचेंगे उतना ही कैंसर से भी बचेंगा. मसलन बाहर की प्रोसेस की गई चीजें जैसे कि शराब, सिगरेट, पैकेटबंद चीजें, फ्राइड चीजें, पेय पदार्थ, पिज्जा, बर्गर, चीज,बटर जैसी वे सारी चीजें जो प्रोसेस कर बनाई गई उनसे परहेज करें. इनकी जगह साबुत अनाज से बना भोजन, फल-फूल, बीज, ड्राई फ्रूट्स आदि का सेवन करें. पर्याप्त नींद लें. तनाव को घटाएं और पर्याप्त पानी पिएं. रोज टहलें, व्यायाम करें और खुश रहें. यही कैंसर से बचने का तरीका है.