मोरवा घाट पर 11 हजार दीये जलाए गए।
सिंगरौली में देव दिवाली का त्योहार मनाया गया। मोरवा वार्ड क्रमांक 9 के छठ घाट पर बुधवार शाम 11 हजार दीप प्रज्ज्वलित कर दीपोत्सव हुआ। यह परंपरा तीन साल पहले वार्ड पार्षद शेखर सिंह की ओर से शुरू की गई थी, जो अब एक बड़े आयोजन का रूप ले चुकी है।
.
9 स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने परिजनों संग दीये जलाए
इस दीपोत्सव में वार्ड के 9 स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने अपने परिजनों के साथ मिलकर घाट को दीपों से सजाया। पूरे घाट परिसर में दिवाली जैसा माहौल बन गया।
आयोजन के दौरान गंगा आरती की थीम पर बनारस और दिल्ली से आए कलाकारों ने प्रस्तुतियां दीं। इसके साथ ही, मोरवा विस्थापन की झलक दर्शाती एक रंगोली भी बनाई गई, जिसने सामाजिक संदेश दिया।
दीपों से जगमगाता मोरवा घाट इस आयोजन के माध्यम से श्रद्धा, संस्कृति और एकता का प्रतीक बना।
सफाई मित्रों को साल और श्रीफल भेंटकर किया गया सम्मानित
इस अवसर पर छठ घाट की सफाई में योगदान देने वाले सफाई मित्रों को साल और श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। वार्ड पार्षद शेखर सिंह ने बताया कि यह आयोजन अब मोरवा की पहचान बन गया है और आने वाले वर्षों में इसे और भव्य रूप दिया जाएगा।